सत्य से साक्षात्कार-17 

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
1965 में पाकिस्तान से 21 दिन का युद्ध हुआ। उस समय लाल बहादुर शास्त्री देश के प्रधानमंत्री थे। हम वह युद्ध जीत गए, लेकिन जीत और बड़ी हो सकती थी। क्यों नहीं हुई? अपनों के कारण।
1961 में ही भारतीय सेना ने भारत सरकार को यह बता दिया था कि अगर चीन लद्दाख और नेफा एवं पाकिस्तान पंजाब में हमला करता है तो हम सुरक्षा नहीं कर पाएंगे क्योंकि हमारी कोई तैयारी नहीं है। लेकिन सरकार ने कुछ सुना नहीं और 1962 के युद्ध में क्या हुआ, यह सबको मालूम है। लेकिन 65 आते-आते प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, गृह मंत्री वाईबी चव्हाण और सेना अध्यक्ष जेएन चौधरी के सम्मिलित प्रयास से भारतीय सेना पूरी तरह से तैयार थी। जरूरत के हथियार खरीदे जा चुके थे और ट्रेनिंग भी पूरी हो चुकी थी। पाकिस्तान ने जब जम्मू के छंब सेक्टर में हमला किया तो भारतीय सेना पहले से तैयार थी। पाकिस्तान की योजना थी कि जम्मू-कश्मीर को दिल्ली से जोड़ने वाली सड़क को काट दिया जाए ताकि उसका दिल्ली से सपंर्क खत्म हो जाए। तो उसने बहुत जोरदार हमला किया, लेकिन खेमकरण सेक्टर में हम ऊंचाई पर थे। पाकिस्तानी टैंक जब गरजते हुए आ रहे थे तो पहले वहां पर पानी गिरा दिया गया। पाकिस्तानी टैंक इधर-उधर नाचने लगे। उसके बाद ऊपर से हमला किया गया और पाकिस्तानी भाग खड़े हुए। प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री चाहते थे कि भारत सियालकोट पर कब्जा कर ले और लाहौर को घेर ले। भारतीय सेना ने सियालकोट से पाकिस्तान का कम्युनिकेशन लिंक काट दिया था। पाकिस्तानी सेना का बड़ा हिस्सा सियालकोट छोड़कर भाग चुका था। संसद में प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और रक्षा मंत्री वाईबी चव्हाण ने कहा कि हम सियालकोट और लाहौर ले सकते हैं। लेकिन समस्या कहां हुई? कैबिनेट की इमरजेंसी बैठक में विदेश मंत्री स्वर्ण सिंह ने कहा कि यह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हमने ऐसा किया तो अंतरराष्ट्रीय समुदाय में हमारे बारे में खराब राय बनेगी। वह किसी तरह से मानने को तैयार ही नहीं थे। तो उस समय के कैबिनेट सेक्रेटरी धर्मवीर ने शास्त्री जी के कान में जाकर कहा कि आप इस बैठक को स्थगित कर दीजिए और अधिकारियों को स्वर्ण सिंह से अलग से बात करने का समय दीजिए। शास्त्री जी ने बैठक स्थगित कर दी और उसके बाद स्वर्ण सिंह के पास गए अधिकारियों ने उनसे कहा कि अगर हमने हमला नहीं किया तो कश्मीर पर पाकिस्तान का कब्जा हो जाएगा। हमारे सैनिकों को सरेंडर करना पड़ेगा और हमारी सरकार गिर जाएगी। अगले दिन सुबह 10:30 बजे जब फिर से बैठक हुई तो स्वर्ण सिंह कुछ नहीं बोले। यह प्रस्ताव पास हो गया कि भारत जवाबी हमला करेगा, लेकिन उसके बाद भी हम सियालकोट नहीं ले पाए। उसका कारण था कि जनरल चौधरी नहीं चाहते थे। उनसे प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री की ओर से बार-बार कहा जा रहा था, लेकिन उनका कहना था कि समय आने पर ले लेंगे और वह बहुत धीरे-धीरे चल रहे थे। उस समय मिलिट्री एस्टैब्लिशमेंट में यह कहा जा रहा था कि अगर आज जनरल थिमैया होते तो अब तक सियालकोट ले चुके होते और लाहौर को घेर चुके होते। फिर उस समय पाकिस्तान की स्थिति बहुत खराब होती। हम बारगेनिंग की बहुत अच्छी पोजीशन में होते। सियालकोट लेने का मतलब था पाकिस्तान की बहुत बड़ी बेइज्जती होना। सीनियर जर्नलिस्ट दुर्गादास की एक किताब है इंडिया फ्रॉम कर्जन टू नेहरू एंड आफ्टर। उसमें उन्होंने लिखा है कि मैंने जनरल चौधरी से पूछा कि ऐसा क्यों नहीं कर रहे तो उन्होंने कहा, मैं इन पॉलिटिशियंस को जानता हूं। जैसे ही ये युद्ध बढ़ेगा और यूएन इंटरवीन करेगा तो जो जीता हुआ भूभाग है, वह वापस करना पड़ेगा। तो इसके लिए मैं अपने जवानों को मुश्किल में क्यों डालूं और उन्होंने सियालकोट पर कब्जा नहीं होने दिया। वह एक घटना ऐसी हो सकती थी जो इतिहास को बदल देती, लेकिन जनरल चौधरी की अति सतर्कता और ऑब्सेशन का नतीजा यह हुआ कि भारत सियालकोट नहीं ले पाया और उसके बाद युद्ध विराम और ताशकंद में समझौता हुआ। (14.07.2026) 
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)