सत्य से साक्षात्कार-14 

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
इमरजेंसी के बाद हुए 1977 के चुनाव में जनता पार्टी जीत गई। कांग्रेस पार्टी बुरी तरह से हार गई। इंदिरा गांधी खुद भी हार गईं। लेकिन उसके 3 साल बाद ही इंदिरा गांधी की सत्ता में वापसी हो गई। 22 जून 1980 को इंदिरा गांधी को हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में प्रसिद्ध चामुंडा देवी मंदिर दर्शन के लिए जाना उथा। राज्य सरकार को उनके कार्यक्रम की सूचना दे दी गई थी। मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रिमंडल पालमपुर में कैंप कर रहा था।
मोहन मीकिन कंपनी के मालिक कपिल मोहन के भतीजे अनिल मोहन इंदिरा गांधी की इस तीर्थयात्रा की व्यवस्था देख रहे थे। 22 जून को मंदिर के पुजारी को अचानक बताया गया कि किसी वजह से प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रद्द हो गया है और अब वह नहीं आ रही हैं। पुजारी ने सुना और गुस्से में आ गए। पुजारी ने कहा, इंदिरा से कह दो ये चामुंडा देवी हैं। सामान्य व्यक्ति को माफ कर देती हैं, लेकिन शासक अवमानना करे तो उसको माफ नहीं करतीं। यह सुनने के बाद अनिल मोहन घबरा गए। वह भागकर दूसरे दिन दिल्ली पहुंचे। वहां उन्होंने जो दृश्य देखा तो उनको सहसा विश्वास नहीं हुआ। इंदिरा गांधी संजय गांधी के पार्थिव शरीर के पास बैठी हुई थीं। आपको मालूम है कि 23 जून 1980 को संजय गांधी की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। इंदिरा गांधी ने अनिल मोहन से पूछा कि क्या यह चामुंडा देवी का दर्शन न करने की वजह से हुआ? अनिल मोहन के पास इसका कोई जवाब नहीं था। यह कौन बता सकता है कि देवी का श्राप था या कुछ और कारण था। संजय गांधी की अचानक ऐसे कैसे मौत कैसे हो गई, इसके बारे में कभी कुछ पता नहीं चला। जो बातें सामने आईं, उस पर ज्यादातर लोग विश्वास करने को तैयार नहीं हुए। आज तक वह बात रहस्य ही बनी हुई है। इसके बाद उसी साल 1980 में 13 दिसंबर को इंदिरा गांधी चामुंडा देवी के दर्शन करने गईं। वह गर्भगृह में बैठकर बहुत देर तक रोती रहीं। मंदिर के पुजारी का कहना था कि वह पूर्णाहुति में जिस तरह से मंत्रोच्चार कर रही थीं, उससे लग रहा था कि बिल्कुल सिद्धस्थ हैं। लेकिन जो होना था, वह हो चुका था। लेकिन इंदिरा गांधी 1980 में सत्ता में वापस लौटने के बाद पूजा पाठ और ज्योतिष में बहुत ज्यादा विश्वास करने लगी थीं। उससे पहले उनका जवाब होता था कि इस तरह के अंधविश्वास पर वह भरोसा नहीं करतीं। हालांकि पूरा नेहरू-गांधी परिवार ज्योतिष पर भरोसा करता था। मोतीलाल नेहरू ने जवाहरलाल नेहरू की शादी कमला नेहरू की कुंडली देखकर करवाई थी। उस कुंडली के हिसाब से जो संतान होगी, वह कई पीढ़ियों तक राज करेगी। इसीलिए लंदन में पढ़े जवाहरलाल नेहरू की शादी कमला नेहरू से हुई, जो ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं थीं। इसी तरह से जब राजीव गांधी का जन्म हुआ तो जेल से जवाहरलाल नेहरू ने इंदिरा गांधी को चिट्ठी लिखी कि उसकी जन्मपत्री बनवा लेना। वह चिट्ठी रिकॉर्ड में है। इन सब बातों के बारे में बहुत डिटेल में देश के प्रख्यात ज्योतिषी केएन राव ने अपनी किताब नेहरू डायनेस्टी में लिखा है। यह परिवार सार्वजनिक रूप से बोलता कुछ है और करता कुछ है। जो करता है, उसको कभी स्वीकार नहीं करता।
चामुंडा देवी के दर्शन न करने के कारण जो हुआ, उसके बाद इंदिरा गांधी का पूजा पाठ में विश्वास बहुत बढ़ गया था। देश का शायद ही कोई ऐसा धार्मिक स्थान हो, जहां वह न गई हों, लेकिन कई बार प्रारब्ध आपका पीछा नहीं छोड़ता। इंदिरा गांधी के प्रारब्ध ने भी उनका पीछा नहीं छोड़ा। उनके छोटे बेटे की उनके रहते हुए असमय मौत हुई। उनकी हत्या हुई और उनके जाने के बाद उनके बड़े बेटे की भी इसी तरह से मौत हुई। (11.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)