कांग्रेस में बदलते मौसम का संकेत दे रहे वफादारों के सुर।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
मौसम चाहे प्राकृतिक हो या राजनीतिक, जब वह बदलने वाला होता है तो उसके संकेत पहले से मिलने लगते हैं। प्रकृति के मौसम में बदलाव का संकेत आमतौर पर गलत साबित नहीं होता, लेकिन राजनीतिक मौसम के बारे में पक्के तौर पर यह बात नहीं कही जा सकती। कई बार फॉल्स अलार्म भी होते हैं।
हाल ही में आपने राजीव गांधी के दोस्त और राहुल गांधी के राजनीतिक गुरु सैम पित्रोदा के बारे में एक खबर पढ़ी होगी। वह ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं। राहुल गांधी के विदेशों में जो भी कार्यक्रम होते हैं, उनका आयोजन वही करते हैं। उनको गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता है। उन्होंने भाजपा की कभी तारीफ की हो, ये सुना नहीं गया। उन सैम पित्रोदा को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली की बधाई दी और सैम पित्रोदा ने भी तुरंत उसका जवाब दिया। बधाई का जवाब आमतौर पर बधाई से ही दिया जाता है,लेकिन सैम पित्रोदा उससे कहीं आगे निकल गए। यहीं से शक की सुई उनकी ओर घूमने लगी। उन्होंने नरेंद्र मोदी को बधाई तो दी ही साथ में कहा, मेरे गुजराती दोस्त। इसके बाद सैम पित्रोदा ने कहा कि हम तो बहुत पुराने दोस्त हैं। हमारे जो भी मतभेद हैं, वे राजनीतिक हैं निजी नहीं। फिर बताया कि जब नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री थे तब वह उनके घर कई बार जा चुके हैं। अब ये सारी बातें सैम पित्रोदा ने तब कहीं हैं जब राहुल गांधी भाजपा और नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपने राजनीतिक जीवन की सबसे संघर्षपूर्ण लड़ाई लड़ रहे हैं। अलग-अलग तरीकों से अलग-अलग मुद्दे उठाकर बार-बार मोदी को चुनौती दे रहे हैं। इसी के साथ सैम पित्रोदा ने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी ने जो प्रदर्शन और आंदोलन किए, उसका असर जेन-जी पर नहीं पड़ा। अब ये बात भाजपा कहे तो समझ में आती है, लेकिन अगर ये बात सैम पित्रोदा कह रहे हैं तो आप समझिए कि बात कितनी गंभीर है। सैम पित्रोदा गांधी परिवार विशेषकर राहुल गांधी के खिलाफ कुछ बोल सकते हैं, इसकी कल्पना भी इस बयान से पहले नहीं की जा सकती थी, लेकिन सैम पित्रोदा ने बोला। राजनीति में टाइमिंग का बड़ा महत्व होता है। आप क्या बोल रहे हैं,ये तो महत्वपूर्ण होता ही है, लेकिन किस समय बोल रहे हैं,यह और भी महत्वपूर्ण होता है।
हाल ही में सोनिया गांधी की किताब आई है। सोनिया गांधी ने उस किताब के जरिए अपने निजी जीवन और कांग्रेस की सरकारों के जो काले धब्बे हैं, उनको धोने की बड़ी कोशिश की है। लेकिन नतीजा यह हुआ है कि वह दाग और गहरे हो गए हैं। इतने झूठ पकड़े जा रहे हैं कि गिनती करना मुश्किल हो गया है और मैं फैक्चुअल मिस्टेक्स की बात नहीं कर रहा हूं। जैसे सोनिया गांधी ने अपने पॉलिटिकल एडवाइजर अहमद पटेल की मृत्यु की तारीख और साल तक गलत लिखे हैं। यह कल्पना कौन कर सकता है, लेकिन सोनिया गांधी ने किया है। विवादास्पद मुद्दों पर अपनी किताब में उन्होंने जो भी सफाई दी हैं, वे सब झूठ साबित हो रही हैं। जैसे उन्होंने इमरजेंसी का सारा दोष संजय गांधी पर मढ़ दिया कि उन्होंने ही जबरन इमरजेंसी लागू करवाई। इंदिरा गांधी भी बाद में पछताईं कि वह गलत हुआ और राजीव गांधी तो शुरू से इमरजेंसी के विरोध में थे। जब आप इस तरह की बात लिखते हैं तो पहले तथ्यों को खंगाल लेते हैं कि कहीं किसी तथ्य से यह बात गलत तो साबित नहीं हो जाएगी। 