
12 पार्टियों ने रेल मंत्री से मांगा इस्तीफा
ओडिशा के बालासोर ट्रेन हादसे की सीबीआई से जांच को कांग्रेस समेत 12 दलों ने खारिज किया है। इन दलों की राज्य इकाइयों ने सोमवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग की ताकि निष्पक्ष जांच का मार्ग प्रशस्त हो सके। कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भाकपा (माले) लिबरेशन, भाकपा (माले) रेड स्टार, अखिल भारतीय फॉरवर्ड ब्लॉक, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), आरपीआई, आम आदमी पार्टी (आप) और समता क्रांति दल आदि ने संयुक्त बैठक की।
बैठक में यह कहते हुए एक प्रस्ताव पारित किया कि उन्होंने सीबीआई द्वारा जांच को खारिज कर दिया। इन दलों ने केंद्रीय एजेंसी पर भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि अदालत की निगरानी में एसआईटी की ओर से मामले की जांच कराई जाए। वहीं, रेलवे ने बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना में प्रभावित हुए लोगों के परिवारों की मदद के लिए ओडिशा सरकार के साथ मिलकर तीन ऑनलाइन लिंक तैयार किए हैं। इन लिंक में मृतकों की तस्वीरें और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती यात्रियों की सूची दी हुई है।(एएमएपी)



