जनता की नज़रों में गिर चुके सुखबीर बादल से भाजपा के गठबंधन पर गदगद होगी कांग्रेस ।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
बहुत समय से उहापोह थी कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और अकाली दल का गठबंधन होगा या नहीं, मंगलवार को उसकी घोषणा हो गई। बहुत से लोग कह रहे हैं कि यह स्वाभाविक गठबंधन है जबकि आज की परिस्थिति में इससे ज्यादा अस्वाभाविक गठबंधन कोई हो नहीं सकता है।
1996 में पहली बार अकाली दल और भाजपा साथ आए थे। प्रकाश सिंह बादल के अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी से बड़े अच्छे संबंध थे। जब यह अलायंस हुआ था तो आडवाणी ने कहा था कि सिखों को पंथिक राजनीति और अलगाववाद के रास्ते पर जाने से रोकने के लिए एक नेशनल पार्टी के साथ अकाली दल का अलायंस जरूरी है। कांग्रेस के साथ यह हो नहीं सकता था क्योंकि कांग्रेस और अकाली प्रतिस्पर्धी थे। यह अलायंस 2022 तक चला। तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ लिया। मतलब भाजपा जब संकट में थी तो अकाली दल अलग हो गया। अब अकाली दल बहुत बड़े संकट में है तो भाजपा उसका फायदा उठाने के बजाय उसकी मदद के लिए आगे आ गई है। मेरा मानना है कि ये अलायंस अकाली दल का पॉलिटिकल रिवाइवल करेगा। पहली बात तो हमें ये स्पष्ट तौर पर समझ लेनी चाहिए कि प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल और सुखबीर बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में जमीन-आसमान का अंतर है। जो लोग यह गणित जोड़ते हैं कि अकाली दल आया तो ग्रामीण पंजाब जुड़ गया और भाजपा आई तो शहरी हिंदू जुड़ गए, ये कागज पर तो जुड़ जाते हैं लेकिन जमीन पर नहीं जुड़ते। इसके अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो दो-तीन बातें गृह मंत्री अमित शाह ने कहीं,उनका जिक्र बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार बनी तो इस गठबंधन का लक्ष्य पंजाब को नशे और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाना होगा। इसमें कोई दो राय नहीं है कि ये दो मुद्दे इस समय पंजाब के लिए सबसे बड़े संकट का कारण हैं। नशे के कारण पीढ़ी दर पीढ़ी बर्बाद हो रही है और भ्रष्टाचार के कारण पंजाब का चतुर्दिक नुकसान हो रहा है। लेकिन आप देखिए कि डायग्नोसिस सही हो जाए और दवा गलत दी जाए तो मरीज ठीक नहीं होता है। मेरा मानना है कि अमित शाह ने पंजाब की समस्या की डायग्नोसिस बिल्कुल सही की है,लेकिन जो दवा उन्होंने पेश की है, वह मरीज को और बुरी हालत में ले जाएगी क्योंकि नशा और भ्रष्टाचार के खिलाफ अगर आप लड़ना चाहते हैं और आपके बगल में सुखबीर बादल हैं तो लगता है कि आप जनता को बेवकूफ समझ रहे हैं। सुखबीर बादल तो पंजाब में भ्रष्टाचार और नशे के व्यापारियों के साथ गठजोड़ के लिए ही जाने जाते हैं। सुखबीर बादल जब अकाली दल की सरकार में डिप्टी सीएम थे तो एक तरह सरकार वही चला रहे थे। उस समय राज्य में जितना भ्रष्टाचार हुआ, उससे पहले किसी सरकार ने नहीं किया था। हालांकि अभी जो आम आदमी पार्टी की सरकार है, उसको तोड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन अकाली दल की सरकार में भ्रष्टाचार का केंद्रबिंदु सुखबीर बादल थे जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार में भ्रष्टाचार का केंद्रबिंदु भगवंत सिंह मान नहीं हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गृहमंत्री अमित शाह ने जो दूसरी बात कही, वह शायद बहुत से लोगों को चौंकाएगी। उनसे सवाल पूछा गया कि इस गठबंधन में बड़ा भाई कौन है? उन्होंने कहा कि बड़ा भाई अकाली दल है। अब यह बात पंजाब में भाजपा के जितने भी समर्थक हैं और जो कांग्रेस, अकाली दल व आम आदमी पार्टी से निराश हैं, उन्हें और भी निराश करने वाली है। शाह इतना ही कहकर रुक गए होते तो भी शायद गनीमत