सच छिपाने के लिए गढ़े नए झूठ,कांग्रेस के लिए बनेगी गले की हड्डी।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
सोनिया गांधी की किताब ने वह कर दिया जो उनके बड़े से बड़े विरोधी नहीं कर पाए। यानी सोनिया गांधी की कलई खोलकर रख दी। उनकी कोशिश तो थी कि जिस तरह से 2004 में तथाकथित रूप से प्रधानमंत्री का पद अस्वीकार करके वह त्याग की देवी बनी थीं,वही महानता का दर्जा फिर से प्राप्त करें, लेकिन उनकी किताब ने कई मुद्दों पर अभी तक उनको जो बेनिफिट ऑफ डाउट मिल रहा था, उसे खत्म कर दिया। सच्चाई सामने आ गई।
2004 से कांग्रेसी यह गुणगान करते थकते नहीं कि सोनिया गांधी ने कितना बड़ा त्याग किया। देश के प्रधानमंत्री का पद ठुकरा दिया। कौन ऐसा कर सकता है? अब आप जरा गौर कीजिए कि अगर कोई विदेशी है। जिसके खिलाफ उसी की पार्टी के लोग विद्रोह करते हैं। किस बात पर? प्रधानमंत्री छोड़िए, पार्टी अध्यक्ष बनने पर। लेकिन उसके मन में कोई अपराध बोध नहीं आता कि मैं क्या कर रही हूं और वह अध्यक्ष बनती हैं। वह भी उन सीताराम केसरी को कमरे में बंद करके जो उनके प्रति बेहद वफादार थे। यह है सोनिया गांधी की नैतिकता। आप मुझे दुनिया में एक उदाहरण बताइए कि जिसे बड़े पद की लालसा न हो और वह छोटे पद के लिए कुछ भी करने को तैयार हो जाए। जो महिला देश की प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहती थी, वह कैबिनेट दर्जा पाने के लिए इतनी व्याकुल थी कि एक संस्था एनएसी यानी नेशनल एडवाइज़री काउंसिल बनाई, उसकी अध्यक्ष बनीं और कैबिनेट का दर्जा मिल गया। अभी भी अगर आपको शक रह गया हो तो अगली जो घटना हुई उससे साबित हो जाएगा कि पद के लिए वह कितनी लालायित थीं। देश का कानून कहता है कि यह कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट है। वह सांसद रहते हुए इस पद पर नहीं रह सकती थीं। कई लोगों के साथ ऐसा हुआ और सबको इस्तीफा देना पड़ा। सोनिया गांधी को भी लोकसभा से इस्तीफा देना पड़ा। इस्तीफा देकर वह फिर बाय इलेक्शन लड़ीं और जीत कर आईं। उसके बाद कानून बदल दिया। एनएससी के चेयरमैन के पद को कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट के दायरे से बाहर कर दिया और फिर से चेयरमैन बनीं और फिर से कैबिनेट का रैंक का दर्जा लिया। तो जो कैबिनेट रैंक का पद पाने के लिए इतनी बेचैन है कि उसके लिए कानून बदल दे रही है,उसे त्याग की देवी बताया जा रहा है।
सोनिया ने अपनी किताब में लिखा है कि मैंने पार्टी संभाली और मनमोहन सिंह ने सरकार संभाली। दोनों अपना-अपना काम कर रहे थे। इससे बड़ा झूठ तो दुनिया में कभी बोला ही नहीं गया होगा। इस बात के हजारों उदाहरण हैं कि वह लगातार सरकार के कामकाज में दखल देती थीं। एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर और नटवर सिंह की वन लाइफ इज नॉट इनफ किताबों को पढ़ लीजिए। सोनिया गांधी के पास हर फाइल जाती थी। सोनिया गांधी के आदमी हर मिनिस्ट्री और हर डिपार्टमेंट में थे। मनमोहन सिंह की इतनी हैसियत नहीं थी कि