मुख्य चुनाव आयुक्त, चुनाव आयोग और कांग्रेस की दो कहानियाँ।
आजकल चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की बड़ी चर्चा हो रही है। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर तमाम तरह के आरोप लगा रहे है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उस पर आप कोई आरोप लगाएं तो उसका कुछ प्रमाण तो होना चाहिए। राहुल गांधी शिकायत लेकर राष्ट्रपति के पास गए थे। उन्होंने कहा था कि ठीक है, प्रमाण दीजिए। राहुल आज तक कोई प्रमाण दे नहीं पाए। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। वहां भी कांग्रेस कोई प्रमाण नहीं दे सकी है। तो मुझे लगा कि कांग्रेस के समय में क्या होता था, उसके बारे में भी कुछ चर्चा की जाए। मैं ये चर्चा नहीं करूंगा कि आजादी के बाद देश में शुरू के जो पांच मुख्य चुनाव आयुक्त हुए, उन सबको नेहरू और उसके बाद इंदिरा गांधी की सरकार ने पद्म पुरस्कार दिया। इसके अलावा दो घटनाओं का जिक्र बहुत जरूरी है।
इनमें से पहली है 1977 की। 1975 के जून में देश में इमरजेंसी लग गई थी। लोगों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए थे और विपक्ष के सारे नेताओं को जेल में बंद कर दिया गया था। इंदिरा गांधी ने 18 जनवरी को घोषणा की कि जेल में बंद विपक्ष के सारे नेताओं को रिहा किया जा रहा है और सरकार चुनाव कराने जा रही है। चुनाव से पहले इंदिरा गांधी ने आईबी से फीडबैक लिया था। आईबी वालों ने कहा कि अगर अभी चुनाव हुए तो कांग्रेस पार्टी हार जाएगी। इसके बाद इंदिरा गांधी ने संजय गांधी से कहा कि अब मैं ज्यादा इंतजार नहीं कर सकती। आईबी में आरएसएस के लोग घुस गए हैं। अब आप देखिए कि आईबी के जिन ईमानदार अधिकारियों ने उनको सही रिपोर्ट दी, उन्होंने उनकी ही नीयत पर शक किया और नतीजा सबके सामने है। अब सवाल ये है कि इंदिरा गांधी ने चुनाव की घोषणा तो कर दी, लेकिन किसकी सलाह पर? इंदिरा ने रॉ के चीफ आरएन काऊ से भी सलाह ली थी। उन्होंने भी मना किया। उनकी कैबिनेट के बहुत से साथियों ने मना किया, लेकिन इंदिरा गांधी ने सबकी अनसुनी कर घोषणा कर दी। अब यहां से आता है चुनाव आयोग का मामला। इंदिरा गांधी ने केवल चुनाव की घोषणा नहीं की, उन्होंने चुनाव की तारीख की भी घोषणा कर दी कि 19 मार्च को चुनाव होगा। तब भी चुनाव आयोग था। तब भी मुख्य चुनाव आयुक्त थे। तो उसमें आखिर मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका क्या थी? इस बात का कोई जिक्र नहीं मिलता कि इंदिरा गांधी ने चुनाव की तारीख की घोषणा करने से पहले चुनाव आयोग या मुख्य चुनाव आयुक्त से कोई सलाह मशवरा किया हो। आमतौर पर होता यह है कि होम मिनिस्ट्री के साथ मीटिंग के बाद चुनाव आयोग कार्यक्रम तय करता है। उस मीटिंग में लॉजिस्टिक्स पर बात होती है। फोर्स कहां से आएगी? कहां पर तैनात होगी? किस तरह से उसका मूवमेंट होगा? उसके अलावा छुट्टियों का कैलेंडर देखा जाता है। कोई तीज त्योहार तो नहीं है। मौसम का ध्यान रखा जाता है और उसके बाद चुनाव की तारीख तय की जाती है। ऐसा कोई प्रोसेस हुआ हो, इसका कोई प्रमाण नहीं है। सबसे बड़ी बात इंदिरा गांधी ने चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी और विपक्ष के किसी नेता ने यह सवाल नहीं उठाया कि इंदिरा गांधी मनमाने ढंग से काम कर रही है। चुनाव आयोग को काम नहीं करने दे रही है। अब यह भी एक रहस्य है कि उन्होंने 19 मार्च की ही तारीख क्यों और कैसे तय की? उन्होंने विपक्षी नेताओं या किसी अन्य से तो कोई सलाह मशवरा किया नहीं था। केएन राव की एक किताब है-नेहरू डायनेस्टी। उसमें उन्होंने लिखा है कि यह परिवार हर मौके पर ज्योतिषियों से कंसल्ट करता था पर उसे छिपाता था। यहां तक कि नेहरू की एक चिट्ठी है, जो राजीव गांधी के जन्म के समय उन्होंने जेल से इंदिरा गांधी को लिखी थी। उसमें उन्होंने लिखा था कि किसी अच्छे ज्योतिषी से कुंडली