जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला ने पद छोड़ने का फैसला कर लिया है। इस बात की पुष्टि एनसी के प्रवक्ता तनवीर सादिक ने की है। अब पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव अगले महीने होंगे। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को पार्टी की कमान मिल सकती है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सादिक ने जानकारी दी है कि इसके संबंध में जल्दी नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया गया जल्दी ही चुनाव के लिए नामांकन भी आमंत्रित किए जाएंगे। फिलहाल, पार्टी में चुनाव होने तक फारूक अध्यक्ष बने रहेंगे। उन्होंने नम आंखों के साथ पार्टी मुख्यालय में पद छोड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य पार्टी की कमान संभालने की अब अनुमति नहीं देता।

मीटिंग के दौरान अब्दुल्ला ने पार्टी नेताओं को दल को मजबूत करने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों तक पहुंच बनाने के लिए कहा। बैठक में घाटी के हालात और पार्टी से जुड़ी मामलों पर चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने भी अध्यक्ष को क्षेत्रों में जारी गतिविधियों की जानकारी दी।

अब्दुल्ला ने कहा, ‘हमारे कैडर को लोगों और प्रशासन के बीच पुल की तरह काम करना होगा। जब हम हमारे हकों के लिए शांति से लड़ रहे हैं, उस दौरान हमें जन कल्याण पर भी ध्यान देना होगा। आपको लोगों की मुश्किलों को दूर करने के लिए असाधारण सेवा करने की जरूरत है।’ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने क्षेत्र के प्रभारियों से चुनावों को लेकर तैयार रहने के लिए कहा है।

बीते दिनों लखनऊ में अखिलेश से की थी मुलाकात

फारूक अब्दुल्ला ने बीती 13 नवंबर को लखनऊ में यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने अखिलेश के पिता मुलायम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया था। वहीं इस दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि साल 2024 के चुनाव में यह साफ हो जाएगा कि देश में बीजेपी या कांग्रेस के अलावा कोई और भी बड़ी पार्टी है या नहीं। तीसरे मोर्चे के सवाल पर अब्दुल्ला ने कहा कि यह तो वक्त आने पर मिल बैठकर बात कर ली जाएगी। इसके लिए अभी थोड़ा सा इंतजार करना होगा।  (एएमएपी)