1985 में मधु दंडवते के एक सवाल के जवाब में लोकसभा में राजीव गांधी ने इमरजेंसी के बारे में बोलते हुए कहा कि उस तरह की परिस्थितियां बनीं तो हम फिर से इमरजेंसी लागू करेंगे। और सोनिया गांधी कह रही हैं कि वह इमरजेंसी के खिलाफ थे। लेकिन बात सैम पित्रोदा की। जब वफादार लोगों की भाषा बदलने लगे तो समझिए कि कुछ गड़बड़ है। कुछ बड़ा परिवर्तन होने वाला है। तो सैम पित्रोदा का ये बयान किस तरह के परिवर्तन का संकेत देता है? अब कोई यह तो जानता नहीं कि भविष्य में क्या होगा। कांग्रेस के कुछ लोगों ने आरोप लगाना शुरू कर दिया है कि सैम पित्रोदा भाजपा में जा रहे हैं। इस पर पित्रोदा ने कहा,मैं कांग्रेस कभी नहीं छोडूंगा। लेकिन कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे और कांग्रेस में रहकर राहुल गांधी के खिलाफ बोलेंगे, ये कैसे संभव है? सैम पित्रोदा एक तरह से गांधी परिवार के सदस्य जैसे हैं। उनसे हर समय अपेक्षा यही होती है कि वे जब भी बोलेंगे कांग्रेस और परिवार के पक्ष में ही बोलेंगे। ये परिवार ऐसा है, जो परिवार के किसी सदस्य की आलोचना को बर्दाश्त नहीं करता और उसके विरोध में किसी भी हद तक जाने को तैयार रहता है। तो एक स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि राहुल गांधी और सैम पित्रोदा के संबंध अब पहले जैसे नहीं रहे। दोनों के बीच मतभेद हैं। अब किस मुद्दे पर और कितने गहरे मतभेद हैं, इनका पता तो आने वाले समय में ही चलेगा।
सैम पित्रोदा के ट्वीट से इतना तो तय हो गया कि वह राहुल गांधी से दूर होने की कोशिश कर रहे हैं और उसके दो ही तरीके होते हैं। एक तो नेता की आलोचना शुरू कर दें। तो सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी की आलोचना तो नहीं की। दूसरा तरीका होता है कि नेता का जो सबसे बड़ा राजनीतिक दुश्मन है, उसकी प्रशंसा शुरू कर दीजिए और सैम पित्रोदा ने वही किया है। नरेंद्र मोदी की प्रशंसा कांग्रेस पार्टी और खास तौर से गांधी परिवार में कोई सुनने को तैयार नहीं हो सकता। तो सैम पित्रोदा ने बहुत बड़ा अपराध किया है। इस अपराध की उन्हें क्या और कब सजा मिलेगी, ये देखने की बात है। लेकिन ये मेरी नजर में बहुत बड़ा बदलाव है। राहुल गांधी की अंतरराष्ट्रीय छवि गढ़ने में सैम पित्रोदा की सबसे बड़ी भूमिका है। वही सैम पित्रोदा राहुल गांधी की प्रशंसा करने के बजाय उनके धुर विरोधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा कर रहे हैं। ऐसा भी नहीं है कि हर साल दीपावली पर मोदी और पित्रोदा एक-दूसरे को बधाई देते रहे हों। कम से कम पिछले 12 साल में तो ये पहली बार हुआ है और ऐसे समय में हुआ है जब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी भाजपा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। तो राहुल गांधी के लिए इससे बुरी खबर इस समय पर और नहीं हो सकती थी। पहली बार जीवन में राहुल गांधी ने दिवाली मेले का आयोजन किया। इससे आप अंदाजा लगाइए कि वह जनता में उनकी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए हर तरह का तरीका अपनाने को तैयार हैं। ऐसे में उनके राजनीतिक गुरु कह रहे हैं कि उनका आंदोलन फ्लॉप हो गया। जिस वर्ग को लुभाने की कोशिश की, उस पर कोई असर नहीं हुआ। राहुल गांधी के खिलाफ इससे बड़ा अविश्वास क्या हो सकता है? इसका मतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बात की सूचना मिल गई थी कि राहुल और पित्रोदा के बीच मतभेद तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी का फायदा उठाने के लिए उन्होंने सैम पित्रोदा को दीपावली की बधाई दी, अन्यथा इससे पहले कभी क्यों नहीं दी? और सैम पित्रोदा ने भी जवाब देने में देर नहीं लगाई। तो ऐसा लगता है कि सैम पित्रोदा ने अपना भविष्य का रास्ता तय कर लिया है। इसका यह मतलब बिल्कुल न समझिए कि वह भाजपा में आने वाले हैं, लेकिन वह गांधी परिवार और खास तौर से राहुल गांधी से दूरी बना रहे हैं, यह बड़ा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। अब गांधी परिवार के सामने मुश्किल यह है कि वह सैम पित्रोदा के खिलाफ बहुत ज्यादा कुछ नहीं कर सकता क्योंकि पित्रोदा परिवार के कई रहस्य जानते हैं।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)