सत्य से साक्षात्कार-19 

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
भ्रष्टाचार और कांग्रेस का नाता बहुत पुराना है। सरकार में भ्रष्टाचार को देखते हुए देश के चौथे वित्तमंत्री सीडी देशमुख ने सुझाव दिया था कि एक ट्राइब्युनल की स्थापना की जाए, जो राष्ट्रपति के मातहत हो या फिर स्वतंत्र रूप में काम करें। वह भ्रष्टाचार और कुव्यवस्था की जितनी शिकायतें हैं, उनकी जांच करें। उस समय के राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद इस सुझाव से सहमत थे।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को चिट्ठी लिखी कि अगर इस भ्रष्टाचार को रोका नहीं गया तो यह कांग्रेस के ताबूत की आखिरी कील होगा। जवाहरलाल नेहरू ने उस पत्र का जवाब नहीं दिया, लेकिन बाद में जब डॉ. राजेंद्र प्रसाद से व्यक्तिगत रूप से मिले तो उन्होंने कहा कि यह आपका अनफ्रेंडली जेस्चर था। उसके बाद 7 जनवरी 1961 को गुजरात के भावनगर में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ। जिसकी अध्यक्षता उस समय के कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीलम संजीव रेड्डी ने की। उसमें उन्होंने प्रस्ताव दिया कि जो लोग 10 साल से पद पर हैं, वे अपना पद छोड़ दें। यह इशारा सीधे-सीधे डॉ. राजेंद्र प्रसाद की ओर था कि वे अपना पद छोड़ दें। डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि मैं तैयार हूं। मैं तो पद छोड़ दूंगा, लेकिन सवाल है कि नेहरू क्या करेंगे? और उसके बाद जो उन्होंने कहा, उस पर ध्यान दीजिए। उन्होंने कहा कि अगर नेहरू पद छोड़ देते हैं तो इससे उनकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी और देश आगे बढ़ेगा। अब इससे आप समझ सकते हैं कि देश के पहले राष्ट्रपति की पहले प्रधानमंत्री के बारे में क्या राय थी।
केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं है। भारत-चीन संबंधों को लेकर भी डॉ. राजेंद्र प्रसाद नाराज थे। उन्होंने कहा था कि हिंदी-चीनी भाई-भाई के नारे से चीन की नीयत को छिपाया नहीं जा सकता। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू को चेतावनी दी कि तिब्बत की हत्या भारत के लिए लंबे समय तक बड़े संकट का कारण बनेगी, लेकिन नेहरू ने सुना नहीं। उसके बाद 1962 में क्या हुआ, यह सबको पता है। इसके बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने जवाहरलाल नेहरू से यह भी कहा कि आप राज्यों के मामले में ज्यादा हस्तक्षेप मत करिए। वह स्टेट रिऑर्गेनाइजेशन कमीशन की सिफारिशों में बदलाव किए जाने से भी नाराज थे। उन्होंने कहा कि केरल को अलग राज्य नहीं बनाना चाहिए। यह बहुत छोटा राज्य बनेगा। इसके अलावा कहा कि बॉम्बे को आप लंबे समय तक बाइलिंगुअल स्टेट बनाकर नहीं रख सकते और उनकी वह भविष्यवाणी सही साबित हुई। आखिर में बॉम्बे स्टेट का विभाजन करना पड़ा। गुजरात और महाराष्ट्र बना। तिब्बत पर सरकार की निष्क्रियता से भी डॉ. राजेंद्र प्रसाद बहुत क्षुब्ध थे, लेकिन नेहरू विदेशी या घरेलू मामलों में कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। डॉ. राजेंद्र प्रसाद इस बात के सख्त खिलाफ थे कि कश्मीर को विशेष दर्जा दिया जाए। वह मानते थे कि यह संविधान की भावना के अनुकूल नहीं है। इस तरह से उन दोनों के बीच में लगातार संघर्ष चलता रहा। राष्ट्रपति को छोटा दिखाने और उनको लगातार इग्नोर करने की कोशिश जवाहरलाल नेहरू करते रहे। आर्मी चीफ जनरल थिमैया ने इस्तीफा दिया। इसकी उनको जानकारी नहीं दी गई, जबकि वह आर्म फोर्सेस के सुप्रीम कमांडर थे। उन्होंने इस पर सख्त एतराज जताया। तब उस समय के रक्षा मंत्री कृष्ण मेनन को उनसे जाकर माफी मांगनी पड़ी। नेहरू लगातार इस बात को कहते और करते रहे कि जो भी फॉरेन डिग्निटरीज आएं, उनसे राजेंद्र प्रसाद की मुलाकात न होने पाए या कम से कम हो। नेहरू ने राजेंद्र प्रसाद का कद कम करने की लगातार कोशिश की। जब राजेंद्र प्रसाद का निधन हुआ तो जवाहरलाल नेहरू ने उस समय राष्ट्रपति बन चुके राधाकृष्णन से कहा कि मैं बाढ़ पीड़ितों के राहत कोष के लिए पैसा जमा करने राजस्थान जा रहा हूं। मेरी सलाह है कि तुम भी राजेंद्र प्रसाद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पटना मत जाओ। डॉ. राधाकृष्णन ने कहा कि मेरी समझ से आपको भी चलना चाहिए और मैं तो जरूर जाऊंगा। नेहरू राजस्थान चले गए। राजस्थान के गवर्नर ने जब राजेंद्र प्रसाद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पटना जाने की इच्छा व्यक्त की तो नेहरू ने उनको मना कर दिया। उन्होंने कहा कि तुम प्रोटोकॉल तोड़ रहे हो। तुम्हारे स्टेट में प्राइम मिनिस्टर आए हुए हैं। तुम कैसे छोड़ के जा सकते हो? नेहरू का दिल बहुत छोटा था और वह जिसे पसंद नहीं करते थे, उससे बदला लेने का कोई मौका चूकते नहीं थे। यह सब उनके बायोग्राफर्स ने भी लिखा है। (16.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)