300 से ज्यादा मतदान केंद्रों को पूरी तरह महिलाएं करेंगी संचालित
उन्होंने कहा कि देश में अब जितने भी चुनाव होते हैं, वहां कोई हिंसा नहीं होती है और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। आयोग सुनिश्चित करेगा कि इन तीनों राज्यों में भी चुनावों के दौरान कोई हिंसा नहीं हो। चुनाव आसान हों, ऐसे पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 300 से ज्यादा मतदान केंद्रों को पूरी तरह से महिलाएं संचालित करेंगी। कई जगह बच्चे साथ लाने वाली महिला मतदाताओं के लिए क्रेच भी बनाए जा रहे हैं। युवाओं को वोटिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवा कर्मचारियों के माध्यम से चुनाव मतदान केंद्रों को ज्यादा प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा। सभी केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं करने की व्यवस्था की जायेंगी।

चुनाव में नागालैंड की एक रोचक तस्वीर है
चुनाव आयोग ने कहा कि इस चुनाव में नागालैंड की एक रोचक तस्वीर है, जिसमें एक घर आधा भारत में पड़ता है और आधा म्यांमार में पड़ता है। कई जगह अस्थायी पुल हैं और वहां से पोलिंग पार्टी को अपने तैनाती केंद्र पर जाना पड़ेगा जिसकी प्रशंसा होनी चाहिए। उनका कहना था कि प्रयास किये जा रहे हैं कि कोई भी मतदाता मताधिकार से वंचित नहीं रहे। विद्यार्थियों की परीक्षा प्रभावित नहीं हो, इसलिए मार्च से पहले मतदान प्रक्रिया पूरा करने की कोशिश की गई है।
समाप्त हो रहा तीन विधानसभाओं का कार्यकाल
उन्होंने कहा कि तीन विधानसभाओं नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा का कार्यकाल क्रमश: 12,15 और 22 मार्च को समाप्त हो रहा है। इन तीनों राज्यों में पिछले कुछ चुनावों से लगातार मतदान प्रतिशत बढ़ रहा है और महिलाओं की मतदान में भागीदारी ज्यादा रही है जो लोकतंत्र के लिए गौरव की बात है। (एएमएपी)



