विदेशी हाथों में थमा दी पीएम और देश की सुरक्षा, राजीव के पीएम बनते ही शुरू हो गया था सोनिया राज।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
सोनिया गांधी बार-बार कहती हैं और अपनी किताब में भी लिखा है कि उन्होंने भारत को पूरी तरह से अपना लिया, लेकिन क्या यह सच है? उनके जो क्रियाकलाप हैं, खासतौर से राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद, मैं उनका जिक्र करना चाहता हूं। उससे आपको समझने में मदद मिलेगी कि सोनिया गांधी का यह दावा कितना सही है।
राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने तो सुरक्षा के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) एक्ट बना। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए पहली बार एसपीजी की व्यवस्था की गई, लेकिन सोनिया गांधी को भारत की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा ही नहीं था। उनका भरोसा इटली की सुरक्षा व्यवस्था पर था और उनके प्रभाव में राजीव गांधी भी उसे ही बेहतर मानने लगे थे। प्रधानमंत्री जब उसकी तारीफ करते थे तो देश के सुरक्षा सेटअप में जो लोग थे, वे बड़े असहज हो जाते थे। इन अधिकारियों ने प्रधानमंत्री की इटली की सुरक्षा पर इस तरह के भरोसे को लेकर चिंता जाहिर की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। राजीव गांधी ने तय किया कि एसपीजी के लोगों को ट्रेनिंग इटली की सुरक्षा व्यवस्था में लगे विशेषज्ञ देंगे। राजीव गांधी ने सोनिया गांधी के व्यापारी बहनोई को इस ट्रेनिंग प्रोजेक्ट से जोड़ लिया,जबकि उसका सिक्योरिटी से कोई लेना-देना नहीं था। सोनिया गांधी ने रॉ के वरिष्ठ अधिकारी रहे बी रमन से कहा कि वे उनके बहनोई से बातचीत करें। बी रमन ने 16 मई 1999 को स्टेट्समैन में लिखे एक लेख में यह बातें कही हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी मुश्किल से अपनी जान छुड़ाई। उस समय के कैबिनेट सेक्रेटरी देशमुख साहब ने भी इस बारे में अपनी किताब फ्रॉम पुणे टू प्राइम मिनिस्टर ऑफिस: अ कैबिनेट सेक्रेटरी लुक्स बैक में लिखा है। उन्होंने लिखा है कि 1 अक्टूबर 1986 को प्रस्ताव आया कि भारतीय सुरक्षा अधिकारियों को ट्रेनिंग के लिए इटली भेजा जाएगा। बी रमन ने भी अपनी किताब काऊ बॉयज ऑफ रॉ: डाउन द मेमोरी लेन में लिखा है कि राजीव गांधी चाहते हैं कि एसपीजी के पहले ग्रुप को प्रशिक्षण इटली के विशेषज्ञ दें। तो इटली के विशेषज्ञों का एक दल दिल्ली आया और उसने रॉ के गेस्ट हाउस में एसपीजी के लोगों को प्रशिक्षण दिया। एसपीजी के अधिकारियों ने शिकायत की कि इटली से आए इन विशेषज्ञों का व्यवहार बड़ा रूखा होता है। लेकिन कौन सुनवाई करता? राजीव और सोनिया गांधी जब ऐसा चाहते थे तो किसी की बोलने की हिम्मत हो सकती थी? अब असली बात आती है। देशमुख कहते हैं कि इटली के विशेषज्ञों से एसपीजी के लोगों को ट्रेनिंग दिलाने के प्रस्ताव पर न तो मैंने विचार किया और न मंजूरी दी, लेकिन यह काम शुरू हो गया तो वह राजीव गांधी के पास गए। राजीव गांधी ने उनसे कहा कि आप चिंता मत कीजिए। इसका  जो भी खर्च आएगा वह पार्टी देगी। इस पर देशमुख ने कहा कि एसपीजी इस देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा करती है, राजीव गांधी नाम के व्यक्ति की नहीं। इसलिए अगर ट्रेनिंग होगी तो उसका खर्च सरकार ही देगी।
अब इसमें आ जाते हैं सतीश शर्मा। उस समय रॉ के प्रमुख थे एसई जोशी। उनसे सतीश शर्मा ने कहा कि आप इन इटली के लोगों से बात करें किंतु जोशी ने इस पर बहुत ज्यादा ध्यान दिया नहीं। लेकिन देशमुख ने लिखा है कि उन्होंने इस पूरे प्रोजेक्ट में कौन बिचौलिया है, इसके बारे में जोशी से पूछा। तो जोशी ने उन्हें जो बताया उसे सुनकर आप कहेंगें कि देश में क्या हो रहा था? सोनिया गांधी का राज 2004 में नहीं आया। उनका राज तो जिस दिन राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, उसी दिन से शुरू हो गया था। रॉ चीफ जोशी ने उन्हें बताया कि इस पूरे ट्रेनिंग प्रोजेक्ट का बिचौलिया सोनिया गांधी का रिश्तेदार है और इस प्रोजेक्ट के लिए बिचौलियों को ढाई लाख डॉलर का भुगतान होना है। बिचोलिया चाहता है कि इस ढाई लाख डॉलर का