सत्य से साक्षात्कार-15

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
वीर सावरकर इस बात का प्रमाण हैं कि दमनकारी ब्रिटिश साम्राज्य और मध्ययुगीन हिंसा से एक साथ कैसे लड़ा जाता है। यदि व्यक्ति अपनी संस्कृति और सभ्यता के प्रति निष्ठावान हो तो वह ऐसा काम कर सकता है। अंग्रेज उन्हें दुश्मन नंबर एक मानते थे और कांग्रेस उन्हें अंग्रेजों से भी बड़ा दुश्मन मानती थी। इस बात को ध्यान रखिए। कांग्रेस ने कभी वीर सावरकर को स्वीकार नहीं किया जबकि वह देश के सबसे बड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उनको दो जन्मों का कारावास हुआ। काले पानी की सजा हुई। जिस जज ने उनको काले पानी की सजा दी, वह रिटायर होने के बाद कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बन गया।
वीर सावरकर ने अपने व्यक्तित्व के जरिए भारतीय संस्कृति को रिक्लेम करने और उसके रास्ते में बाधा डालने वालों को रोकने का प्रयास किया। 1937 में करणावती में उन्होंने कहा कि भारत की पवित्र सांस्कृतिक विरासत को कमजोर करने की शरारत के पीछे हिंदू-मुस्लिम एकता है। इससे आप समझिए कि 1937 में जो बात सावरकर समझ गए थे, उसे आज तक कांग्रेस और बहुत सारी पार्टियों के नेता नहीं समझे। उन्होंने कहा कि जब बहुसंख्यक समाज अल्पसंख्यक समाज के सामने घुटने टेक देता है तो अल्पसंख्यक अपने वर्चस्व को स्थापित करने में कोई संकोच नहीं करता। देश का बंटवारा इसीलिए हुआ और उसके बाद से हम जो मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति देख रहे हैं, उसका यही खेल है। फिर उन्होंने मुसलमानों से कहा कि साथ आओगे तो तुम्हारे साथ, साथ नहीं आओगे तो तुम्हारे बिना और विरोध करोगे तो तुम्हारे बावजूद आजादी का आंदोलन जारी रहेगा। यह थे वीर सावरकर। काले पानी की सजा भी उन्हें तोड़ नहीं पाई। जब कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता जेल जाने के नाम पर ब्रिटिश सरकार की फाइव स्टार जेलों में रह रहे थे तब वीर सावरकर कोल्हू में बैल की जगह जोते जा रहे थे। आप इससे अंदाजा लगाइए कि किस तरह की यातना दी गई और उन वीर सावरकर को राहुल गांधी माफीवीर कहते हैं। किसी भी भारतीय को वीर सावरकर पर गर्व होना चाहिए। यह वीर सावरकर ही थे, जिन्होंने कहा कि जो इस देश को पुण्य भूमि और पितृभूमि मानता है वही भारतीय है। वीर सावरकर की बात अगर हमने उस समय सुनी होती और आजादी के बाद उस पर चले होते तो शायद आज हिंदुओं की यह दुर्दशा न होती या भारत का विभाजन न होता। और अगर विभाजन होता भी तो इतने बड़े पैमाने पर हिंसा न होती। आज भी वीर सावरकर की सोच को अपनाने में पार्टियां, नेता और सरकारें हिचकती हैं। वीर सावरकर कभी अंग्रेजों के सामने झुके नहीं। कांग्रेस पार्टी जिस माफी की चिट्ठी की बात करती है, उसी तरह की चिट्ठियां मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी सबने लिखी हैं। महात्मा गांधी भी चिट्ठी के आखिर में लिखते थे- योर ओबिडिएंट सर्वेंट। यही बात सावरकर ने लिख दी तो उन्हें माफीवीर और अंग्रेजों का पिट्ठू कहा गया और जो अंग्रेजों के असल में पिट्ठू थे, उनको स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कहा गया। (12.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)