राजस्थान में शीत लहर से राहत की उम्मीद।
रेलवे और विमान सेवाएं भी प्रभावित
शनिवार को कोहरे का विमान और रेल सेवा पर बड़ा असर देखने को मिला। एयरपोर्ट पर कोहरे के चलते लगभग 40 विमानों की सेवाएं प्रभावित हुई। कोहरे से हुई देरी के चलते अन्य विमानों को भी बाद में उड़ान भरने में समय लगा। दिल्ली के रेल यातायात पर भी इसका असर रहा। दिल्ली आने वाली लगभग 70 गाड़ियां शनिवार को देरी से दिल्ली के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंची। इसके साथ ही लगभग 20 रेलगाड़ियां देरी से दिल्ली से रवाना हो सकी। फिलहाल अगले तीन दिन तक कोहरे से राहत नहीं मिलेगी।

कश्मीर में मिली राहत
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कई डिग्री के इजाफे से लोगों को शनिवार को भयंकर सर्दी से राहत मिली। अब कुछ दिनों तक हिमपात हो सकती है। राजस्थान कड़ाके की ठंड की चपेट में है। उधर, हरियाणा और पंजाब में शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उससे पिछली रात यह शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। घाटी का प्रवेश द्वार समझे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री नीचे रहा जबकि सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में यह शून्य से 1.8 डिग्री नीचे रहा। अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में पारा शून्य के नीचे 1.4 डिग्री तक लुढक गया। अनंतनाग में पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 नीचे रहा, उससे पिछली रात को यह शून्य से 8.6 डिग्री नीचे था। पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के मार्ग में आधार शिविर का काम करता है। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट शहर गुलमर्ग में पारा शून्य के नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढक गया, जबकि उसकी पिछली रात को यह शून्य से पांच डिग्री नीचे था।
राजस्थान को शीतलहर से राहत की संभावना
राजस्थान के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात चूरू में पारा शून्य डिग्री, जबकि पिलानी में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सीकर में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने कहा कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने और लोगों को अति शीतलहर, घने कोहरे व शीतदिन के दौर से राहत मिलने की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब में कोहरा छाया
हरियाणा और पंजाब में शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा तथा ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। इन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सुबह कोहरा छाया रहा और दृश्यता घट गई। मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के नारनौल और हिसार में पारा लुढ़ककर दो डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पंजाब के बठिंडा और गुरदासपुर में पारा लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा और पंजाब में पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान भी काफी घट गया है और यह 11 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है।(एएमएपी)



