योगी सरकार 130 हेक्टेयर भूमि पर बना रही ‘सौभरि शहर वन’।
ब्रज में आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा शहर वन।
क्षेत्रीय वन अधिकारी बृजेश सिंह परमार ने बताया कि आने वाले समय में इसे पार्क का रूप भी दिया जाएगा, जिससे यहां पर श्रद्धालु एवं पर्यटक आकर घूम सकें। यहां पर जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के लिए झूले एवं अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका कार्य पूर्ण होने के बाद आम लोगों के लिए इस वन को खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही पौधों के रखरखाव के लिए चयनित स्थल पर प्रजाति वार ब्लॉकों की कांटेदार तारों से बाड़बंदी की जाएगी। इसके अलावा चयनित स्थल पर खम्भों पर कांटेदार तार से घेराबंदी करके चार वॉच टावर भी बनाए जाएंगे, जिनका काम मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।

स्थान का है पौराणिक महत्व
सौभरि शहर वन के लिए चयनित परियोजना स्थल के एक ओर कोसी ड्रेन और दूसरी ओर यमुना नदी है। बीच का यह स्थल भगवान श्रीकृष्ण की कालीयदह दमन लीला और सौभरि ऋषि की तपस्थली है। इस कारण चयनित क्षेत्र पौराणिक, धार्मिक और ऐतिहासिक रूप में भी काफी अहम है। सुनरख में आज भी सौभरि ऋषि का आश्रम है। विष्णु पुराण, देवी भागवत पुराण एवं श्रीमद् भागवत पुराण के नवम स्कंध के छठे अध्याय में सौभरि ऋषि के विषय में वर्णन भी है।
बंदरों की समस्या से भी मिलेगी निजात
इस परियोजना से ईको रेस्टोरेशन, स्थानीय पर्यावरण स्थल का विकास होगा। बंदरों की समस्या से भी निजात मिलेगी। भविष्य में इसी वन में बंदरों के रखने की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि मथुरा-वृंदावन में विकसित होने वाला यह सौभरि शहर वन देश का सबसे बड़ा शहर वन होगा। (एएमएपी)



