बदलते वक्त के साथ ठंडे पड़े कॉकरोच जनता पार्टी के तेवर।
समय का चक्र बड़ा अजीब होता है। कब किसको ऊपर पहुंचा दे और कब नीचे ला दे, कुछ पता नहीं होता। याद कीजिए इसी साल मई-जून में कॉकरोच जनता पार्टी की कितनी चर्चा थी। कहा जा रहा था कि एक नई पार्टी आ गई है, जो सब कुछ बदल देगी। इस सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। बाकी विपक्षी दलों को उसने अप्रासंगिक बना दिया है। लेकिन जो लोग यह उम्मीद लगाए थे, उन्हें बहुत जल्द ही निराश होना पड़ा। कॉकरोच जनता पार्टी के जो नेता दहाड़ते थे आज मिमियाने लगे हैं।
सौरव दास कॉकरोच जनता पार्टी के संयोजक हैं। 23 नवंबर को वह लंदन जा रहे थे। एयरपोर्ट पर उन्हें इमीग्रेशन में रोक दिया गया। कहा गया कि आपके पासपोर्ट में कुछ गड़बड़ी की आशंका है। अब इस घटना के बाद सौरव दास ने सोशल मीडिया के जरिए सीधा हमला प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार पर बोला। उन्होंने यह जानने की भी कोशिश नहीं की कि किसके आदेश से यह हुआ है। दरअसल उन जैसे बहुत से लोगों को लगता है कि जो सबसे बड़े पद पर बैठा है, उस पर हमला करो तो हमारा कद भी बड़ा हो जाएगा। इस कोशिश में राहुल गांधी भी लगे रहते हैं। जबकि बड़े पद पर बैठे व्यक्ति पर हमला करने से आपका कद नहीं बढ़ जाता और न आपको वह पद मिल जाता है। ये दोनों चीजें आपके कामकाज और आपकी विश्वसनीयता से मिलती हैं। तो सौरवदास ने कहा कि मुझे दुनिया के बड़े-बड़े विश्वविद्यालयों ऑक्सफोर्ड, एडनबर्ग, कैंब्रिज और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स ने कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के बारे में भाषण देने के लिए बुलाया था। अब आप देखिए ये ऐसे लोग हैं, जिनको झूठ बोलने में कोई संकोच नहीं होता। वास्तविकता यह है कि ऑक्सफोर्ड में एक ऑक्सफोर्ड यूनियन है जिसको एक डिबेटिंग सोसाइटी कह सकते हैं। उसका ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से कोई लेना-देना नहीं है। उसमें एक सत्र इन लोगों के लिए रखा गया था। इसमें सीजेपी से सौरभ दास और रत्ना सिंह को जाना था। रत्ना सिंह को वीजा नहीं मिला तो जा नहीं पाईं। सौरवदास को एयरपोर्ट पर रोक लिया गया। अब इनको रोका क्यों गया, पहले तो यह जानना जरूरी है। कांचीपुरम के एक आर गणेश कुमार हैं। उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट में एक पीआईएल फाइल की और कहा कि सौरव दास की पारिवारिक पृष्ठभूमि, जन्म स्थान और दूसरी जानकारियों के बारे में जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने याचिका में मांग की कि अदालत इलेक्ट्रॉनिक्स मिनिस्ट्री को आदेश दे कि एक्स और इंस्टा पर सौरवदास के अकाउंट को ब्लॉक किया जाए, जिससे वह न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट के जजेस पर अपमानजनक टिप्पणियां न कर सकें। इस पर हाईकोर्ट ने सबको नोटिस जारी कर दिया। गणेश कुमार की याचिका में यह भी मांग की गई थी कि सौरव दास का पासपोर्ट और आधार कार्ड भी रद्द किया जाए। अदालत ने इस पर कोई आदेश अभी नहीं दिया है। अदालती आदेश के बाद रीजनल पासपोर्ट ऑफिस मद्रास ने सौरव दास को एक नोटिस जारी किया और एक हफ्ते के अंदर अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं पते के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। उनसे कहा गया कि जब तक आप इस नोटिस का जवाब नहीं देते तब तक अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल ट्रेवल के लिए मत कीजिए। अब इसमें न तो कहीं से प्रधानमंत्री आते हैं और न ही केंद्र सरकार का कोई और तंत्र आता है। अदालत ने सबको नोटिस जारी किया और उसी क्रम में पासपोर्ट ऑफिस ने सौरवदास को नोटिस जारी कर दिया।
अब जरा इनको मिले इनविटेशन की बात कर लेते हैं। जो ये कह रहे हैं कि दुनिया के बड़े-बड़े विश्वविद्यालय बुला रहे थे, वह सब झूठ है। इस झूठ को सौरवदास के बॉस अभिजीत दीपके ने भी दोहराया कि सीजेपी के लोगों को इतनी बड़ी-बड़ी यूनिवर्सिटीज बुला रही हैं। इससे केंद्र सरकार में बैठे लोगों को जलन हो रही है क्योंकि ये लोग अनपढ़ हैं। सौरव दास तो एक कदम और आगे निकल गए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार इसलिए नहीं कर पा रही है क्योंकि मंत्री लोग इस्तीफा देने को तैयार नहीं हैं। अब सौरवदास को अनपढ़ या जाहिल क्या कहना चाहिए? अरे भाई, भारत के संविधान में सीधी सी व्यवस्था है कि मंत्री अगर इस्तीफा देने से मना करे तो प्रधानमंत्री को अधिकार है कि वह राष्ट्रपति को सिफारिश करें कि इस मंत्री को बर्खास्त कर दिया जाए। और सबसे बड़ा सवाल कि इस सरकार में किस मंत्री में इतनी हिम्मत है कि वह इस्तीफा देने से मना कर दे। तो मनगढ़ंत बातें तो आप कुछ भी बोल दीजिए। ऐसी बातें करके आप एक्सपोज होते हैं कि आपको न इस देश के कानून की जानकारी है, न संविधान की जानकारी है और न सरकार कैसे फंक्शन करती है, इसके बारे में जानकारी है। दरअसल सौरवदास जैसे लोग हर समय विक्टिम कार्ड खेलने की कोशिश करते हैं। कॉकरोच जनता पार्टी वाले यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि हम तो बहुत महान हैं। हम देश में क्रांति लाना चाहते हैं और देश की पूरी जनता हमारे साथ है। यह सरकार हमारा दमन कर रही है। लेकिन सवाल यह है कि आपके पक्ष में कोई खड़ा होने वाला है क्या? आपके जो चार-पांच साथी हैं, उनके अलावा आपके पक्ष में कौन बोल रहा है? जो पार्टियां सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करती हैं, उनमें से भी कोई आपके साथ खड़ी है क्या? तो भाई सवाल यह है कि पहले तो आपको समर्थन जुटाने के लिए सच बोलने की आदत डालनी पड़ेगी। अगर आप लगातार झूठ बोलते रहेंगे तो कौन आपके साथ आना चाहेगा?