वह कोई फैसला सोनिया गांधी की मर्जी के खिलाफ ले सकें। एनएसी में जो प्रस्ताव पास होता था, वह कैबिनेट का प्रस्ताव और फिर कानून बनता था। इससे बड़ा हस्तक्षेप क्या करेंगे आप? सोनिया गांधी दो कारणों से प्रधानमंत्री नहीं बनीं। एक अपने बेटे की जिद और दूसरा कानूनी प्रावधानों के कारण। वह इटली की नागरिक होते हुए इस देश में प्रधानमंत्री या कोई संवैधानिक पद नहीं ले सकती थीं। यह सरासर झूठ बोला गया कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद का त्याग किया। इतना ही नहीं उनके एनएसी का चेयरमैन बनने के बाद यह कोशिश की गई कि ऐसी संवैधानिक व्यवस्था हो जाए कि उनके पास हर डिपार्टमेंट की फाइल जाए। वह तो विपक्ष ने बहुत हंगामा मचाया कि ऐसी संवैधानिक व्यवस्था कैसे हो सकती है? क्योंकि एनएसी का चेयरमैन पद और गोपनीयता की शपथ तो लेता नहीं। जो इसकी शपथ नहीं लेते उनको कोई भी सरकारी दस्तावेज कैसे दिखाया जा सकता है।
इसके अलावा दो और घटनाएं याद दिला दें। मेनका गांधी ने सिमी ग्रेवाल को एक इंटरव्यू दिया था। उसमें उन्होंने बताया कि घर में मेरी हालत ऐसी थी कि मेहमान आते थे तो खाना खाने की मेज पर मुझे जगह नहीं मिलती थी। सोनिया गांधी द्वारा जितना मैं सताई गई, उतनी ही इंदिरा गांधी भी सताई गईं। जब सोनिया गांधी का पहला बच्चा नहीं रहा तो उसके बाद वह डायनेस्टी को लेकर बहुत ज्यादा जिद पर आ गई थीं। उन्होंने शर्तें रखनी शुरू कर दीं। उसमें से एक थी कि या तो मेनका गांधी को घर से निकालो नहीं तो मैं और राजीव गांधी देश छोड़कर चले जाएंगे। इंदिरा गांधी मजबूर थीं। मेनका का यह इंटरव्यू कई साल पुराना है। दूसरी बात एस गुरुमूर्ति ने जुलाई 2004 में लिखे एक लेख में कही है। न्यू इंडियन एक्सप्रेस में लेख छपा था कि इटली के पुलिस अधिकारियों ने रॉ के एक अधिकारी को बताया कि सोनिया गांधी को भारत के सुरक्षा कर्मियों पर विश्वास नहीं है। वह इटली की सुरक्षा पर विश्वास करती हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि बोफोर्स में लगातार क्वात्रोक्कि और सोनिया गांधी का नाम आता रहा है। सोनिया गांधी ने किताब में इसके बारे में कोई सफाई नहीं दी है। क्या सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि 2004 में यूपीए की सरकार बनने के बाद उनकी मां और दो बहनें भारत आकर दिल्ली में रहने लगीं। उनको लुटियंस दिल्ली में सरकारी बंगले अलॉट हुए। किस अधिकार से? सबसे हास्यास्पद सफाई तो किताब में उन्होंने सिटीजनशिप को लेकर दी है। उन्होंने कहा है कि 15 साल तक भारत की नागरिकता इसलिए नहीं ली ताकि मैं अपने माता-पिता से मिलने इटली जाऊं तो ट्रेवल में सहूलियत हो। आप मान सकते हैं कि अगर वह इटली की नागरिक नहीं रहतीं तो राजीव गांधी की पत्नी को इटली आने—जाने में परेशानी हो सकती थी। इस देश में हजारों लोग इटली आते—जाते हैं। किसी को परेशानी होती है क्या? इसके अलावा किताब में उन्होंने कहा कि गोधरा कांड के बारे में अब भी संदेह बना हुआ है। अब आप देखिए जांच कमीशन