मानसिक रोगियों की अब 24 घंटे काउंसिलिंग की तैयारी।
इस साल 55 दिन में ही आत्महत्या की करीब दो दर्जन घटनाएं हो चुकी है। आत्महत्या के लगातार मामले बढऩे से अब शासन भी हरकत में आ गया है। हमीरपुर की मनोवैज्ञानिक काउंसलर मानसी सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में टेलीमानस कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत 24 घंटे काउंसिलिंग की व्यवस्था अभी सिर्फ आगरा, बरेली, गोरखपुर व वाराणसी में है लेकिन हमीरपुर को भी इस दायरे में लाए जाने की तैयारी शासन ने की है। बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर अभी 14416 व 18008914416 टोल फ्री नम्बर आवंटित कर दिए गए है।
कन्ट्रोल रूम से हताश लोगों पर रखी जाएगी नजर
मनोवैज्ञानिक काउंसलर ने बताया कि टोलीमानस प्रोग्राम के तहत सबसे पहले मानसिक रोगी को टोल फ्री नम्बर पर फोन करना होगा। लखनऊ हेड क्वाटर पर बैठे कर्मचारी के हमीरपुर काउंसलर को फोन पर सूचना देने पर संबन्धित मानसिक रोगी की काउंसिलिंग की जाएगी। बताया कि हमीरपुर जिला अस्पताल में मन कक्ष में प्रगति गुप्ता, नीता वर्मा की तैनाती है। अभी यह सेवा सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही उपलब्ध है।
टेलीमानस प्रोग्राम से थमेंगे आत्महत्या के मामले
मनोवैज्ञानिक काउंसलर मानसी सिंह ने बताया कि मन कक्ष में एक डाँक्टर की तैनाती होगी। मन कक्षा आफिस भी 24 घंटे संचालित होगा। बताया कि शासन का मानना है कि हमीरपुर समेत बुन्देलखंड क्षेत्र में सर्वाधिक आत्महत्या की घटनाएं हो रही है इसलिए यहां पर शासन ने अब विशेष फोकस किया है। टेंशन और हताश लोगों की काउंसिलिंग कर उन्हें जागरूक किया जाएगा। जिससे आत्महत्या के मामलों पर रोक लगाई जा सके।(एएमएपी)



