26 सीटें ऑफर कर सपा ने कांग्रेस को दिखा दी उसकी औकात ।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
सामान्य जीवन में होता यह है कि अगर दो दोस्त हैं तो वे दोस्ती निभाते हैं और अगर दुश्मन हैं तो दुश्मनी। लेकिन दोस्त हों और दोस्ती के बजाय दुश्मनी निभाएं साथ ही दोस्ती का दम भी भरते रहे, ऐसी अनहोनी बात कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच में देखने को मिल रही है।
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच में सीटों के बंटवारे पर हुई दूसरी बैठक के बाद सवाल यह नहीं पूछा जा रहा है कि कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा या गठबंधन होगा कि नहीं होगा? चर्चा इसकी हो रही है कि किसने किसकी ज्यादा बेइज्जती की। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर जो पहली बैठक हुई थी, उसमें सपा डेलीगेशन का नेतृत्व करने वाले रामगोपाल यादव तो पहुंच गए थे, लेकिन प्रियंका वाड्रा नहीं पहुंची थीं, जिन्हें कांग्रेस डेलीगेशन का नेतृत्व करना था। इसे समाजवादी पार्टी ने अपना अपमान माना था। रामगोपाल यादव वैसे भी सपा में नंबर दो की हैसियत रखते हैं और अखिलेश यादव के चाचा भी हैं। तो परिवार वाला भी मामला है इसलिए और बातें बनीं। अब दूसरी बैठक में बदला लेने की बारी थी रामगोपाल यादव की। उन्होंने कहा कि हमने कांग्रेस को 26 सीटें ऑफर की हैं, जबकि कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें थीं। आपको याद होगा कि कांग्रेस पार्टी के 181 सीटें मांगने पर पिछले दिनों जब आजम खान से सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि लोग तोप का लाइसेंस मांगते हैं जिससे तमंचे का तो मिल ही जाए। तो ये 181 बनाम 26 क्या तोप बनाम तमंचा है, अब ये किसी की समझ में नहीं आ रहा है। 26 सीट लेकर कांग्रेस करेगी क्या? यूपी में उसके पास लोकसभा की ही छह सीटें हैं। एक लोकसभा सीट में औसतन पांच विधानसभा सीटें आती हैं। उस लिहाज से भी देखिए तो कांग्रेस की कम से कम 30 सीटें बनती हैं। हालांकि समाजवादी पार्टी उसे छह और सीटें देने को तैयार है। दो जो विधायक हैं और जिन चार सीटों पर 2022 के चुनाव में कांग्रेस नंबर दो पर रही थी। 2022 में यूपी की 403 सीटों में से कांग्रेस सिर्फ चार सीटों पर नंबर दो पर रही थी, इससे आप उसकी जमीनी हालत का अंदाजा लगा लीजिए। समाजवादी पार्टी को भी समझ में आ रहा होगा कि कांग्रेस को ज्यादा सीट देने का मतलब है भाजपा की उतनी सीटें सुरक्षित कर देना क्योंकि उत्तर प्रदेश में जिस सीट पर भी कांग्रेस का सिंबल होगा, वहां सपा समर्थक वोटर का वोट पंजे पर तो जाने से रहा। तो ज्यादा उम्मीद यह है कि कमल पर चला जाए। इसलिए समाजवादी पार्टी के लिए कांग्रेस को सीट देने का मतलब सीट का नुकसान है। देखिए कांग्रेस और सपा का यह गठबंधन कांग्रेस को न केवल तात्कालिक रूप से बल्कि दीर्घकालिक रूप से भी फायदा पहुंचाएगा, लेकिन समाजवादी पार्टी को तात्कालिक और दीर्घकालिक दोनों रूपों से नुकसान पहुंचाएगा। इस गठबंधन से समाजवादी पार्टी के समापन की कहानी शुरू होगी।
अब दोनों दलों के बीच जिस तरह से बातचीत चल रही है, वह दोस्तों वाली तो है नहीं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से जब पूछा गया कि समाजवादी पार्टी 26 सीट दे रही है तो उन्होंने कहा, हम किसी से भीख मांग रहे हैं क्या? तो भाई, जिन दो पार्टियों के बीच में गठबंधन हो रहा हो और चुनाव में दो-तीन महीने रह गए हो, उनके नेता इस तरह की भाषा नहीं बोलते हैं। और इस पर न तो अखिलेश यादव का कोई बयान आया है न राहुल गांधी या प्रियंका वाड्रा का। तो यह बातचीत गठबंधन के लिए हो रही है या गठबंधन तोड़ने के लिए हो रही है, यह समझना बड़ा मुश्किल हो रहा है। अब एक नया एंगल आ गया है। कहा जा रहा है कि रामगोपाल यादव के केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बहुत अच्छे संबंध हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक मुद्दे की बड़ी चर्चा होती है कि कौन किसकी बी टीम है? समाजवादी पार्टी कहती है कि ओवैसी