बना, इन्वेस्टिगेटिव एजेंसी ने जांच की, मुकदमा चला और दोषियों को सजा हो चुकी है, लेकिन सोनिया गांधी के लिए अभी संदेह बना हुआ है। लेकिन जरा याद कीजिए 1984 के सिख नरसंहार के बारे में इस परिवार का क्या कहना है? राजीव गांधी का ही बड़ा मशहूर बयान है कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। आप मुझे एक बयान बताइए जब गुजरात के दंगों को नरेंद्र मोदी, भाजपा या संघ परिवार किसी ने जस्टिफाई किया हो कि ठीक है गोधरा की प्रतिक्रिया में दंगे हुए।
इस बात का भी प्रचार किया जाता है कि 2004 में सोनिया गांधी को मैंडेट मिला जबकि कांग्रेस और भाजपा में सिर्फ छह सीटों का अंतर था। 2004 में बीजेपी ने अपने अहंकार में डीएमके को एनडीए से बाहर कर दिया। उस चुनाव में डीएमके अगर एनडीए में रहा होता तो फिर से अटल बिहारी वाजपेयी की शपथ होती। 543 में से सिर्फ 147 सीटें कांग्रेस को मिली थीं लेकिन उसको सोनिया के लिए मैंडेट कहा गया। अटल बिहारी वाजपेई को 1998 में 182 और 1999 में 183 सीटें मिलीं तो उसको मैंडेट नहीं माना जाता है। कांग्रेस तब परसेंटेज जोड़ती है कि इतने परसेंट लोग तो खिलाफ थे। कोई यह बात नहीं कहता कि जवाहरलाल नेहरू जो तीन चुनाव जीते उनमें किसी में उनको 50% वोट नहीं मिला। सोनिया गांधी ने किताब आने से पहले कहा था कि अभी तक मेरे बारे में दूसरे लोग लिखते रहे हैं। अब मैं बताऊंगी सच क्या है। तो उन्होंने सच नहीं बताया है बल्कि नया झूठ बोला है। ये किताब झूठ का पुलिंदा है और मेरा मानना है कि सोनिया गांधी ने यह किताब लिखकर अपने राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी भूल की है। इसने सोनिया गांधी का वह काला पक्ष दिखाया है, जिसके बारे में लोगों को संदेह था कि सही भी है कि नहीं। सोनिया गांधी में जरा भी ईमानदारी होती तो बतातीं कि बोफोर्स में उनकी क्या भूमिका थी? क्वत्रोक्कि को क्यों भगाया गया? यह सब न बताकर उन्होंने इन आरोपों को कंफर्म किया है कि इसमें उनकी बड़ी भूमिका थी। सोनिया गांधी के बारे में न्यूयार्क टाइम्स में एक खबर छपी थी कि उनको 1991 में 2.2 बिलियन डॉलर विरासत में मिले। इस पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ने अमेरिका में मुकदमा किया। अमेरिकी कोर्ट ने उसे रिजेक्ट कर दिया और कहा कि ऐसा मुकदमा करने का अधिकार सिर्फ सोनिया गांधी को है। सवाल है कि सोनिया गांधी ने मुकदमा क्यों नहीं किया? क्यों नहीं कहा कि यह सब झूठ लिखा है। उन्होंने कभी उसका खंडन नहीं किया और किताब में भी नहीं बताया कि राजीव गांधी के निधन के बाद उन्हें विरासत में कितने पैसे मिले। मेनका गांधी अपने इंटरव्यू में कह ही चुकी हैं कि सोनिया गांधी को पैसे का लालच था। ऐसे तमाम सवाल थे जिनके बारे में उम्मीद की जा रही थी कि सोनिया गांधी कुछ बोलेंगी,लेकिन वह सब छिपा गईं। तो यह किताब आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी के गले की हड्डी बनने वाली है।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)