जाति से किनारा कर हिंदुत्व पर फोकस सपा को बहुत भारी पड़ेगा।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
ये कहावत आपने बहुत बार सुनी होगी कि नादान की दोस्ती जी का जंजाल। लेकिन इस समय भारतीय राजनीति में एक अलग परिघटना घट रही है कि नादान दुश्मन अपने विरोधी को करे मालामाल।
कोई भी चुनाव हो, उसमें किसी भी पार्टी का मुख्य उद्देश्य होता है कि उसका मुद्दा लोगों तक पहुंचे। लोग उसकी बात समझें और स्वीकार करें। दूसरी कोशिश होती है कि उसका विरोधी उसकी पिच पर आकर लड़े। जहां आप मजबूत हैं अगर वहां आकर लड़ाई हो रही है तो आपके लिए लड़ाई अपेक्षाकृत आसान हो जाती है। जब आप दुश्मन के क्षेत्र में लड़ने जाते हैं तब आपके लिए लड़ाई कठिन हो जाती है। तो फरवरी-मार्च में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इनमें दो राज्यों उत्तर प्रदेश और पंजाब का नतीजा देश की राजनीति को भी प्रभावित करेगा। भाजपा ने दोनों राज्यों में अभी से अपने बड़े नेताओं को प्रचार में उतार दिया है। साथ ही दोनों राज्यों में चुनाव का केंद्रीय मुद्दा भी तय कर दिया है। पहले बात उत्तर प्रदेश की। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हिंदुत्व है। जाति की बात आते ही भाजपा कमजोर हो जाती है। हिंदुत्व उसका ऐसा मुद्दा है, जिस पर उसको कोई पछाड़ नहीं सकता। इस मुद्दे पर उसके विरोधी चाहे मिलकर लड़ें या अलग-अलग कोई फर्क नहीं पड़ता। 2019 का लोकसभा चुनाव आप याद कर लीजिए। उसमें उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा, आरएलडी तीनों मिलकर लड़े। फिर भी 80 में से 66 सीटें भाजपा और उसके साथी जीते। समाजवादी पार्टी को केवल पांच ही सीटें मिलीं। बहुजन समाज पार्टी मुस्लिम वोट मिलने के कारण जरूर 10 सीटें जीत गई।
अब इस चुनाव का केंद्रीय मुद्दा क्या हो? भाजपा के प्रतिद्वंद्वी के रूप में समाजवादी पार्टी है और अखिलेश यादव पिछले दो साल से पीडीए—पीडीए की रट लगाए पड़े हैं। मतलब सपा का केंद्रीय मुद्दा जाति होगा लेकिन अखिलेश कर क्या रहे हैं? वह लगातार अयोध्या पर बोल रहे हैं। पहले उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी कि आइए और अयोध्या से लड़िए। योगी ने चुनौती स्वीकार कर ली। कहा कि अखिलेश आएं, हम दोनों अयोध्या से लड़ते हैं,लेकिन अखिलेश यादव भाग खड़े हुए। अब अखिलेश और उनकी पार्टी ने घोषणा कर दी है कि वह अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे। सवाल है कि यह बात आपको चुनाव के समय में क्यों याद आई? आपके पिताजी ने कारसेवकों पर गोली चलवाई थी। अयोध्या में राम मंदिर न बनने पाए, इसके लिए जी जान लगा दी थी। अदालत से हिंदुओं के पक्ष में फैसला हो गया तब भी आप मानने को तैयार नहीं हुए। आप भूमि पूजन में नहीं गए। आप प्राण प्रतिष्ठा के समारोह में न्योता मिलने पर भी नहीं गए। उसके बाद भी जब-जब पूछा जाता रहा कि आप रामलला के दर्शन करने कब जाएंगे,आप बात को टालते रहे। आपने चढ़ावा चोरी को मुद्दा बनाया। आपको लगा कि अब हिंदुत्व की पिच पर हम आ गए हैं और बीजेपी से आगे निकल जाएंगे। अखिलेश ने कहा है कि वह 12 दिसंबर को अयोध्या जा रहे है और उससे पहले उनको उम्मीद है कि इटावा