रविवार को होगा नई सरकार का शपथ ग्रहण : राजीव शुक्ला।
विधायक दल की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होगा।

सुक्खू हमीरपुर जिले के नादौन से विधानसभा के लिए चुने गए हैं। वह चौथी बार विधायक बने हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने वाले सुक्खू ने एक आक्रमक राजनीति करने वाले कांग्रेस नेता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। 10 साल तक हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहने वाले सुक्खू को बाद में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। उनके पास संगठन में काम करने का लंबा राजनीतिक अनुभव है। उनके कद का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस बार उन्होंने भाजपा के गढ़ रहे हमीरपुर जिले से कांग्रेस को 05 में से 04 सीटें जिताकर दीं।
कैसे तय हुआ नाम
मुख्यमंत्री तय करने के लिए पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों- छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने शुक्रवार से ही राजधानी शिमला में डेरा डाला था। शुक्रवार देर शाम पार्टी कार्यालय में डेढ़ घंटे चली विधायक दल की बैठक में नवनिर्वाचित विधायकों ने एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री तय करने का फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ा था। हाईकमान के फरमान पर शनिवार को दोनों पर्यवेक्षकों ने दिल्ली लौटने की बजाय शिमला में ही रुककर मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने की कसरतें शुरू कीं। इसके लिए अपरान्ह चार बजे विधानसभा परिसर में विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक में सहमति बन जाने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर चला आ रहा गतिरोध खत्म हो गया है।
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, हिमाचल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री को इस पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। इसके अलावा पूर्व सांसद चन्द्र कुमार के नाम पर भी चर्चा हुई थी, लेकिन सुखविंदर सिंह सुक्खू इन तमाम दावेदारों को पीछे छोड़ने में सफल रहे।

गुटबाजी खत्म करने की कवायद
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पदों के लिए सुक्खू और अग्निहोत्री के नामों का ऐलान कर कांग्रेस ने जातीय एवं क्षेत्रीय समीकरणों का ध्यान रखा है। सुक्खू राजपूत बिरादरी से आते हैं, जिसकी हिमाचल में सबसे ज्यादा संख्या है। सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाकर निचले हिमाचल के वोट बैंक को साधने पर भी कांग्रेस की नज़र है। इससे पहले कांग्रेस के सभी मुख्यमंत्री ऊपरी हिमाचल से रहे हैं। दूसरी तरफ मुकेश अग्निहोत्री को उप मुख्यमंत्री बनाकर ब्राह्मण वोटों को साधने का भी प्रयास किया है। मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल की राजनीति में एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरा हैं।
वीरभद्र सिंह की भरपाई करने में कांग्रेस को हुई कठिनाई
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 68 में से 40 सीटें जीतीं
मालूम हो कि कांग्रेस ने गुरुवार को घोषित हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 68 में से 40 सीटें जीत हर भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया। वहीं भाजपा को महज 25 सीटें मिली हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही राज्य में 1985 से चली आ रही परंपरा कायम रही है, जहां हर 5 साल में सत्तारूढ़ दल बदल जाता है। चुनाव नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। (एएमएपी)



