सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने मंगलवार को आरोप लगाया कि उसके मुवक्किल ने आम आदमी पार्टी को 60 करोड़ रुपये देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने इन आरोपों की प्राथमिक छानबीन की है और सुकेश का बयान लिया है। समिति ने भी सुकेश के आरोपों को गंभीरता से लिया है। समिति ने उपराज्यपाल को अपनी सिफारिशें दी हैं कि आरोप गंभीर हैं जिनकी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। अनंत मलिक ने कहा कि सुकेश लगातार इस तरह के गंभीर आरोप आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं पर लगा रहा है। सुकेश इस बारे में कई चिट्ठियां भी एलजी को लिख चुका है।

सुकेश चंद्रशेखर के वकील अनंत मलिक ने आगे कहा कि अब मसला एजेंसियों से जांच कराए जाने का है। जांच एजेंसियां जब भी इन आरोपों की छानबीन करेंगी और सुकेश को बुलाएंगी, वह जांच एजेंसियों के सामने अपना बयान देगा। हाल ही में सुकेश की ओर से सत्येंद्र जैन समेत ‘आप’ नेताओं पर लगाए गए आरोपों की छानबीन के लिए दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव (गृह) की अगुवाई में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया था कि समिति ने जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर का बयान दर्ज किया था। इसमें सुकेश ने जेल में सुरक्षा और राज्यसभा सीट पाने के बदले मंत्री सत्येंद्र जैन को रिश्वत देने के आरोपों को दोहराया था।

सूत्रों ने बताया था कि समिति के सदस्यों ने 14 और 15 नवंबर को मंडोली जेल में सुकेश से मुलाकात की और उसका बयान दर्ज किया था। समिति ने अपनी रिपोर्ट राजभवन को सौंपी थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि सुकेश ने सत्येंद्र जैन को 60 करोड़ रुपये देने के आरोपों को दोहराया है। उसका कहना है कि उसने आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सीट पाने के लिए 50 करोड़ रुपए आप नेता को दिए जबकि जेल में संरक्षण के लिए 10 करोड़ रुपये का भुगतान किया। सुकेश ने तत्कालीन महानिदेशक (जेल) संदीप गोयल को भी 12.50 करोड़ रुपये देने की बात कही थी।

आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सुकेश ने समिति को यह भी बताया कि उसके पास कुल रकम और इसके लेन-देन का स्थान और समय से संबंधित सत्येंद्र जैन से व्हाट्सऐप पर हुई बातचीत के संदेश सुरक्षित हैं। सुकेश का कहना है कि जांच एजेंसियों को जब भी इन सबूतों की दरकार होगी वह इन चैट्स को साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध करा देगा। सुकेश का दावा है कि उसने सत्येंद्र जैन के फोन से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी बातचीत की थी। केजरीवाल से हुई इस बातचीत में रकम के लेन-देन की पुष्टि की गई थी। (एएमएपी)