बनवाना। चलिए इस बात को छोड़ भी देते हैं कि इंदिरा गांधी ने ज्योतिषी से कंसल्ट किया या नहीं किया, लेकिन उन्होंने अपनी ओर से चुनाव की तारीख की घोषणा कैसे कर दी। देश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। सरकार तो चुनाव आयोग से चुनाव कराने को कहती है। फिर चुनाव आयोग की भूमिका आ जाती है। एक बार चुनाव आयोग नोटिफिकेशन जारी कर दे तो उसके बाद न तो सरकार हस्तक्षेप कर सकती है और न ही सुप्रीम कोर्ट। चुनाव आयोग ने उस समय नोटिफिकेशन जारी किया या नहीं किया, इसके बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। कोई प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बाय इलेक्शन की तारीख तक तय नहीं कर सकता, लेकिन इंदिरा गांधी ने लोकसभा चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी।
दूसरी घटना 1991 की है। 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी की हत्या हो गई। उस समय टीएन शेषन मुख्य चुनाव आयुक्त थे। टीएन शेषन कैसे बने थे यह भी जान लीजिए। राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे तो शेषन उनके कैबिनेट सचिव थे। सरकार जाने के बाद शेषन भी कैबिनेट सचिव नहीं रहे,लेकिन वह कोई पद चाहते थे। चंद्रशेखर की सरकार कांग्रेस के समर्थन से चल रही थी तो राजीव गांधी ने उनसे कहा कि टीएन शेषन को कोई पद दे दीजिए। शेषन से कहा गया कि योजना आयोग का उपाध्यक्ष बन जाइए। शेषन के मित्रों ने उनको सलाह दी कि यह पद ऐसा है कि कोई नई सरकार आई तो आपको हटा सकती है। कोई संवैधानिक पद होना चाहिए। इस पर शेषन ने मुख्य चुनाव आयुक्त बनने की इच्छा जताई और उनको बना दिया गया। अब आप देखिए कि मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन एक पूर्व प्रधानमंत्री की सिफारिश पर हुआ क्योंकि उसके समर्थन से सरकार चल रही थी। शेषन को गांधी परिवार का आदमी माना जाता था। तो मुख्य चुनाव आयुक्त शेषन को जब श्रीपेरंबदूर की घटना की खबर मिली तो 21 मई की रात 10:45 पर उन्होंने राष्ट्रपति आर वेंकटरमण को फोन किया और उनसे कहा कि राजीव गांधी की हत्या हो गई है। राष्ट्रपति ने कहा कि रात में 12:00 बजे राष्ट्रपति भवन में बैठक होगी। शेषन जब वहां पहुंचे तो चार और लोग कैबिनेट सेक्रेटरी, होम सेक्रेटरी, आर्मी चीफ और एयर फोर्स चीफ मौजूद थे। वहां चर्चा हुई कि अब इलेक्शन शेड्यूल का क्या होगा। चारों ने कहा कि शेड्यूल के मुताबिक चुनाव कराने में कोई दिक्कत नहीं है। सिक्योरिटी की कोई समस्या नहीं आएगी। आर वेंकटरमण ने अपनी किताब माय प्रेसिडेंशियल यर्स में लिखा है कि उन्हें चिंता थी कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद जिस तरह की परिस्थितियां पैदा हुई थीं, हिंसा हुई थी, कहीं वैसा ही फिर न हो। चारों ने उनको आश्वस्त किया कि ऐसा कुछ नहीं होगा। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से होगा। फिर सवाल हुआ कि अभी तो राजीव गांधी के अंतिम संस्कार की तारीख नहीं तय हुई है और लोकसभा का चुनाव तीन चरणों में हो रहा था। पहले चरण का मतदान 20 मई को हो चुका था। दूसरे चरण का मतदान 23 मई और तीसरे चरण का मतदान 26 मई को होना था। 21 मई को ये दुर्घटना हुई। फिर तय हुआ कि हो सकता है कि 23 मई को अंतिम संस्कार हो। इसलिए सुझाव ये आया कि 23 मई को होने वाला दूसरे चरण का मतदान टाल दिया जाए। 26 मई का मतदान, जो तीसरा चरण है उसको दूसरा चरण बना दिया जाए। वह शेड्यूल के मुताबिक हो। 23 मई को होने वाला मतदान 26 मई के तीन-चार दिन बाद की तारीख पर हो जाए। यह तय हो गया और बैठक खत्म हो गई।