में उनका केदारेश्वर धाम बन जाएगा। वह कह रहे हैं कि अयोध्या में बीजेपी जीरो के लिए तैयार रहे। यानी भाजपा अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटें हार जाएगी। तो आप अयोध्या, राम, केदारनाथ को मुद्दा क्यों बना रहे हैं? ये आपका यूएसपी नहीं है। आपका स्ट्रांग पॉइंट तो यादव और मुसलमान हैं। आपने उसकी बात ही छोड़ दी है और आप लगातार अयोध्या, राम और हिंदुत्व की बात कर रहे हैं। भाजपा तो चाहती ही थी कि उसके मुद्दे पर उसका विरोधी चुनाव लड़ने के लिए आ जाए और अखिलेश यादव आ गए हैं।
हाल ही में सपा के एक सांसद ने एक और कमाल का बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों पर गोली चलवाकर ठीक किया। इसके लिए उनकी प्रशंसा की जानी चाहिए। तो पहले समाजवादी पार्टी तय कर ले कि कारसेवकों पर गोली चलवाना ठीक था या नहीं। वह तय कर ले कि वह मंदिर के समर्थन में थी या विरोध में। वह तय कर ले कि राम के अस्तित्व को मानती है कि नहीं? क्योंकि उनकी गठबंधन की साथी पार्टी कांग्रेस भगवान राम के अस्तित्व को ही नहीं मानती। सपा को तय करना होगा कि गठबंधन के साथी की बात मानते हैं या भाजपा की बात मानते हैं। अखिलेश यादव के सामने दो ही विकल्प हैं। तो अब वह दोनों तरह से फंसने वाले हैं। कांग्रेस की बात मानें तो फंसे और बीजेपी की बात मानें तब तो बिल्कुल ही दलदल में चले जाएंगे। इस स्थिति में उनके मुस्लिम वोट का क्या होगा? उनको याद रखना चाहिए कि उनके पिता ने 2009 में कल्याण सिंह को साथ लिया था। नतीजा यह हुआ कि मुसलमान कांग्रेस के साथ चला गया था। अखिलेश अगर राम मंदिर के दर्शन करने के लिए अयोध्या जा रहे हैं तो इसका मतलब भाजपा ने उनको अपनी पिच पर आने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने यह फैसला करने से पहले मान लिया कि मुसलमान अगर नाराज होता है तो हो। उनको लगता है कि इससे वह हिंदुओं को खुश कर लेंगे। अब इस गलतफहमी में तो बहुत से लोग रहे। राहुल गांधी भी उनमें एक से एक हैं। राहुल कैलाश मानसरोवर, सोमनाथ, काशी विश्वनाथ कहां नहीं गए, लेकिन उससे उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ। किसी ने उनको हिंदू समर्थक नहीं माना। राहुल ने अपने को दत्तात्रेय गोत्र का ब्राह्मण भी बता दिया। तब भी हिंदुओं पर असर नहीं पड़ा। ममता बनर्जी को भी ये गलतफहमी हो गई थी कि ऐसा करने से हिंदू भ्रमित हो जाएंगे। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने उड़ीसा के जगन्नाथ मंदिर की तरह ही पश्चिम बंगाल में भी एक जगन्नाथ मंदिर का निर्माण करा दिया। उनको लगा कि अब बीजेपी को कौन पूछेगा? सारे हिंदू हमारे साथ आएंगे। नतीजा उसका ठीक उल्टा हो गया। जो हिंदू भाजपा के साथ 2021 में नहीं थे, वे भी 2026 में उसके साथ आ गए। तो हिंदू इस तरह के नाटकों से भ्रमित नहीं होता। अखिलेश यादव को अब भी उम्मीद है कि हिंदुओं को भ्रमित किया जा सकता है। कार सेवकों पर गोली चलवाने वाले, आतंकवादियों का बचाव करने वाले, सांप्रदायिक दंगा करवाने वाले और दंगे में पीड़ित हिंदुओं से मजहब के आधार पर फर्क करने वाले लोगों को लगता है कि हिंदू सब भूल जाएंगे,लेकिन ऐसा होता नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो बात कही कि अखिलेश अयोध्या जाने से पहले कारसेवकों और संतों से माफी मांगें,उस पर उनको अमल करना पड़ेगा। तभी अयोध्या जाने का उनका उद्देश्य सफल हो सकता है और उन्हें हिंदुओं की कुछ सहानुभूति मिल सकती है। सनातन धर्म में यह बहुत अच्छी बात है कि प्रायश्चित करने वाले को माफी मिल जाती है। लेकिन अपराध करके उस पर डटे रहने वाले और क्षमा मांगने से इनकार करने वाले को कभी माफी नहीं मिलती है। उसको सजा मिलती है। अखिलेश यादव और उनकी पार्टी ने वही किया है। अखिलेश यादव ने आज तक यह कभी नहीं कहा है कि 1990 में कारसेवकों पर जो गोली चली, वह गलत हुआ था। उन्होंने यह कभी नहीं कहा कि हम भगवान राम के मंदिर के निर्माण को भारत की सनातन संस्कृति की पुनरस्थापना का एक अध्याय मानते हैं। उनको लग रहा है कि वह रामलला के दर्शन करने जाएंगे तो उनको आशीर्वाद मिल जाएगा और भाजपा वालों को श्राप मिल जाएगा। सवाल है कि जिसने मंदिर के लिए लड़ाई लड़ी, बरसों आंदोलन किया, उसके साथ भगवान का आशीर्वाद होगा या जिसने गोली चलवाई, जिसने संतों पर अत्याचार किया, जिसने हरसंभव कोशिश की कि राम मंदिर न बनने पाए, उसके साथ होगा। तो अखिलेश यादव जैसे—जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है लगातार भाजपा की पिच पर आ रहे हैं और उनको समझ में नहीं आ रहा है कि वह अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार रहे हैं। चाहे मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा हो, चाहे भगवान के दर्शन का मामला हो या हिंदुत्व से जुड़ा हुआ कोई मुद्दा हो, अखिलेश जितना इन पर बोलेंगे उतना ही उनका पीडीए कमजोर होगा। अब आप सोचिए कि यादव समाज के मन में क्या भावना आ रही होगी कि हमारा नेता अखिलेश यादव भगवान राम के दर्शन करने जा रहा है तो हम क्यों ना जाए? हमारे पास क्या कारण है कि सनातन धर्म और हिंदुत्व का विरोध करें। तो जब अखिलेश यादव जैसा नादान राजनीतिक दुश्मन हो तो भारतीय जनता पार्टी के लिए इससे अच्छा अवसर क्या हो सकता है?
दूसरी बात पंजाब की। पंजाब का भी मुद्दा तय हो गया है। वहां नशा चुनाव का केंद्रीय मुद्दा बन गया है और इसको भाजपा ने बनाया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा कर दी कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त कर देंगे। यह दावा इससे पहले कोई पार्टी नहीं कर पाई थी और भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड है। शाह ने अनुच्छेद 370 और 35 ए को खत्म किया। उन्होंने तारीख बताकर नक्सलवाद और माओवाद को खत्म किया। आज बस्तर में दीपावली मनाई जा रही है। कुछ साल पहले तक इस बात की कल्पना करना भी मुश्किल था। पंजाब में भाजपा को छोड़कर हर पार्टी ड्रग माफिया के साथ खड़ी रही है। केवल भाजपा इसको खत्म करने की बात कर रही है और केंद्रीय गृह मंत्री यह बात बोल रहे हैं। इसका मतलब वह तैयारी कर चुके हैं। तो इन दोनों महत्वपूर्ण प्रदेशों में केंद्रीय मुद्दा जो भाजपा चाहती है, वह तय हो चुका है और इसमें सबसे बड़े मददगार साबित हुए हैं उसके विरोधी। तो अब देखिए नतीजा क्या आता है?
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)