सत्य से साक्षात्कार-10 

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
नेहरू-गांधी परिवार न्यायाधीशों से बड़ी दूरी बनाकर रखता था। अब इस बात को आप व्यंग्य भी समझ सकते हैं। दो जजेस का उदाहरण दे रहा हूं। इनमें से पहले जस्टिस बहरुल इस्लाम की आपने काफी चर्चा सुनी होगी। 1972 में वह कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा के सदस्य बने। उसके बाद गुवाहाटी हाईकोर्ट के जज बने। उसके बाद गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बने। वहां से रिटायर हो गए।

उनके रिटायरमेंट के बाद इंदिरा गांधी को उनकी जरूरत फिर पड़ गई क्योंकि इंदिरा के उनके प्रिय जगन्नाथ मिश्रा बिहार के अर्बन कोऑपरेटिव बैंक घोटाले में फंस गए। उनको बरी कराना था। सुप्रीम कोर्ट तक मामला आ गया था। तो बहरुल इस्लाम को सुप्रीम कोर्ट का जज बना दिया गया। अब देखिए, कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार किस तरह से काम करता है। बहरुल इस्लाम सुप्रीम कोर्ट के जज बने और जगन्नाथ मिश्रा के मामले में फैसला देकर उनको सारे आरोपों से बरी कर दिया। इसके एक महीने बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के जज पद से इस्तीफा दे दिया और इस्तीफा बिना उद्देश्य के नहीं दिया। उनको असम की बारपेटा सीट से चुनाव लड़ना था। 19 जनवरी नॉमिनेशन की लास्ट डेट थी। इसलिए उन्होंने रिटायरमेंट से एक महीने पहले 12-13 जनवरी को इस्तीफा दे दिया, लेकिन दुर्भाग्य से असम में उस समय चुनाव हुए नहीं।
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के पहले मुस्लिम जज फजल अली कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति का सबसे बड़ा उदाहरण हैं। उस समय कोई कॉलेजियम सिस्टम नहीं था। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जजेस की नियुक्ति के लिए नाम सीधे प्रधानमंत्री के यहां से जाते थे। राष्ट्रपति उन्हें नियुक्त कर देते थे,जो केवल औपचारिकता होती थी। अब आप देखिए कि फजल अली को केवल सुप्रीम कोर्ट का जज बनाने से तो मुस्लिम तुष्टीकरण का संदेश जाता नहीं तो एक कदम आगे गए। वह 30 जून 1952 को सुप्रीम कोर्ट के जज पद से रिटायर हो रहे थे, लेकिन 7 जून 1952 को ही उन्हें उड़ीसा का राज्यपाल नियुक्त करने की अधिसूचना जारी हो गई। यह दुनिया में अपने आप में पहला उदाहरण होगा जब सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज, जो अभी सर्विस में है, को राज्यपाल बनाने की सरकारी अधिसूचना जारी हो गई। तो उन्हें उड़ीसा का राज्यपाल बना दिया गया। नेहरू जी तो बड़े नियम कायदे से काम करने वाले थे, लेकिन मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति का सवाल हो तो सारे नियम कायदे पीछे छूट जाते हैं। उड़ीसा के राज्यपाल से उन्हें स्टेट रिऑर्गेनाइजेशन कमीशन का चेयरमैन बना दिया गया। स्टेट रिऑर्गेनाइजेशन कमीशन का काम पूरा हुआ तो उसके बाद उनको असम का राज्यपाल बना दिया गया। और कांग्रेस पार्टी दूसरे दलों विशेषकर भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाती है कि वे कोर्ट को मैनेज करते हैं। तो इस तरह का काम कांग्रेस के अलावा किसी अन्य पार्टी की सरकार ने कभी नहीं किया कि सुप्रीम कोर्ट के किसी सिटिंग जज को राज्यपाल नियुक्त कर दिया हो। आजादी के बाद से ऐसे बहुत सारे उदाहरण हैं और वह सब नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के समय हुआ, लेकिन उस समय किसी ने सवाल नहीं उठाए। आजकल कांग्रेसी बहुत सवाल उठाते हैं। (07.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)