संदर्भ: गिरता शेयर मार्केट।
डॉ. संतोष कुमार तिवारी।
कबीरदास का एक दोहा है:
दुःख में सुमिरन सब करे, सुख में करै न कोय।
जो सुख में सुमिरन करे, तो दुःख काहे को होय।
कबीर दास के दोहे के आधार पर देश के जाने-माने म्युचुअल फंड मैनेजर प्रशांत जैन ने अपने एक आलेख के अन्त में एक दोहा कुछ इस प्रकार लिखा:
तेजी में सब इंवेस्ट करे, मंदी में करै न कोय।
जो मंदी में इंवेस्ट करे, तो दुःख काहे को होय।
सच में यदि कबीरदास आज के युग में होते, और शेयर मार्केट में मंदी पर अपना दोहा शायद इसी प्रकार लिखते।
ये जो शेयर मार्केट का सेंसेक्स है, ये हार्ट के ECG की तरह उठता-गिरता रहता है। यदि हार्ट का ECG उठना-गिरना बंद कर दे और सीधी रेखा हो जाए, तो समझिए कि आदमी मर गया।
कहने का मतलब यह है कि सेंसेक्स का ऊपर-नीचे होना उसकी जीवंतता का प्रतीक है।

सेंसेक्स जब शुरू हुआ, तो आधार वर्ष 1979 को 100 माना गया। सेंसेक्स में 30 लार्ज कैप शेयर्स हैं जिनका ट्रेडिंग वॉल्यूम बहुत ज्यादा होता है। नीचे यह दिया हुआ है कि 1979 से हर वित्तीय वर्ष के अंत में सेंसेक्स कितना था:
YEAR END SENSEX
31/03/79 – 100
31/03/80 – 129
31/03/81 – 173
31/03/82 – 218
31/03/83 – 212
31/03/84 – 245
31/03/85 – 354
31/03/86 – 574
31/03/87 – 510
31/03/88 – 398
31/03/89 – 714
31/03/90 – 781
31/03/91 – 1168
31/03/92 – 4285
31/03/93 – 2281
31/03/94 – 3779
31/03/95 – 3261
31/03/96 – 3367
31/03/97 – 3361
31/07/98 – 3893
31/03/99 – 3740
31/03/00 – 5001
31/03/01 – 3604
31/03/02 – 3469
31/03/03 – 3049
31/03/04 – 5591
31/03/05 – 6493
31/03/06 – 11280
31/03/07 – 13072
31/03/08 – 15644
31/03/09 – 9709
31/03/10 – 17528
31/03/11 – 19445
31/03/12 – 17404
31/03/13 – 18836
31/03/14 – 22386
31/03/15 – 27957
31/03/16 – 25342
31/03/17 – 29621
31/03/18 – 32969
31/03/19 – 38673
31/03/20 – 29468
31/03/21 – 49509
31/03/22 – 58568
31/03/23 – 58992
31/03/24 – 73651
31/03/25 – 77415
31/03/26 – 71948
उपर्युक्त डाटा यह बताता है कि अधिकांश वर्षों में सेंसेक्स बढ़ता ही रहा है। आजकल अनेक म्युचुअल फंड्स के सेंसेक्स इंडेक्स फंड हैं। इनका इन्वेस्टमेंट सिर्फ सेंसेक्स में दर्ज शेयर्स में ही होता है। उपर्युक्त डाटा के अनुसार एक उदाहरण यह बनता है कि अगर किसी व्यक्ति ने 31 मार्च 2009 में किसी सेंसेक्स इंडेक्स फंड में पैसा इन्वेस्ट किया होता, तो उसके 9709 रुपए का इन्वेस्टमेंट बढ़कर 31 मार्च 2026 को लगभग 71000 हो गया होता। इसमें टाइमिंग का बहुत महत्व है। 31 मार्च 2009 को सेंसेक्स गिरा हुआ था।
लेकिन जब शेयर मार्केट गिरने लगता है, तो कई लोग अपने सेंसेक्स इंडेक्स फंड से पैसा निकाल लेते हैं। जो टिके रहते हैं उन्हींको लाभ मिल पाता है।
यहां यह बात स्पष्ट कर देना जरूरी है कि यह लेख सिर्फ एक शैक्षणिक अध्ययन अर्थात academic exercise है। यह लेख किसी प्रकार का सुझाव या recommendation नहीं है। अपना पैसा इन्वेस्ट करने के पहले कृपया अपने इन्वेस्टमेंट सलाहकार से राय लें।
(लेखक सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं।)





