जेल में बंद ‘आप’ के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो वायरल।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वीडियो को ट्वीट कर लिखा, “मीडिया ने जारी किया तिहाड़ का एक और वीडियो! इस बार सत्येंद्र के दरबार में जेल अधीक्षक हैं, जिन्हें अब निलम्बित कर दिया गया है! बच्ची से रेप करने वाले से मालिश और नवाबी खाने के बाद अब ये! यह आप की भ्रष्टाचार चिकित्सा है, लेकिन केजरीवाल जी इसका बचाव करते हैं! क्या वह अब सत्येंद्र जैन को बर्खास्त करेंगे?”
सत्येंद्र जैन के नए वीडियो पर बोले केजरीवाल
दिल्ली एमसीडी चुनाव बिल्कुल साफ हो गया है। जनता को तय करना है कि उन्हें भाजपा के 10 वीडियो चाहिए या अरविंद केजरीवाल की 10 गारंटी। मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है। इन सारे वीडियो के जवाब दिल्ली की जनता देगी।
बता दें कि, इससे पहले भी तिहाड़ के अंदर ही नाबालिग से रेप के आरोपी से जैन द्वारा मसाज कराने का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद भाजपा ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को घेरना शुरू कर दिया था। हालांकि, तब ‘आप’ ने इसे मसाज के बजाय इलाज (फिजियोथैरेपी) बताया था।
गौरतलब है कि पिछले शनिवार को ‘आप’ उस समय आलोचनाओं के घेरे में आई थी जब जैन की जेल में कथित तौर पर मसाज कराते और लोगों से मिलते हुए एक वीडियो सामने आया था। जैन मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर पिछले पांच महीने से न्यायिक हिरासत में हैं।
उस कथित वीडियो में जैन को जेल की अपनी कोठरी में अपने बिस्तर पर लेटकर कुछ दस्तावेजों को पढ़ते तथा लोगों से मिलते हुए कमर और पैरों की मालिश कराते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में मिनरल वाटर की बोतलें और एक रिमोट भी देखा गया। एक वीडियो में वह कुर्सी पर बैठकर सिर की मालिश कराते हुए देखे गए थे।
इसके बाद, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि जैन को रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण फिजियोथेरैपी की सलाह दी गई थी, लेकिन भाजपा उनकी बीमारी का मजाक बना रही है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी इसके पहले जमानत पर सुनवाई के दौरान सत्येंद्र जैन पर आरोप लगाया था कि वे जेल के अंदर विशेष सुविधा हासिल कर रहे हैं। इसके बाद इस महीने की शुरुआत में जेल में जैन को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने में कथित संलिप्तता के लिए तिहाड़ जेल के एक अधीक्षक को सस्पेंड कर दिया गया था। (एएमएपी)



