
शनिवार 22 अप्रैल को मां यमुना की उत्सव डोली, मां यमुना के भाई श्री सोमेश्वर देवता के साथ समारोह पूर्वक सेना के बैंड के साथ खुशीमठ से प्रात: 8 बजकर 25 मिनट पर प्रस्थान यमुनोत्री मंदिर परिसर में पहुंचेगी। अक्षय तृतीया 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 41 मिनट पर श्री यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जायेंगे। कपाट खुलने की तिथि तय होने के अवसर पर शीतकालीन रावल ब्रह्मानंद उनियाल,मंदिर समिति सचिव सुरेश सेमवाल, उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल, श्री यमुनोत्री महासभा अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल, यमुनोत्री मंदिर समिति के पूर्व सचिव कृतेश्वर उनियाल आदि उपस्थित रहे। हालांकि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चारधाम यात्रा तैयारियों को पूरा करने को 15 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दे चुके हैं। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में बहुत उत्साह है। अभी तक चार धामों के लिए श्रद्धालुओं की पंजीकरण की संख्या छह लाख चौंतीस हजार से अधिक पहुंच गयी है।(एएमएपी)



