सत्य से साक्षात्कार-11
प्रदीप सिंह।
गांधी परिवार की गर्भनाल कहां से जुड़ी हुई है? यह सवाल बहुत से लोगों के मन में होगा और समय-समय पर उठता भी रहता है। जवाहरलाल नेहरू ने गोरों से जो संबंध बनाए, वह उनकी दूसरी और तीसरी पीढ़ी के लोगों के काम आ रहे हैं। आपको एक किस्सा सुना रहा हूं। इसे ब्रिटिश राइटर कैथरीन फ्रैंक ने लिखा है।
फ्रैंक ने इंदिरा गांधी पर एक किताब लिखी है- इंदिरा : द लाइफ ऑफ इंदिरा नेहरू गांधी। इसमें उन्होंने लिखा है कि 1977 में चुनाव हारने के बाद इंदिरा गांधी लंदन पहुंचीं। हीथ्रो एयरपोर्ट पर जब वह उतरीं तो वहां पत्रकारों ने पूछा कि क्या आप आप अपनी राजनीतिक वापसी के लिए लंदन आई हैं? तो उन्होंने कहा, मैं गई ही कब थी? उसके बाद वह वहां के बड़े महंगे और मशहूर होटल क्लरजियस में रुकीं, जिसमें वह प्रधानमंत्री के रूप में भी रुकी थीं। उनकी लंदन यात्रा को स्वराज पॉल स्पान्सर कर रहे थे। वह उनकी मेहमान थीं। कैथरीन फ्रैंक ने लिखा है कि स्वराज पॉल ने वहां पर इंदिरा गांधी की कई रैलियां कराईं, जिसमें इंग्लैंड में रहने वाले भारतीय मूल के कई प्रभावशाली लोग शामिल हुए। इंदिरा की मुलाकात उस समय के इंग्लैंड के प्रधानमंत्री जेम्स कैलहन और डिप्टी प्राइम मिनिस्टर माइकल फुट से भी कराई गई। उसके अलावा लेबर और कंजर्वेटिव पार्टी के बड़े नेताओं के साथ उनकी बैठक करवाई। कैथरीन फ्रैंक लिखती हैं कि बड़े आश्चर्य की बात है कि अपने को इतना पुराना लोकतंत्र बताने वाला ब्रिटेन एक ऐसी नेता के स्वागत में जुटा था, जिसने अभी कुछ समय पहले ही इमरजेंसी लगाई थी और नागरिकों के अधिकार छीन लिए थे। उस इंदिरा गांधी के राजनीतिक पुनर्वास में पूरा ब्रिटेन जुटा हुआ था। अब आप इस संबंध को समझिए। फ्रैंक ने आगे लिखा है कि यह है एंटाइटेल्ड लोगों की ताकत। वह भला करें या बुरा, हर हाल में उनका स्वागत होता है। भारत की राजनीति के जो एलीट हैं, उसमें इंग्लैंड ने लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट कर रखा है। जिसका इतिहास में आपको कहीं और कोई उदाहरण नहीं मिलेगा। फिर वह लिखती हैं कि यही कारण है कि इस परिवार में जो एंटाइटलमेंट का भाव है, इसमें कभी कमी नहीं आती। उनको मालूम है कि उनके लिए समर्थन जुटाने और नैरेटिव बनाने के लिए लोग इंग्लैंड में बैठे हुए हैं। उनको मदद करने वालों की कभी कोई कमी नहीं होने वाली।
तो कांग्रेस और इस गांधी-नेहरू परिवार के अंदर जो एंटाइटलमेंट का भाव है, आप उसको समझिए। नेहरू ने माउंटबेटन और उनकी पत्नी से जो संबंध बनाए थे, वह आज भी इस परिवार के काम आ रहे हैं। नेहरू ने भारत के हितों पर इन दोनों से अपने संबंधों को वरीयता दी। इसको अगर वर्तमान से जोड़िए तो याद कीजिए राहुल गांधी की भी लंदन यात्रा हुई थी। उनके लिए रेड कारपेट बिछाया गया था क्योंकि वह इस परिवार के एलीट हैं। राहुल गांधी के अंदर जो एंटाइटलमेंट का भाव है, वह इसी कारण है। और जवाहरलाल नेहरू का वह बयान याद कीजिए कि मैं भारत का आखिरी ब्राउन शासक हूं। अपने को भारतीय कहने में उनको कभी गर्व महसूस नहीं हुआ। हिंदू तो माना ही नहीं। उन्होंने कहा था कि एक्सीडेंटल हिंदू हूं। तो इस परिवार का जो एंटाइटलमेंट का भाव है, उसकी गर्भनाल इंग्लैंड से जुड़ी हुई है। इन्हें नरेंद्र मोदी से नफरत इसीलिए है क्योंकि मोदी इस गर्भनाल को काटने में जुटे हुए हैं और सफलता भी मिल रही है। (08.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)








