सत्य से साक्षात्कार-9।
प्रदीप सिंह।20 दिसंबर 1978 को भारतीय संसद के इतिहास की ऐसी अभूतपूर्व घटना हुई, जो न उससे पहले कभी हुई और न उसके बाद। भविष्य में होगी कि नहीं, कौन जानता है।
उस समय जनता पार्टी की सरकार थी। इंदिरा गांधी 1977 में रायबरेली से चुनाव हार चुकी थीं। उसके बाद वह कर्नाटक के चिकमंगलूर से उपचुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचीं। उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का मामला उठा। विशेषाधिकार हनन का निर्धारण करने के लिए एक कमेटी बनाई गई। उस कमेटी के अध्यक्ष थे समर गुहा। लेकिन पहले उसकी पृष्ठभूमि समझ लीजिए। जनता पार्टी की सरकार में इंदिरा गांधी दो बार जेल गईं। पहले 1977 में उनको राजनीतिक भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया, लेकिन अगले ही दिन मजिस्ट्रेट ने उनको रिहा कर दिया कि पर्याप्त सबूत नहीं हैं। ये तो राजनीतिक मामला था। लेकिन संसद में जो हुआ,वैसा किसी भी जनतांत्रिक देश में पहले कभी नहीं हुआ कि पूर्व प्रधानमंत्री को संसद ने जेल भेजा हो। मुद्दा था कि इंदिरा गांधी की सरकार में कम्युनिस्ट नेता ज्योतिर्मय बसु ने लोकसभा में एक सवाल पूछा था। उस सवाल का उत्तर जुटाने के लिए चार अधिकारी काम कर रहे थे। उनको रोका गया। उनके काम में बाधा पहुंचाई गई और इसके लिए जिम्मेदार उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को माना गया। उनके अलावा आईबी डायरेक्टर डी सेन और इंदिरा गांधी के सहायक आरके धवन पर भी आरोप तय किए गए। इंदिरा गांधी को सदन की अवमानना और विशेषाधिकार हनन का दोषी पाया गया और कमेटी ने तय किया कि इंदिरा गांधी की न केवल लोकसभा की सदस्यता खत्म कर दी जाए बल्कि उनको जेल भी भेज दिया जाए। तो इंदिरा गांधी के साथ डी सेन और आरके धवन भी जेल भेजे गए। इनको लोकसभा ने जेल भेजा। ऐसा पहली बार हुआ। समन तो बहुत बार होता है। पूछताछ होती है। चेतावनी भी दी जाती है। लेकिन किसी पूर्व प्रधानमंत्री को जेल भेज दिया गया हो, ये अपने आप में अभूतपूर्व था। जिस मामले पर सवाल पूछा गया था, वह मारुति कंपनी का था, जो संजय गांधी की कंपनी थी। तो संजय गांधी की कंपनी के बारे में अगर आप जानकारी इकट्ठा करेंगे और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी होंगी तो यह कैसे संभव हो सकता है? उनको अंदाजा नहीं रहा होगा कि समय बदलेगा और 1977 में वह सत्ता से बाहर हो जाएंगी। जनता पार्टी की सरकार बन जाएगी। इस प्रस्ताव पर लगभग 15 घंटे लोकसभा में बहस हुई। उसके बाद मतदान हुआ। इंदिरा गांधी अवमानना और विशेषाधिकार हनन की दोषी हैं, इसके पक्ष में 279 मत पड़े और 138 लोगों ने इस प्रस्ताव के खिलाफ वोट दिया। 37 सदस्यों ने मतदान में भाग नहीं लिया। यह अलग बात है कि सदस्यता जाने के बाद इंदिरा गांधी ने आंध्र प्रदेश के मेंढक लोकसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ा और फिर से लोकसभा में पहुंचीं। तो संसद में सदस्य जो सवाल पूछते हैं, उसके महत्व को समझिए। सर्वोच्च पद पर बैठा हुआ व्यक्ति भी अगर इसमें बाधा डाले तो क्या हो सकता है? इंदिरा गांधी और कांग्रेस पार्टी को शायद लगा होगा कि उनको चेतावनी देकर मामला खत्म कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लोकसभा ने उनकी सदस्यता रद्द कर उनको जेल भेजा। यह घटना भारतीय जनतंत्र की ताकत को भी दिखाती है कि सर्वोच्च पद पर रह चुका व्यक्ति भी यह नहीं सोच सकता कि उसके खिलाफ कुछ नहीं हो सकता। (06.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)