और चंद्रशेखर भाजपा की बी टीम हैं। इसी तरह के आरोप दूसरी पार्टियों पर लगते हैं, लेकिन अब एक सवाल लोगों के मन में उठ रहा है कि क्या समाजवादी पार्टी ही भाजपा की बी टीम है क्योंकि पिछले 10 साल से समाजवादी पार्टी ने जिस तरह की राजनीति की है, वह ऐसी नहीं है जो भाजपा से लड़ाई लड़ने वाली राजनीति हो। तो यूपी में कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी दोनों की स्थिति खराब है। कांग्रेस के पास तो कोई जमीन है ही नहीं। समाजवादी पार्टी के पास जो जमीन है, वह लगातार उसके पैरों के नीचे से खिसक रही है। अखिलेश यादव भले ही पांच-छह साल से पीडीए-पीडीए कर रहे हो, लेकिन उस पीडीए से अभी तक उनको कुछ हासिल नहीं हुआ है। पीडीए के कारण कोई नया सामाजिक समूह उनकी पार्टी से जुड़ा नहीं है। उनका कोर वोट मुस्लिम और यादव जो कल था, वही आज है। यादव को लेकर अखिलेश बिल्कुल निश्चिंत हैं कि वह कहीं नहीं जाने वाला, और यह सही भी है, लेकिन मुसलमान को लेकर वह निश्चिंत नहीं हैं। 2009 तो उनको बार-बार याद आता होगा, जब मुसलमान समाजवादी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस के साथ चला गया था। तो इसलिए कांग्रेस को साथ लेने का समाजवादी पार्टी का तात्कालिक उद्देश्य सिर्फ इतना हो सकता है कि मुस्लिम वोट न बंटने पाए। हालांकि मैं बार-बार कहता रहा हूं कि समाजवादी पार्टी इस समय उत्तर प्रदेश में एकमात्र पार्टी है, जो मुसलमानों की पहली पसंद है क्योंकि वही एकमात्र पार्टी है जो भाजपा से लड़ने की क्षमता रखती है। तो इसलिए मुसलमान समाजवादी पार्टी को छोड़कर कहीं नहीं जाएगा। लेकिन एक समस्या दूसरी है। वह यह कि अखिलेश यादव 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे से इतने ज्यादा उत्साहित हैं कि उनको लगता है कि दलित वोट उनके साथ आ जाएगा, लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि यादवों को सबसे ज्यादा परेशानी दलितों से है। दलित जहां भी ताकतवर होगा, उससे सबसे ज्यादा तकलीफ यादव समाज को होती है। आप किसी भी गांव देहात के पुलिस थाने में चले जाइए और सिर्फ एफआईआर का रजिस्टर देख लीजिए। किस जाति के खिलाफ दलितों ने सबसे ज्यादा एफआईआर करवाई है। आपको समझ में आ जाएगा कि जमीनी स्थिति क्या है? और यह आज की बात नहीं है। 1993 में जब सपा—बसपा में पहला गठबंधन हुआ था, उस समय भी वोट ट्रांसफर नहीं हुआ था। ऐसा ही 2019 में दिखा।
तो जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। 10 साल वह केवल सोशल मीडिया पर एक्टिव रहे। पार्टी दफ्तर में कुछ लोगों को बुलाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उनको लग रहा था कि ये राजनीति उनको बहुत आगे ले जाएगी। वह लोगों से मिले नहीं। दरअसल दफ्तर में बैठकर किया गया गुणा-भाग कागज पर ही रह जाता है। जमीन पर नहीं उतरता है। चुनाव अल्टीमेटली सेंटीमेंट से तय होता है। सेंटीमेंट किसके पक्ष में और किसके खिलाफ है? केवल जातीय समीकरण या जाति का अंकगणित चुनाव का नतीजा नहीं तय करता। इसका सबसे बड़ा उदाहरण तो 2019 का लोकसभा चुनाव है। सपा, बसपा और आरएलडी से मजबूत गठबंधन और क्या हो सकता है? लेकिन नतीजा क्या हुआ, वही ढाक के तीन पात। मुझे अभी भी लग रहा है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच में अंतत: गठबंधन हो जाएगा क्योंकि दोनों की मजबूरी है, लेकिन जिस तरह से बातचीत हो रही है उसमें गठबंधन को बनाने की नहीं, उसको तोड़ने की नीयत ज्यादा दिख रही है। अब यह समझ में नहीं आता कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में ऐसे कौन से धड़े हैं,जो चाहते हैं कि ये गठबंधन न होने पाए। अभी तक यह साफ दिखाई दे रहा है कि ये दल हाथ भले ही मिला रहे हों, दिल नहीं मिल रहा है और जब तक दिल नहीं मिलता है तब तक गठबंधन जमीन पर उतरता नहीं है। अब पहला सवाल तो यही उठने लगा है कि गठबंधन होगा कि नहीं? दूसरा सवाल यह उठ रहा है कि अगर गठबंधन हो गया तो यह चलेगा कि नहीं? और तीसरा सवाल चलेगा तो सफल हो पाएगा कि नहीं?
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)