हमीरपुर जिले में आजादी के 75 साल बाद भी आधा दर्जन गांवों के हजारों लोग बदहाली की जीवन गुजारने को मजबूर हैं। इन गांवों के बाशिंदों के लिए चन्द्रावल नदी पार करने के लिए पुल की सौगात भी नहीं मिल सकी। हालत यह है कि हजारों लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करना पड़ रहा है।जिले का मौदहा तहसील क्षेत्र चौबीस क्षेत्र से जाना जाता है। क्षेत्र के सिसोलर समेत आधा दर्जन से अधिक गांव चन्द्रावल नदी किनारे बसे हैं जहां सरकारी विकास की बातें बेमानी देखी जा रही हैं। सिसोलर के अलावा किसवाही, परेहटा, बैजेमऊ, गढ़ा समेत तमाम गांवों में इमरजेंसी पड़ने पर सरकारी एम्बुलेंस को पुल न होने पर पहुंचने में घंटों लग जाते है। खासतौर पर बारिश के मौसम में नदी किनारे बसे सभी गांव टापू बन जाते हैं। किसवाही गांव के सरपंच अशोक सिंह का कहना है कि सिसोलर थाना क्षेत्र से गांव की ओर आने वाली सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। इसलिए गांव की महिलाओं को प्रसव पीड़ा होने पर इस सड़क से अस्पताल ले जाना बड़ा मुश्किल है। मजबूरी में चन्द्रावल नदी की जलधारा से ही मरीजों को ले जाना पड़ता है। जिसमें कई बार हादसे भी हो चुके हैं।

सरपंच ने बताया कि गांव की एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर एम्बुलेंस से नदी की जलधारा से ले जाने के दौरान एम्बुलेंस बीच नदी में फंस गई थी जिससे बड़ा हादसा होते बचा। हमीरपुर सदर के विधायक डाॅ.मनोज प्रजापति ने बताया कि किसवाही गांव के निकट चन्द्रावल नदी में एक पुल निर्माण के लिए जल्द ही प्रयास किए जाएंगे। बताया कि विधानसभा में यह मामला रखने के बाद सीएम से मिलकर समस्या बताई जाएगी। मौदहा क्षेत्र के डिग्री काॅलेज के मार्ग पर बरेड़ी नाले में एक पुल निर्माण कराए जाने की मंजूरी शासन से दिलाई गई है।

बच्चों औैर ग्रामीणों की पैदल नदी पार करने की मजबूरी

किसवाही गांव के रामकरन, सुरेश कुमार समेत तमाम ग्रामीणों ने बताया कि नदी में पुल न होने के कारण गांव के बच्चों को स्कूल जाने में बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ती है। गांव के लोगों को भी मौदहा और हमीरपुर जाने के लिए चन्द्रावल नदी को पार करने के अलावा कोई और दूसरा रास्ता नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि मजबूरी में कार और मोटर साइकिलों से लोग नदी पार करते है जो आए दिन चन्द्रावल नदी में फंस भी जाते है।

नदी पर पुल बनाने के लिए अब आंदोलन की तैयारी

आजाद भारत पार्टी के नेशनल प्रेसिडेंट सुरेश कुमार ने बताया कि चन्द्रावल नदी के आसपास के इलाके चौबीस क्षेत्र है जहां के लोगों को नदी पार करने के लिए एक पुल की सौगात भी नहीं मिल सकी है। नदी में पुल बनाने के लिए कई बार आन्दोलन चलाए गए हैं पर सरकार कुछ नहीं कर रही है। शिवसेना के प्रदेश उपप्रमुख महंत रतन ब्रम्हचारी ने बताया कि चन्द्रावल नदी में पुल की मांग के लिए जल्द ही बड़ा आन्दोलन शुरू किया जाएगा।   (एएमएपी)