पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू
पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ दिखने लगा है। मैदानी राज्यों में तापमान में बड़ी तेजी से गिरावट आई है, जिससे सर्दी बढ़ी है। दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों में भी तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। वहीं चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने का अनुमान लगाया गया है।

राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ ठंड
राजस्थान में तो सर्दी अभी से रिकॉर्ड तोड़ने लगी है। रात का तापमान लगातार गिरता जा रहा है। कई इलाकों में सुबह-शाम काफी कोहरा छाया रहता है। कोटा, बूंदी, बारां सहित कई शहरों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। कोटा में पिछली रात को 8।5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसने पिछले 11 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 11 सालों की ये सबसे सर्दीली रात थी।
दक्षिणी राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के सभी राज्यों में बारिश की आशंका जताई है। कई राज्यों में हल्की बारिश होने भी लगी है। दक्षिणी कर्नाटक, उत्तरी तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने से सर्दीली हवाएं उत्तर भारत की ओर बहने लगी हैं। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और गोवा के तटीय इलाकों में भी बारिश की संभावना है। लक्षद्वीप और अंडमान में भी बारिश हो सकती है। (एएमएपी)



