राकेश टिकैत ने की प्रदर्शन खत्म करने की घोषणा।
टिकैत ने प्रदर्शन खत्म करने का किया ऐलान

हरियाणा सरकार द्वारा किसानों की मांग माने जाने के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने भी प्रदर्शन खत्म करने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि हम प्रदर्शन खत्म कर रहे हैं। ब्लॉक की गई सड़कों को आज ही खोल दिया जाएगा। टिकैत ने कहा कि हम इसलिए प्रदर्शन कर रहे थे ताकि हमारी फसलों को देश भर में तय एमएसपी पर खरीदा जाए। जेल में बंद हमारे नेताओं को भी जल्द छोड़ दिया जाएगा। उनके खिलाफ दर्ज सभी मामलों को भी वापस ले लिया जाएगा। वहीं, किसान नेता सुरेश कोट ने कहा कि सरकार एमएसपी और बाजार मूल्य के बीच के अंतराल को भरने पर राजी हो गई है। उन्होंने किसानों का समर्थन करने के लिए वहां जुटे लोगों का आभार भी जताया।
किसानों के खिलाफ लंबित मुकदमे होंगे वापस
इससे पूर्व कुरुक्षेत्र के जिला कलेक्टर शांतनु शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार हमेशा किसानों के साथ रही है। वहीं, कुरुक्षेत्र के एसपी सुरिंदर सिंह भोरिया ने कहा कि हमने किसानों से प्रदर्शन बंद करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार और पुलिस हमेशा किसानों के साथ है। एसपी ने कहा कि हमें अनुमान है कि यह विरोध प्रदर्शन जल्द ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने एमएसपी को बढ़ाकर 500 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। साथ ही किसानों के खिलाफ सभी लंबित मामलों को भी वापस लिया जाएगा।(एएमएपी)



