सत्य से साक्षात्कार-12

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
कांग्रेस का अंग्रेजों के साथ बड़ा गहरा रिश्ता था। इसके सैकड़ों उदाहरण हैं, जो या तो बताए नहीं गए या छिपाए गए। अब बहुत सी चीजें निकल कर आ रही हैं और ये सब डॉक्यूमेंटेड हैं, सुनी-सुनाई बातें नहीं हैं।
माउंटबेटन चाहते थे कि 15 अगस्त को यूनियन जैक और भारतीय तिरंगा दोनों फहराए जाएं। उन्होंने नेहरू के सामने प्रस्ताव भेजा था कि साल में 10 ऐसे अवसर हैंं, जिन पर यूनियन जैक और तिरंगा दोनों साथ फहराया जाना चाहिए। उनमें से मैं सिर्फ दो तारीखों की बात कर रहा हूं। कौन सी तारीखें थीं? एक ब्रिटेन के राजा का जन्मदिन और दूसरा ब्रिटेन की महारानी का जन्मदिन। अब आप इससे अंदाजा लगा लीजिए कि क्या रिश्ते थे। नेहरू ने 6 अगस्त 1947 को माउंटबेटन को लिखा कि इस साल 15 अगस्त को तो नहीं, लेकिन अगले सालों से 15 अगस्त को यूनियन जैक और तिरंगा दोनों एक साथ फहराए जाएंगे। अब इस बात की आज आप कल्पना कर सकते हैं कि जिस गुलामी से हम छुटकारा पा रहे थे, उस देश का झंडा हमारे तिरंगे के साथ फहराया जाएगा और इसके लिए नेहरू तैयार हो गए थे। और सबसे हैरत की बात कि ‘दे दी हमें आजादी, बिना खडग बिना ढाल’ वाले गांधी जी ने मुंबई में प्रार्थना सभा में कहा, मुझे सुनकर बड़ा दुख हुआ है कि भारत के झंडे पर यूनियन जैक नहीं होगा। अच्छा होता कि भारतीय झंडे के एक कोने में यूनियन जैक भी रहता। यह पुराने दुश्मन के प्रति शिष्टाचार के रूप में होता। अब आप सोचिए कि गांधी जी कितने बड़े राष्ट्रवादी थे? यह प्रस्ताव कांग्रेस कार्य समिति को भी भेजा गया था। उसके कुछ सदस्यों ने जाकर गांधी जी को बताया कि कार्य समिति ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। नेहरू को इसकी आशंका थी इसीलिए उन्होंने कहा था कि यह प्रस्ताव कार्य सममिति में जाएगा तो कांग्रेस के राष्ट्रवादी सदस्य इसे अंग्रेजों को खुश करने वाला बताएंगे। अब आप देखिए कि यह अंग्रेजों को खुश करने वाला नहीं तो और क्या था? साथ ही यह भी समझिए कि नेहरू को कांग्रेस के राष्ट्रवादियों से कितनी चिढ़ थी। गांधी जी तो तिरंगे को पहले ही रिजेक्ट कर चुके थे। उनकी आपत्ति थी कि तिरंगे में चरखा नहीं है इसलिए वह तिरंगे को प्रणाम और स्वीकार नहीं करेंगे। तिरंगे का डिजाइन संविधान सभा ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया था और यह फैसला 22 जुलाई 1947 को ही हो गया था। उसके बाद भी नेहरू और गांधी का यह रवैया था। यूनियन जैक को तिरंगे में शामिल करने को लेकर गांधी जी ने तर्क दिया था कि भारतीयों पर अत्याचार तो अंग्रेजों ने किया, उनके झंडे ने कोई अत्याचार नहीं किया। अब आप इस बात को सुनकर हंसें, रोएं या अपना सिर पीट लें, क्या करेंगे? केवल नेहरू-गांधी परिवार ही नहीं,कांग्रेस की गर्भनाल भी अंग्रेजों से जुड़ी हुई है। कांग्रेस पार्टी तो बनाई ही अंग्रेजों ने थी। उसके शुरू के कई अध्यक्ष अंग्रेज अधिकारी ही थे। वह पार्टी जो भारत की स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ने वाली थी, उसको बनाया उन्हीं लोगों ने जिनके खिलाफ लड़ाई लड़ी जानी थी। इससे आप समझ लीजिए कि कांग्रेस पार्टी ने आजादी के आंदोलन में किस तरह की और कौन सी भूमिका निभाई? (09.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)