होती। उनसे सवाल पूछा गया कि मुख्यमंत्री कौन होगा? उनका कहना था कि जो बड़ा भाई होगा, वही मुख्यमंत्री होगा। मतलब अगर इस गठबंधन की सरकार बनी तो सुखबीर बादल मुख्यमंत्री होंगे। अब यह खबर जैसे ही जनता के बीच में जाएगी उसे 10 साल का अकाली दल का राज याद आ जाएगा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भ्रष्टाचार के कारण ही प्रकाश सिंह बादल जैसा कद्दावर नेता भी अपनी सीट हार गया था। अकाली दल के इस समय पंजाब विधानसभा में केवल तीन सदस्य हैं और तब से वह तीन बार टूट चुका है। आज का अकाली दल बिल्कुल वैसा नहीं है, जैसा प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में था। इस बार राज्य में भाजपा के लिए एक उम्मीद बन रही थी। हालांकि वह ऐसी नहीं थी कि पार्टी सत्ता में आने जा रही है, लेकिन लग रहा था कि पंजाब की राजनीति में वह एक प्रमुख प्लेयर होने जा रही है। मुझे नहीं मालूम कि इस गठबंधन के बाद क्या स्थिति होगी? भाजपा जिन उद्देश्यों और सिद्धांतों के लिए खड़ी है, उसके ठीक उलट जितने मामले हैं उनके लिए सुखबीर बादल और उनकी पार्टी जानी जाती है। अकाल तख्त से सुखबीर बादल तनखैया घोषित हो चुके हैं। पंथ में प्रकाश सिंह बादल जैसी पकड़ उनकी बिल्कुल नहीं है। और अब तो पंथिक राजनीति के लिए अमृतपाल सामने आ गए हैं। वह निर्दलीय सांसद चुने गए हैं। उनके लोग अगर निर्दलीय भी लड़ेंगे तो पंथिक वोट उन्हीं को जाएंगे। आज की तारीख में यह साफ दिखाई दे रहा है।
अब सवाल यह है कि भाजपा को इस गठबंधन से लाभ क्या हुआ? सुखबीर बादल के रहते पंजाब का हिंदू क्यों भाजपा को वोट करेगा और वह क्यों नहीं कांग्रेस को वोट करेगा? पंजाब के हिंदुओं की भाजपा से नाराजगी का एक बड़ा कारण सुखबीर बादल हैं और उन्हीं सुखबीर बादल को भाजपा मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। भाजपा और अकाली दल के इस गठबंधन से अच्छी खबर मुझे लगता है कि कांग्रेस के लिए कोई दूसरी हो ही नहीं सकती थी। अगर भाजपा पंजाब में अलग लड़ती और चतुष्कोंणीय संघर्ष होता तो तय था कि हंग असेंबली आती। उस हंग असेंबली में भाजपा की स्थिति बहुत अच्छी होती। उसके सामने विकल्प होते। अब भाजपा ने अपने सारे विकल्प बंद कर दिए हैं। उसने तय कर लिया है कि सुखबीर बादल के साथ उसको सती हो जाना है। सुखबीर बादल केवल एक लायबिलिटी हैं। वह किसी दृष्टि से कोई एसेट नहीं हैं। उनके साथ आने से कुछ नया नहीं मिलता बल्कि जो है, उसके जाने का खतरा बढ़ गया है। पंजाब की राजनीति में आप सुखबीर बादल का नाम लीजिए, आपको समर्थन करने वाले लोग खोजे नहीं मिलेंगे। उनकी छवि एक व्यापारी और लूटपाट करने वाले की है। पंजाब में जिन लोगों ने उनको झेला है, वे अपना घर बार बेचकर भी चाहेंगे कि सुखबीर बादल और जिस पार्टी के साथ उनका गठबंधन है दोनों हार जाएं। अब चुनाव तक कोई बड़ा चमत्कार हो जाए उस बारे में मैं कोई भविष्यवाणी करना जानता नहीं, लेकिन सुखबीर बादल को साथ लेकर भाजपा दो कदम भी आगे नहीं बढ़ सकती। यह चुनाव अकाली दल और सुखबीर बादल की राजनीति को खत्म कर सकता था। भाजपा ने उस राजनीति को रिवाइव करने का काम किया है। उनके साथ गठबंधन करके अगर भाजपा को लगता है कि उसकी पंजाब में सरकार बनने जा रही है तो फिर वह किसी दूसरी दुनिया में रह रही है। पहली ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट हो गया कि यह गठबंधन वही सुखबीर बादल चलाएंगे, जिनको जनता फूटी आंख देखना नहीं चाहती। उसका क्या नतीजा होगा, आप अंदाजा लगा सकते हैं। मेरा मानना है कि इस गठबंधन की घोषणा के साथ भाजपा का पंजाब विधानसभा का चुनाव अभियान समाप्त हो गया है। अब उसको पांच साल और इंतजार करना पड़ेगा। इस गठबंधन के बाद अगर सबसे अच्छी स्थिति में कोई होगा तो वह कांग्रेस पार्टी होगी।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)