सत्य से साक्षात्कार-13 

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
व्यक्ति का आचरण उसके चरित्र को दर्शाता है। दो ऐसे लोगों की बात करूंगा जो सर्वोच्च पदों पर रहे। एक राष्ट्रपति और एक प्रधानमंत्री। महाराष्ट्र की रहने वाली प्रतिभा पाटिल 2007 से 2012 तक राष्ट्रपति थीं। वह कांग्रेस पार्टी की नेता थीं। उनकी खूबी थी कि वह गांधी परिवार की करीबी थीं और इसीलिए उनको राष्ट्रपति बनाया गया। लेकिन उन्होंने राष्ट्रपति भवन से जाते-जाते क्या किया?
राष्ट्रपति पद पर रहते हुए उनको विदेशों में जो उपहार मिले थे, उनमें से 150 उपहारों को उन्होंने अपने घर भेज दिया। उनके परिवार का एक म्यूजियम है। इसके अलावा वह पुणे में सेना की जमीन पर 4500 स्क्वायर फीट में मकान बनवा रही थीं। पोस्ट रिटायरमेंट के लिए प्रेसिडेंस पेंशन एक्ट के मुताबिक राष्ट्रपति अपने गृह प्रदेश में ढाई हजार स्क्वायर फीट में मकान बनवा सकते हैं, लेकिन वह जमीन सरकारी या सेना की नहीं होनी चाहिए। जब 2012 में प्रणव मुखर्जी राष्ट्रपति बने तो उनको सचिवालय ने चिट्ठी लिखी कि यह जमीन 15 जून 2013 तक विद्या भारती शैक्षणिक मंडल को वापस कर दें। इस संस्था को यह जमीन भवन बनाने के लिए दी गई थी। प्रतिभा पाटिल जो 150 उपहार अपने साथ लेकर गईं थीं, उसमें नेल्सन मंडेला, अमेरिका के राष्ट्रपति और इंग्लैंड के प्रधानमंत्री का दिया हुआ उपहार भी शामिल था। आखिर में उनको सेना की वह जमीन छोड़नी पड़ी और मकान का निर्माण रोकना पड़ा। पूरे देश में कांग्रेस की थू-थू हुई। देश के सर्वोच्च पद पर बैठे हुए व्यक्ति का यह आचरण था और केवल एक कांग्रेसी ही ऐसा कर सकता है। एक आरटीआई से यह सब पता चला। आरटीआई बरेली के एक वकील मोहम्मद खालिद जिलानी ने दायर की थी।
ऐसे ही दूसरे व्यक्ति हैं प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह। उनकी ईमानदारी का ढिंढोरा तो कांग्रेस आज तक पीटती है। उनको देश का सबसे ईमानदार प्रधानमंत्री, देश का सबसे बड़े अर्थशास्त्री और न जाने क्या-क्या बताती है। प्रधानमंत्री रहते हुए मनमोहन सिंह को 383 उपहार मिले थे। उनमें से 101 वह अपने साथ ले गए। हालांकि प्रधानमंत्री को कानूनन अनुमति है कि वह उपहार ले जा सकते हैं, लेकिन उन उपहारों में क्या था? सिल्वर क्रॉकरी, कारपेट, पेंटिंग्स, मेटल बॉल्स, ज्वेलरी बॉक्स, शोपीस और टीशर्ट। यह ठीक है कि कानूनन अनुमति थी,लेकिन सवाल यह है कि ले क्यों गए? जो व्यक्ति पूरे जीवन बड़े सरकारी पद पर रहा। देश का प्रधानमंत्री बना फिर भी ऐसा आचरण। इसके विपरीत आप नरेंद्र मोदी को देखिए। वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे और 2014 में प्रधानमंत्री बनकर दिल्ली आने वाले थे। दिल्ली आने से पहले उनको मुख्यमंत्री रहते हुए जो उपहार मिले थे, उन सबकी नीलामी कराई और वह पैसा मुख्यमंत्री सचिवालय के कर्मचारियों को दे दिया। यह होता है चरित्र का फर्क। लालच आदमी के चरित्र को गिरा देता है। मनमोहन सिंह और प्रतिभा पाटिल के पास कोई कमी नहीं थी, लेकिन यह उनका लालच था जो उपहारों को लेकर गए। (10.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)