सत्य से साक्षात्कार-3।
प्रदीप सिंह।
देश में पहला हेट क्राइम कब हुआ? बहुत से लोग कहेंगे कि 2015 में हुआ, जब अखलाक की हत्या हुई। उस समय अवार्ड वापसी गैंग और न जाने क्या-क्या चला। देश में और दुनिया भर में उसकी चर्चा हुई। लेकिन देश का पहला और सबसे बड़ा हेट क्राइम, जिसमें नरसंहार हुआ, 30 जनवरी 1948 को हुआ। जिस दिन गांधी की हत्या हुई उसी दिन शाम को 50 महाराष्ट्रियन ब्राह्मणों की नागपुर में हत्या कर दी गई। इस मामले में करीब 8000 महाराष्ट्रियन ब्राह्मणों की हत्या हुई और छह से 10 करोड़ रुपये की संपत्ति को जला दिया गया। बंबई में हुई हत्याओं की खबर न्यूयॉर्क टाइम्स में लीड बनी।
आप आज गोदी मीडिया की बात सुनते हैं। हेट क्राइम की बात सुनते हैं। मॉब लिंचिंग की बात सुनते हैं। इसकी खबर आपको मिली थी क्या? किसी इतिहासकार ने इस पर कुछ लिखा क्या? इस पर केवल दो लोगों का लिखा हुआ मिलता है। पहला, ब्रिटिश लेखिका मॉरीन पैटर्सन। गांधी की हत्या के करीब दो दशक बाद वह इस घटना पर रिसर्च करने व किताब लिखने के लिए भारत आईं। उन्होंने गोडसे एंड गांधी किताब में इन घटनाओं का जिक्र किया है। उनका कहना है कि घटना के दो दशक बाद भी महाराष्ट्र की पुलिस उनको 1948 की इन घटनाओं के रिकॉर्ड दिखाने के लिए तैयार नहीं थी। इस पूरे नरसंहार को दबा दिया गया। अखबारों को निर्देश थे कि या तो कुछ छपे ही नहीं या कम से कम छपे। उस समय यह था मीडिया की स्वतंत्रता का हाल। आज कुछ भी हो तो गोदी मीडिया का नाम आता है। इन घटनाओं का जिक्र करने वाले दूसरे लेखक हैं सूरज कुमार। उनकी किताब है 1948—ब्राह्मण जेनोसाइड ऑफ महाराष्ट्र : द ग्रुसम एपिसोड ब्लॉटेड आउट ऑफ इंडियन हिस्ट्री। आप केवल इस टाइटल से समझ सकते हैं कि क्या हुआ, लेकिन अगर आपको अभी भी शक है तो कांग्रेस के एक बड़े नेता थे द्वारका प्रसाद मिश्र। वह मध्य प्रदेश के लंबे समय तक मुख्यमंत्री भी रहे। उन्होंने दो खंडों में अपने संस्मरण लिखे हैं। दूसरे खंड में उन्होंने इस घटना का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि नागपुर में जो लोग हिंसा के लिए निकले, उनमें से अधिकांश कांग्रेसी थे। ये लोग वोटर लिस्ट लेकर निकले और घर-घर जाकर ब्राह्मणों की पहचान की। पहले तो चितपावन ब्राह्मणों, क्योंकि गोडसे चितपावन ब्राह्मण थे, की हत्या हुई। फिर देशस्थ ब्राह्मण, फिर कोकणस्त ब्राह्मण और उसके बाद जो भी महाराष्ट्रियन ब्राह्मण मिला, उन सबकी हत्या की गई। उस समय जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे और चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की, किसी ने कुछ नहीं किया। इस जेनोसाइड के बारे में आपने जवाहरलाल नेहरू का कोई बयान सुना है क्या? एडवोकेट पीएल इनामदार ने विजय संपत को, जब वह सावरकर पर किताब लिख रहे थे, बताया कि मेरे रिश्तेदारों को इसलिए मार दिया गया क्योंकि वे महाराष्ट्रियन ब्राह्मण थे। जो भाग गए या कहीं छिप गए, वही लोग बच पाए। तो भारत के इतिहास का सबसे पहला हेट क्राइम और मॉब लिंचिंग जवाहरलाल नेहरू की सरकार के जमाने में हुई। यह घटना हुई, यह एक बात है। इसकी चर्चा होने नहीं होने दी गई और खबर नहीं छपने दी गई, यह दूसरी बात है। कांग्रेस का पूरा इतिहास भरा पड़ा है कि सत्य से लोगों का साक्षात्कार न होने पाए। सच को दबाने, छिपाने और भरमाने की सबसे ज्यादा कोशिश कांग्रेस पार्टी ने की है। (30.06.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)











