दिल्‍ली सरकार ने दिल्‍ली में ऑटो रिक्‍शा और टैक्‍सी के किरायों के बारे में अधिसूचना जारी कर दी है। ऑटो रिक्‍शा का डेढ़ किलोमीटर का शुरूआती किराया पांच रूपये बढ़ा दिया गया है। अब इसके लिए 30 रूपये देने होंगे। डेढ़ किलोमीटर के बाद प्रति किलोमीटर किराया 11 रूपये होगा। पहले इसके लिए नौ रूपये पचास पैसे देने होते थे।बता दें कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में ऑटो रिक्शा और टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी को अधिसूचित करने के लिए उपराज्यपाल वी के सक्सेना के पास 17 दिसंबर, 2022 को फाइल भेजी थी। वहीं, बाद राष्ट्रीय राजधानी में CNG की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद गठित एक समिति की किराया बढ़ाने की सिफारिशों को दिल्ली सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में मंजूरी दे दी थी । इसके साथ ही किराया बढ़ोतरी के मुद्दे पर दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत से ऑटो रिक्शा और टैक्सी संघों के कई प्रतिनिधियों ने मुलाकात भी की थी।

आदेशानुसार एसी और साधारण टैक्‍सी के किराये में शुरूआती डेढ़ किलोमीटर के लिए 15 रूपये की वृद्धि की गई है, अब नया किराया 40 रूपये होगा। अब डेढ़ किलोमीटर बाद साधारण टैक्‍सी का किराया 17 रूपये और एसी टैक्‍सी का किराया 20 रूपये होगा। पहले इसके किराये 14 रूपये और 16 रूपये थे। सरकार ने ऑटो रिक्‍शा और टैक्‍सी में अतिरिक्‍त साजो-सामान के किराये में भी वृद्धि की है। ऑटोरिक्‍शा में साजो-सामान के लिए ढ़ाई रूपये और टैक्‍सी के लिए पांच रूपये अतिरिक्‍त देने होंगे। रात्रि किरायों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

बढ़ा हुआ किराया नौ जनवरी से ही प्रभावी हो गया है । ऑटो रिक्शा के लिए वेटिंग चार्ज और नाइट चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन एक्सट्रा सामान के लिए किराया 7.50 रुपए से बढ़ाकर 10 रुपए कर दिया गया है। टैक्सी में AC और नॉन-AC ऑटो के लिए पहले किलोमीटर का मौजूदा किराया 25 रुपए था, जो अब बढ़कर 40 रुपए हो गया है। मीटर डाउन करने के बाद प्रति किलोमीटर के लिए किराया नॉन-AC गाड़ियों में 14 रुपए से बढ़कर 17 रुपए और AC गाड़ियों में 16 रुपए से बढ़कर 20 रुपए कर दिया गया है। नाइट चार्ज जो कि 25 रुपए है इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। वेटिंग चार्ज 30 रुपए ही है और 15 मिनट के बाद एक रुपए प्रति मिनट की दर से शुल्क लिया जाएगा। अतिरिक्त सामान चार्ज 10 रुपए से बढ़ाकर 15 रुपए कर दिया गया है। (एएमएपी)