आपको याद होगा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी ने अल्टीमेटम दिया था कि 48 घंटे में हटा दो, नहीं तो राष्ट्रव्यापी आंदोलन होगा। लेकिन यह नहीं बताया कि यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन किस राष्ट्र में होगा क्योंकि कम से कम भारत में तो नहीं हो रहा है। राष्ट्र में तो छोड़िए किसी मोहल्ले में भी नहीं हो रहा है। तो रस्सी जल गई, बल नहीं गए। तेवर वही बने हुए हैं कि हम जो चाहें इस देश में करवा सकते हैं। जब आप अपने जन्म स्थान, नाम और परिवार के बारे में सही जानकारी नहीं दे सकते तो इससे पता चलता है कि आप कितने छिछले व्यक्तित्व के नेता हैं। आप पर कौन विश्वास करेगा? आने वाले दिनों में इन लोगों की मुसीबत और बढ़ने वाली है। सौरभ दास, आशुतोष रांका और अभिजीत दीपके ये सब लोग पीस बांड भर कर जेल से बाहर हैं। अब इनमें से कोई आंदोलन और सड़क पर आने की बात नहीं करता। जंतरमंतर का नाम भी इनकी जुबान पर नहीं आता। जब कुछ नहीं सूझा तो इन्होंने शुरू किया कि हम स्कूल ठीक करेंगे। बिना किसी अधिकार और इजाजत के स्कूल में पहुंच गए। लौटा दिया गया तो कहा गया कि सरकार डर गई है। भाई कोई भी व्यवस्था एक नियम से चलती है। आपके कार्यकलाप बता रहे हैं कि आप नियम-कानून कुछ भी मानने को तैयार नहीं हैं। आपका उद्देश्य सिर्फ एक है, देश में अराजकता पैदा करना। आपने 20 जुलाई को दिल्ली में जो हिंसा का तांडव किया, उससे आपको लगा कि आप अराजकता फैलाने में सफल हो जाएंगे। उसी से उत्साहित होकर राहुल गांधी भी उस रास्ते पर चल पड़े। सड़क और प्रधानमंत्री आवास के बाहर लेट गए। आकाशवाणी भवन में घुस गए। और फिर उनके आंदोलन की अंतिम परिणति रामलीला मैदान में हुई। भीड़ आना तो दूर उन्हीं की पार्टी के कार्यकर्ता नहीं आए। तो अब राहुल गांधी सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएट करने का काम कर रहे हैं। अब सोनिया गांधी भी मैदान में उतर पड़ी हैं। किताब के बहाने सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने लगी हैं। लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है। इस देश के लोग बहुत समझदार हैं। उनका कॉमन सेंस बड़े-बड़े पढ़े लिखे लोगों, बड़े-बड़े नेताओं और विचारकों से ज्यादा है। वे देखते ही समझ जाते हैं कि कौन सही है, कौन गलत है। तो यह जो कॉकरोच जनता पार्टी नाम की नई प्रजाति आई है, इसका जीवन बड़ा क्षणभंगुर है। जड़ पकड़ने से पहले ही यह पौधा सूखने लगा है। कुछ लोगों की समाज में हमेशा न्यूसेंस वैल्यू बनी रहती है। इनकी भी बनी हुई है। ये अभी कुछ और समय तक हल्ला मचाते रहेंगे क्योंकि बाहर से पैसा मिल रहा है। जो ताकतें भारत की तरक्की नहीं देखना चाहतीं, वे इनका इस्तेमाल कर रही हैं और ये खुशी-खुशी इस्तेमाल होने को तैयार हैं। ये उस नीति पर चल रहे हैं कि रोज एक नया झूठ लेकर आओ। वह झूठ जब तक पकड़ा जाए तब तक दूसरा झूठ लेकर आ जाओ। यह सिलसिला ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)











