सत्य से साक्षात्कार-20 

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
नेता जितने बड़े पद पर जाते हैं अपने को उतना ही असुरक्षित महसूस करते हैं। यह बात सबके लिए नहीं है, लेकिन ज्यादातर के साथ है। जो भी प्रोफेशन, जहां अनिश्चितता ज्यादा होती है वहां डर और असुरक्षा की भावना भी ज्यादा होती है। आप बॉलीवुड या खेल के क्षेत्र में देख लीजिए। पॉलिटिक्स में भी ऐसा ही है।
देश के तीन ऐसे प्रधानमंत्री हुए हैं, जिनको बहुत मजबूत कहा जा सकता है, लेकिन तीनों को इस बात का डर था कि उनका तख्ता पलट हो जाएगा। यह बताने की जरूरत नहीं कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू कितने लोकप्रिय थे। कांग्रेस पार्टी का उस समय पूरे देश में प्रभुत्व था। लेकिन जवाहरलाल नेहरू को डर किससे लगता था? अपने किसी कैबिनेट सहयोगी से नहीं। उनको डर था अपने आर्मी चीफ जनरल थिमैया से। उसका कारण था कि जनरल थिमैया फौज में बहुत लोकप्रिय थे। वह बहुत बोल्ड डिसीजन लेने वाले और अपने जवानों का साथ देने वाले माने जाते थे। पूरे देश में जनरल थिमैया के प्रति बहुत गहरा लगाव था। इसलिए नेहरू को लगता था कि किसी दिन जनरल थिमैया उनका तख्ता पलट कर सैनिक शासन स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने जनरल थिमैया पर नजर रखने के लिए अपने दोस्त वीके कृष्ण मेनन को रक्षा मंत्री बनाया। चीन के साथ तनाव के समय नेहरू ने संसद में खड़े होकर कह दिया कि लद्दाख की सुरक्षा भारतीय सेना को सौंप दी गई है। जनरल थिमैया ने यह सुना तो वह नेहरू से मिलने आए और उनसे कहा कि ये आपने क्या बोल दिया? पूरे विश्व समुदाय में हमारी मुश्किल हो जाएगी। हम दावा करते रहे हैं कि हमारी फौज वहां नहीं है और आप कह रहे हैं कि लद्दाख को फौज के हवाले कर दिया। इसको बदलिए। जवाहरलाल नेहरू संसद गए और अपना बयान वापस लिया। कहा कि लद्दाख की सुरक्षा आईटीबीपी को सौंपी गई है। आर्मी की कोई भूमिका नहीं है। यह बात रक्षामंत्री कृष्ण मेनन को पता चली तो उनको बहुत बुरा लगा। उन्होंने जनरल थिमैया को बुलाकर कहा कि आपने प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। आप डिफेंस मिनिस्टर को बाईपास करके कैसे सीधे प्रधानमंत्री के पास चले गए और उनसे एक्सप्लेनेशन कॉल कर लिया गया। कहते हैं कि जनरल थिमैया ने उसके जवाब में 12-14 पेज का इस्तीफा भेजा और सेना से निवृत्त हो गए। उस इस्तीफे में क्या था, आज तक किसी को मालूम नहीं है। किसी सरकार ने उसको उजागर नहीं किया। आज जो सत्ता में हैं, वे भी सवाल उठाते थे। आज वे भी उसका जवाब नहीं देते। इस तरह से नेहरू ने अपने प्रति सबसे बड़े खतरे की आशंका में जनरल थिमैया को बाहर कर दिया।
नेहरू के बाद शास्त्री जी प्रधानमंत्री बने। उनको इस तरह का कोई खतरा नजर नहीं आया। फिर इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनीं। जब डॉ. राधाकृष्णन को राष्ट्रपति के रूप में सेकंड टर्म देने की बात आई तो इंदिरा गांधी सख्त खिलाफ थीं। हालांकि पार्टी में बाकी लोग चाहते थे कि राधाकृष्णन को सेकंड टर्म मिलना चाहिए। इंदिरा गांधी ने उनसे कहा कि आप लोग समझ नहीं रहे हैं। राधाकृष्णन अगर बने रहे तो राष्ट्रपति की जो अपरिभाषित शक्तियां हैं, उनका इस्तेमाल करके वह किसी दिन मुझे बर्खास्त कर सकते हैं और सत्ता खुद संभाल सकते हैं। अब इस तर्क को कोई भी समझदार आदमी और राधाकृष्णन को जानने वाला तो मान ही नहीं सकता। लेकिन यह इंदिरा गांधी के अंदर का डर था। उनको लगता था कि राधाकृष्णन उनका तख्ता पलट कर देंगे। ऐसे ही असुरक्षा का भाव वाले तीसरे प्रधानमंत्री थे राजीव गांधी। आपको मालूम है कि राजीव गांधी और उस समय के राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह में टकराहट शुरू हो गई थी। संसद से एक विधेयक पास हुआ था पोस्टल अमेंडमेंट बिल। उसमें सरकार को यह अधिकार दिया गया था कि वह किसी भी प्राइवेट व्यक्ति या संस्था की चिट्ठी पढ़ सकती है। यानी आपकी प्राइवेसी खत्म हो रही थी। राष्ट्रपति जैल सिंह ने उसको मंजूरी नहीं दी, लेकिन रिजेक्ट भी नहीं किया क्योंकि सरकार फिर से भेजती तो उन्हें मानना पड़ता। वह जब तक राष्ट्रपति रहे, उस पर फैसला नहीं किया। उस समय रोज अखबारों में खबरें छपती थी कि जैल सिंह राजीव गांधी को किसी भी समय बर्खास्त कर सकते हैं। उस बीच में कुछ बुद्धिजीवियों, पत्रकारों और एकाध नेताओं ने मुहिम चलाई कि राजीव गांधी को हटाया जाए और उसका एक स्टेटमेंट ड्राफ्ट तैयार किया। उस ड्राफ्ट के बारे में राष्ट्रपति को कुछ मालूम नहीं था, लेकिन वातावरण ऐसा बनाया गया कि उसे राष्ट्रपति की ओर से तैयार कराया गया है। दिल्ली के एक बड़े अंग्रेजी अखबार में वह ड्राफ्ट इस रूप में छापा गया कि ज्ञानी जैल सिंह ने यह चिट्ठी तैयार कराई है। उसके बाद से राजीव गांधी का डर और बढ़ गया, लेकिन ज्ञानी जैल सिंह ने कभी राजीव गांधी को बर्खास्त करने की कोशिश नहीं की। अपने करीबियों से जैल सिंह ने कहा भी कि इंदिरा जी का मुझ पर एहसान है और इंदिरा गांधी का बेटा है। मैं उसके खिलाफ ऐसा कुछ नहीं कर सकता। सिख दंगों के बाद जिस तरह से राजीव गांधी ने ज्ञानी जैल सिंह का फोन उठाना और बात करना बंद कर दिया, इसके बावजूद उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। लेकिन ये इत्तेफाक देखिए कि तख्तापलट की आशंका से ग्रस्त तीनों प्रधानमंत्री नेहरू-गांधी परिवार के थे। तीनों शक्तिशाली थे और उनकी पार्टी का पूरे देश में प्रभुत्व था। इसके बावजूद उनको डर लगता था। (17.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)