उस समय प्रधानमंत्री चंद्रशेखर चुनावी दौरे पर उड़ीसा में थे। राष्ट्रपति ने उनको संदेश भिजवाया कि आप दिल्ली लौटते ही सीधे राष्ट्रपति भवन आएं। वह रात में 2:20 पर राष्ट्रपति भवन पहुंचे। राष्ट्रपति ने उनको चुनाव शेड्यूल के संबंध में हुए फैसले की जानकारी दी। इसके बाद तय किया गया कि अंतिम फैसले के लिए सुबह 10:30 बजे एक और बैठक होगी। सुबह 10:30 बजे जब फिर बैठक हुई तो उसमें टीएन शेषन ने अपनी तरफ से घोषणा कर दी कि दूसरे चरण का मतदान 11 जून और तीसरे चरण का मतदान 15 जून को होगा। सबने कहा कि यह कैसे हो सकता है? इतना लंबा कैसे खींच सकते हैं? कैबिनेट सेक्रेटरी और होम सेक्रेटरी ने कहा कि उस समय तक पूर्वी भारत में मानसून आ जाता है। ऐसे में चुनाव प्रचार और मतदान दोनों के लिए मुश्किल होगी। तारीख इतनी लंबी नहीं खींचनी चाहिए, लेकिन भारत का संविधान कहता है कि एक बार चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाए तो फिर सरकार या सुप्रीम कोर्ट भी हस्तक्षेप नहीं कर सकता। तो टीएन शेषन की बात मानने के अलावा किसी के पास कोई चारा नहीं था। उसके बाद राष्ट्रपति ने अलग-अलग राजनीतिक दलों को बुलाया। सारे विपक्षी दलों ने कहा कि यह बहुत लंबा शेड्यूल हो गया है। इतना लंबा चुनाव खींचना हमारे लिए संभव नहीं है। हमारे पास संसाधन नहीं है। खर्च बहुत बढ़ जाएगा। कांग्रेस पार्टी के डेलीगेशन में भी मतभेद था। एक गुट चाहता था कि जो शेड्यूल अनाउंस किया गया है, उसी पर चुनाव हो। दूसरे का कहना था कि थोड़ा जल्दी होना चाहिए। उसको डर था कि अगर ज्यादा देर की तो ऐसा न हो कि राजीव गांधी की हत्या से कांग्रेस के लिए जो सहानुभूति उपजी है, खत्म हो जाए, लेकिन टीएन शेषन टस से मस नहीं हुए। आज तक पता नहीं है कि टीएन शेषन ने किससे सलाह ली और वह चुनाव की नई तारीखों पर कैसे और किस आधार पर पहुंचे? क्योंकि रात में 12 बजे के बाद वह अपने घर पहुंचे। सुबह 10:30 बजे राष्ट्रपति भवन फिर आ गए। इस बीच में चुनाव आयोग की न तो कोई बैठक हुई, न ही होम मिनिस्ट्री या राजनीतिक दलों के साथ उनकी कोई बैठक हुई। तो आखिर यह तारीख कहां से आई? इसका मतलब कोई तो उनको सलाह दे रहा था। उस सलाहकार का नाम आज तक सामने नहीं आया। तो चुनाव आयोग का यह फैसला मनमाना नहीं है क्या? इसके बारे में कभी किसी ने पूछा कि किस आधार पर तय हुआ? मतदान की नई तारीख तय करने से पहले जरूरी था कि वह सारे स्टेक होल्डर्स से बातचीत करके उनका सुझाव लेते। उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया और देश को इतने लंबे चुनाव प्रचार में झोंक दिया। जब नतीजा आया तो साफ दिखा कि सहानुभूति का फायदा कांग्रेस पार्टी को मिला क्योंकि पहले चरण का जो मतदान 20 मई को हुआ था, उसमें कांग्रेस की हालत बड़ी खराब थी। लेकिन जून में जो दो चरण के मतदान हुए उसमें कांग्रेस को फायदा हुआ। कांग्रेस को बहुमत तो नहीं मिला लेकिन 246 सीटें मिल गईं। इसमें कैसे न माना जाए कि सबसे बड़ा योगदान टीएन शेषन का था।
तो क्या कहा जा सकता है कि 1991 का चुनाव चोरी हुआ था। हालांकि किसी विपक्षी पार्टी ने यह आरोप नहीं लगाया। किसी ने नहीं कहा कि चुनाव चोरी से कांग्रेस की सरकार बनी थी क्योंकि किसी के पास कोई प्रमाण नहीं था। यह तो पता नहीं चला कि शेषन ने किससे सलाह लेकर किन परिस्थितियों में वह फैसला लिया,लेकिन बाद में वही टीएन शेषन कांग्रेस में शामिल हुए और कांग्रेस के टिकट पर गांधीनगर से लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ चुनाव लड़े। तो टीएन शेषन निष्पक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त थे, लेकिन भाजपा शासन में जो चुनाव आयुक्त या मुख्य चुनाव आयुक्त बने, वे कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। यह तर्क कैसे चलेगा? ऐसे चुनाव आयुक्तों और मुख्य चुनाव आयुक्तों की लंबी शृंखला है जो बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए या कांग्रेस ने उनको अलग-अलग तरह से पुरस्कार दिए। नवीन चावला के बारे में सबको मालूम ही है कि वह 10 जनपथ के आदमी थे। इसलिए कांग्रेस को ऐसा कोई आरोप लगाने से पहले अपना इतिहास देखना चाहिए।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)














