भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में लगातार सातवीं बार जीत हासिल की है। इसके साथ ही भाजपा ने राज्य विधानसभा चुनाव में अब तक सर्वाधिक सीटें जीतने का भी रिकॉर्ड बनाया है। इस चुनाव में राज्य में पहली बार आम आदमी पार्टी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। वहीं कांग्रेस का सबसे अधिक नुकसान हुआ है। एक सीट पर समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार भी जीता है। इस बार भाजपा को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में भी अच्छी सफलता मिली और जिन छह सीटों को वह आज तक नहीं जीत पाई थी, उस पर भी वह विजय पताका फहराने में सफल रही।हिमाचल प्रदेश की बात करें तो वर्ष 1990 से चले आ रहे सत्ता परिवर्तन के रिवाज को कायम रखते हुए मतदाताओं ने भाजपा के हाथ से सत्ता की चाबी खींचकर कांग्रेस को सौंप दी है। भाजपा की हार को सत्ता विरोधी लहर माना जा रहा है। मोदी मैजिक और डबल इंजन सरकार के काम के बावजूद भाजपा मिशन रिपीट नहीं कर पाई। विधानसभा चुनाव में हार के बाद जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंपा।

कांग्रेस में मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए मचेगा घमासान

बहुमत हासिल करने के बाद अब कांग्रेस सरकार गठन की तैयारी मे जुटेगी। संभावना है कि अगले तीन-चार दिनों में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुला सकती है। कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए नेताओं में घमासान मच सकता है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को चंडीगढ़ बुलाया है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और अगला मुख्यमंत्री कौन होगा यह विधायक दल की बैठक में तय होगा। नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।

सुशासन और लोक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की जीत : नड्डा

गुजरात की जीत पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि गुजरात चुनावों में बीजेपी की ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास, सुशासन और लोक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की जीत है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में मिली इस भव्य जीत पर अमित शाह, बीजेपी के कार्यकर्ताओं, सीएम भूपेंद्र पटेल को बधाई। वहीं, गुजरात के मुख्‍यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव का जनादेश अब स्पष्ट हो चुका है, यहां की जनता ने मन बना लिया है कि दो दशक से चली आ रही गुजरात की इस विकास यात्रा को अविरत चालू रखना है। यहां के लोगों ने एक बार फिर भाजपा पर अटूट भरोसा दिखाया है।

पीएम मोदी ने जीत की बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की जीत पर वहां के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि, धन्यवाद गुजरात। अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत अधिक भावनाओं से अभिभूत हूं। लोगों ने विकास की राजनीति का आशीर्वाद दिया और साथ ही इच्छा व्यक्त की कि वे चाहते हैं कि यह गति और तेज गति से चलती रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं। उन्होंने लिखा कि सभी मेहनती कार्यकर्ता को मैं कहना चाहता हूं – आप में से प्रत्येक एक चैंपियन है! यह ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं की असाधारण मेहनत के बिना संभव नहीं होगी, जो हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।

जयराम ठाकुर ने दिया इस्तीफा, बोले- हम हार का समीक्षा करेंगे

हिमाचल प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर राज्य में भाजपा की हार के बाद राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि हर पर मैं अभी कोई टिपण्णी नहीं करना चाहता हूं। हम आंकलन करेंगे की कहां कमी रह गई। कई बार ऐसा होता है कि एक-दो मुद्दों के कारण चुनाव की धारा प्रभावित हो जाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी खासियत है कि जनमत का सम्मान होना चाहिए। हमने जनमत का सम्मान किया है। मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। मैं लोगों के विकास के लिए काम करना कभी बंद नहीं करूंगा। हमें चीजों का विश्लेषण करने की जरूरत है। कुछ मुद्दे ऐसे थे जिन्होंने नतीजों की दिशा बदल दी। अगर पार्टी नेतृत्व बुलाएगा तो मैं दिल्ली जाऊंगा।

 

खड़गे ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को दिया श्रेय

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हिमाचल प्रदेश हम जीते हैं उसके लिए हम मतदाताओं को धन्यवाद करता हूं। हमारे प्रेक्षक हिमाचल जा रहे हैं और वह तय करेंगे कि राज्यपाल से कब मिलना है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देते हैं क्योंकि उनकी वजह से हम जीते हैं। गुजरात की हार पर कांग्रेस अध्यक्ष बोले कि लोकतंत्र में जीत और हार होती है। यह हमारी वैचारिक लड़ाई है। हम कमियों को सुधारेंगे और लड़ना जारी रखेंगे।

वहीं, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी हिमाचल प्रदेश चुनाव परिणामों पर प्रसन्नता जाहिर की है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह मेरे लिए बहुत ही भावुक क्षण है क्योंकि मैं लोगों से उस तरह का समर्थन देख सकती हूं, जैसा दिवंगत वीरभद्र सिंह को मिला था। चंडीगढ़ विधायकों के लिए आसानी से मिलने की जगह है और हम अवैध शिकार के बारे में चिंतित नहीं हैं।

अरविंद केजरीवाल बोले- इस बार किला भेदा, अगली बार जीतेंगे

अरविंद केजरीवाल ने कहा, गुजरात के लोगों ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया है। जितने वोट गुजरात में आप को मिले है, उसके मुताबिक कानून आप राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। महज़ दस साल पहले छोटी सी आम आदमी पार्टी बनी थी। मैं गुजरात के लोगों का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करता रहूंगा। आपके प्यार का ताउम आभारी रहूंगा। गुजरात को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। हम गुजरात के किले को भेदने में कामयाब हुए हैं। केजरीवाल ने कहा कि इस बार किला भेदने में सफल हुए, अगली बार किला जीतने में सफल होंगे।  (एएमएपी)