भुगतान उसको इटली में, इटालियन करेंसी में और कैश हो। इसके भुगतान के लिए रॉ ने अपने जिनेवा ऑफिस से इंतजाम किया हुआ था। हालांकि जोशी इस बात से खुश नहीं थे कि इतना बड़ा अमाउंट कैश और इटालियन करेंसी में कैसे दिया जाएगा। तो फिर से देशमुख साहब राजीव गांधी के पास गए और कहा यह प्रस्ताव मानना संभव नहीं है। लेकिन मामला ससुराल का था। सोनिया गांधी की चल रही थी। तो रॉ को भुगतान करना पड़ा। अप्रैल 1986 में अरुण नेहरू का एक इंटरव्यू इलस्ट्रेटेड वीकली में छपा है। उसमें उन्होंने कहा, मुझे पता है कि इटली के एक्सपर्ट यहां आए थे और हमारे सुरक्षा अधिकारी इटली भेजे गए। नेहरू ने इस इंटरव्यू में बताया कि क्वात्रोक्कि का व्यवहार ऐसा था, जैसे दिल्ली पर उसका राज हो क्योंकि वह सोनिया गांधी के दोनों बहनोइयों के करीब था। उन्होंने सोनिया के बहनोइयों के नाम भी बताए जोस वेलडेमरो और वाल्टर विंची। अरुण नेहरू ने कहा कि बड़ी संख्या में अधिकारी इस प्रोजेक्ट के खिलाफ थे। यह मामला केवल इतना ही नहीं था। संडे पत्रिका में 1989 में अरुण नेहरू का एक और इंटरव्यू छपा। उसमें उन्होंने कहा कि क्वात्रोक्कि चाहता था कि इटालियन बरेटा पिस्तौल भारत खरीदे और उसके बाद उन्होंने जो बताया वह भारत और प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाता है। उन्होंने कहा कि क्वात्रोक्कि रैक्स फोन का इस्तेमाल करता था। रैक्स फोन प्रधानमंत्री और मंत्रियों के बीच में एक तरह की हॉट लाइन थी। यहां तक कि वह प्रधानमंत्री के रैक्स फोन का भी इस्तेमाल करता था। अब यह बात तो किसी से छिपी है नहीं कि 10 जनपथ पर क्वात्रोक्कि का खूब आना जाना था। अरुण नेहरू ने कहा कि क्वात्रोक्कि ने बहुत से लोगों को सोनिया से मिलवाया। उनमें से एक थीं पाकिस्तानी जासूस फरीदा अताउल्लाह। सवाल है कि क्वात्रोक्कि ने उन्हें सोनिया गांधी से क्यों मिलवाया और सोनिया गांधी क्यों मिलीं? उसके बाद क्या हुआ, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में भी इस बारे में कुछ नहीं कहा है।
12 मई 1988 को संसद में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। सीपीएम के सांसद दीपेन घोष ने राज्यसभा में कहा कि हमें बताया गया कि जो एक्सपर्ट आए थे वे हाईली मोटिवेटेड प्रोफेशनल्स थे। तो उन्होंने व्यंग्य किया कि रिश्तेदारों से ज्यादा मोटिवेटेड कौन हो सकता है? तो राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह सब कुछ हो रहा था। सोनिया गांधी तय कर रही थीं कि एसपीजी को ट्रेनिंग कौन देगा? तो जिस महिला को इस देश के सुरक्षा अधिकारियों, सुरक्षा बलों पर भरोसा नहीं हो और वह दावा करे कि उसने इस देश को अपना लिया, यह कैसे माना जा सकता है? सवाल यह भी है कि राजीव गांधी और सोनिया गांधी को इटली की सुरक्षा पर इतना ज्यादा भरोसा क्यों था? ऐसा भी नहीं है कि दुनिया में इटली की सुरक्षा व्यवस्था सबसे अच्छी मानी जाती हो और मानी भी जाती हो तो अपने देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा को इस तरह से एक्सपोज कौन करता है? तो इसलिए कह रहा हूं कि 2004 से 14 तक ही सोनिया का राज था, इस पर ही न अटके रहिए। यह सिलसिला 31 अक्टूबर 1984 से शुरू होता है। जिस दिन राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री के पीछे की ताकत सोनिया गांधी थीं। यह बार-बार अलग-अलग घटनाक्रमों में निकल कर सामने आता है। राजीव गांधी पूरी तरह से सोनिया गांधी के वश में थे। अब पति पत्नी के वश में हो, यह कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन देश का प्रधानमंत्री एक विदेशी नागरिक के वश में हो,वह भी ऐसे जिसने 15 साल तक भारत की नागरिकता नहीं ली। सोनिया ने भारत की नागरिकता तब ली, जब पक्का हो गया कि राजीव गांधी ही इंदिरा गांधी के राजनीतिक वारिस बनेंगे। इस घटना से आप अंदाजा लगाइए कि राजीव की सरकार में इटली के लोगों और सोनिया गांधी के परिवार का दखल किस कदर था। ये तो कुछ ही बातें सामने आई हैं। बहुत सी बातें सामने नहीं आई हैं। तो इसलिए अगर यह देश सोनिया गांधी के बावजूद बचा रह गया तो यह सिर्फ और सिर्फ ईश्वर की कृपा है।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)