सत्य से साक्षात्कार-16
प्रदीप सिंह।क्या किसी को सपना देखने या कल्पना करने की सजा मिल सकती है? अब आप कह सकते हैं कि यह कैसा प्रश्न है, लेकिन भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के साथ ऐसा हो चुका है। उन्होंने एक सपना देखा कि वह अपने और कांग्रेस पार्टी को गांधी-नेहरू परिवार से मुक्त करा सकते हैं। उसकी उनको जो सजा मिली, वह उनके मरने के बाद भी जारी रही। कांग्रेस का पूर्व अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री होने के बावजूद उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में नहीं रखने दिया गया। कई घंटे तक गेट के बाहर गाड़ी खड़ी रही। उनका अंतिम संस्कार भी दिल्ली में नहीं होने दिया गया। डर था कि राव की लिगेसी कहीं नेहरू-गांधी परिवार की लिगेसी पर भारी न पड़ने लगे। नरसिम्हा राव ने आर्थिक सुधार से लेकर कई काम किए थे।
तो इसकी शुरुआत कैसे हुई? दरअसल पीवी नरसिम्हा राव को सोनिया गांधी ने पीएन हक्सर की सिफारिश पर प्रधानमंत्री बनाया था। जुलाई 1993 में नरसिम्हा राव ने उनकी सरकार के खिलाफ तीसरा अविश्वास प्रस्ताव पास नहीं होने दिया और इससे उनका आत्मविश्वास बहुत बढ़ गया। उनको लगा कि अब वह नेहरू-गांधी परिवार से पार्टी को मुक्त करा सकते हैं। तो उन्होंने पहला कदम यह उठाया कि सोनिया गांधी से साप्ताहिक मुलाकात बंद कर दी। इसके बाद पार्टी में राव के विरोधी अर्जुन सिंह, नटवर सिंह, शीला दीक्षित, विंसेंट जॉर्ज आदि सोनिया गांधी से मिलकर राव की शिकायत करने लगे। नतीजा यह हुआ कि सोनिया गांधी सत्ता का समानांतर केंद्र बन गईं। एक तरफ थे प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष नरसिम्हा राव और दूसरी तरफ सोनिया गांधी। आपने 2004 का किस्सा पढ़ा-सुना होगा कि सोनिया गांधी ने किस तरह से सत्ता को त्याग दिया। लेकिन एक और किस्सा जान लीजिए। मई 1991 में राजीव गांधी की हत्या हुई। 1992 में सोनिया गांधी प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव से मिलने गईं। उनसे पूछा कि लोग कह रहे हैं कि आपको राजनीति में आना चाहिए। अगर मैं आपकी बेटी होती तो आप क्या सलाह देते? नरसिम्हा राव ने कहा, आपको नहीं आना चाहिए। मुझे लगता है कि यह उनकी पहली गलती थी। वह सोनिया गांधी के लक्ष्य, उनके उद्देश्य और उनका जो शातिराना अंदाज था, उस सबको समझ नहीं पाए। दूसरी गलती उन्होंने सोनिया से साप्ताहिक मुलाकात बंद करके की। फिर नरसिम्हा राव ने तीसरा काम यह किया कि ब्यूरोक्रेसी में राजीव गांधी के मणिशंकर अय्यर से लेकर जितने दोस्त थे किसी को सेवा विस्तार नहीं दिया। मणिशंकर अय्यर को तो कोई भी काम नहीं दिया। इससे भी लगा कि वह कांग्रेस को गांधी परिवार से दूर ले जा रहे हैं। राइटर और जर्नलिस्ट विनय सीतापति ने नरसिम्हा राव पर एक किताब लिखी है- हाफ लायन। उन्होंने लिखा है कि जब संपूर्ण सत्ता हाथ में आती दिखे तो दूसरे नंबर पर काम करना या सेकंड फीडल प्ले करना कठिन होता है। वही नरसिम्हा राव के साथ हुआ। 1993 में तीसरा अविश्वास प्रस्ताव गिराने के बाद उनको लगा कि अब उनकी सत्ता का कोई चैलेंजर नहीं है। सोनिया गांधी अब उनको रोक नहीं पाएंगी पर हुआ ठीक उल्टा। गांधी-नेहरू परिवार के भक्त कांग्रेसी नरसिम्हा राव को घुसपैठिया मानते थे। वे मानते थे कि पार्टी पर अधिकार केवल इस परिवार का है। इसके अलावा जो पद पर आता है, वह घुसपैठिया है और उसको जितनी जल्दी बाहर किया जा सके उतना अच्छा है। सोनिया गांधी की नीयत तो पहले से ही सत्ता में आने और सत्ता को सीधे या परोक्ष रूप से चलाने की थी। राजीव गांधी की हत्या के बाद पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो उनसे मिलने आईं। उस मुलाकात के दौरान नटवर सिंह भी मौजूद थे। नटवर सिंह ने अपनी किताब वन लाइफ इज नॉट एनफ में लिखा है कि बेनजीर भुट्टो ने सोनिया गांधी से कहा कि आप राजनीति में आने के बारे में मत सोचिएगा। अपने बच्चों की सुरक्षा के बारे में सोचिए। नटवर सिंह लिखते हैं कि इस पर सोनिया गांधी एक शब्द नहीं बोलीं। तो वहीं से स्पष्ट हो गया था कि उनका इरादा क्या है? नरसिम्हा राव ने नेहरू-गांधी परिवार की सत्ता को चुनौती देने का अपराध किया और सोनिया गांधी ने उनको उसकी सजा दी और वह सजा आज तक चल रही है। नरसिम्हा राव की कोई लिगेसी नहीं बनने दी गई। आर्थिक सुधारों से उनका नाम पूरी तरह से काट दिया गया। यह है राजनीति, जो बड़ी निर्मम होती है। (13.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)










