सत्य से साक्षात्कार-5।
प्रदीप सिंह।
सुहरावर्दी ने सपना देखा था कि भारत और पाकिस्तान के अलावा एक तीसरा देश बने बंगाल। 27 अप्रैल 1947 को सुहरावर्दी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि बंगाल अलग देश बने। इससे पहले वह जिन्ना और महात्मा गांधी दोनों को इस पर राजी कर चुके थे। इसके अलावा कुछ ब्रिटिश नेता भी बंगाल को तीसरा देश बनाने के समर्थन में थे। सुहरावर्दी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगर हिंदू अतीत को भूल जाएं तो यह संभव है।
अब आप समझिए कि वह क्या भूलने को कह रहे थे। 16 अगस्त 1946 को डायरेक्ट एक्शन डे पर कोलकाता में हुए हिंदुओं के कत्लेआम को भूलने की बात कर रहे थे। अब इसके पीछे की रणनीति और इसका विरोध करने वालों को समझिए। इसका विरोध सबसे आगे बढ़-चढ़कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने किया। इसके अलावा बंगाल को अलग करने का विरोध ताराकेश्वर सम्मेलन में हुआ। उधर जो बंगाल को अलग देश बनाना चाहते थे, वे चाहते थे बंगाल एक रहे। लेकिन संविधान सभा में बंगाल के जो 11 सदस्य थे, सबने माउंटबेटन को लिखा कि हम बंगाल के विभाजन के समर्थन में हैं। कोलकाता हाईकोर्ट के 50 जजेस ने भी बयान जारी किया कि वे बंगाल विभाजन के समर्थन में हैं। उसके अलावा जीडी बिरला के नेतृत्व में मारवाड़ियों ने कहा कि हम बंगाल विभाजन के समर्थन में हैं। जबकि इनमें से ज्यादातर लोग वह थे, जो एक समय लॉर्ड कर्जन के बंगाल विभाजन के विरोध में थे। सवाल यह है कि ये दोनों पक्ष पलट कैसे गए? सवाल यह भी है कि जिन्ना इस पर क्यों तैयार हो गए? दरअसल जिन्ना और सुहरावर्दी को दूर की रणनीति दिखाई दे रही थी। दोनों एक पेज पर थे। उनको लग रहा था कि बंगाल अलग देश बन जाएगा तो वह मुस्लिम बहुल देश होगा। इसीलिए जजेस ने बयान जारी कर कहा था कि अगर बंगाल को अलग देश बनाया गया तो बंगाल के हिंदुओं के लिए एक गुलामी से निकलकर दूसरी गुलामी में जाने जैसा हो जाएगा क्योंकि वहां की भाषा उर्दू होगी और वह देश मुसलमान बहुल होगा। पॉलिटिकल साइंटिस्ट विद्युत चक्रवर्ती ने अपनी किताब द पार्टीशन ऑफ बंगाल एंड असम 1932 टू 1947:कॉन्टर्स ऑफ फ्रीडम में लिखा है कि 1932 में अंग्रेजों ने कम्युनल अवार्ड घोषित किया कि मुसलमानों को अलग प्रतिनिधित्व दिया जाए। इसके लागू होने के कारण मुसलमानों की राजनीतिक और आर्थिक ताकत दोनों बढ़ गई। अब जिन्ना और सुहरावर्दी का इरादा था कि बंगाल को एक अलग देश बना दिया जाए जो देर सवेर पाकिस्तान में मर्ज हो जाएगा। इस बात को हिंदू नेता देख रहे थे। उन्होंने कहा जिस तरह से पंजाब का विभाजन धार्मिक आधार पर हुआ है, उसी तरह से बंगाल का विभाजन भी धार्मिक आधार पर होना चाहिए। माउंटबेटन भी इसके समर्थक थे। विरोध जब बढ़ने लगा तो मुस्लिम नेता फिर गांधी के पास गए। गांधी ने उनसे कहा कि आप हिंदुओं का विश्वास जीत लें तो यह संभव है वरना यह नहीं हो सकता। नेहरू ने भी इसका विरोध किया कि एक बंगाल नहीं होना चाहिए। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा कि तीसरा देश बनाने का प्रस्ताव जिन्ना की जो टू नेशन थ्योरी है, उसको नेगेट करता है। उसके बाद माउंटबेटन ने इस प्रस्ताव को छोड़ दिया और बंगाल का विभाजन हुआ। अलग देश नहीं बना। सुहरावर्दी का सपना चकनाचूर हो गया। जिन्ना की योजना फेल हो गई। (02.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)









