सत्य से साक्षात्कार-18

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की उन्हीं के सरकारी आवास में हत्या हो गई। हत्या के बाद प्रधानमंत्री आवास का दृश्य कैसा था? क्या हुआ? कुछ घटनाओं की बात कर रहा हूं। वैसे तो बहुत सी बातें हैं, लेकिन मैं केवल उन बातों की चर्चा कर रहा हूं जो पीएमओ में काम करने वाले चिन्मय आर घरेखान ने अपनी किताब में लिखी हैं। उनकी किताब है सेंटर्स ऑफ पावर माय इयर्स इन प्राइम मिनिस्टर ऑफिस एंड सिक्योरिटी काउंसिल। उसमें उन्होंने लिखा है कि 09:15 बजे उनको नटवर सिंह का फोन आया।
नटवर सिंह ने उनसे कहा कि ‘सुना’। उन्होंने कहा, क्या? तो उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पर गोली चली है। वह तुरंत इंदिरा गांधी के सरकारी निवास 1 सफदरजंग के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचे तो उनको आरके धवन दिखाई दिए। तेजी बच्चन दिखाई दीं। उसके अलावा जहां पर गोली मारी गई थी,वहां खून बिखरा हुआ था और इंदिरा गांधी के साथ जो सतरंगी छाता चलता था, वह और उनकी काली चप्पल पड़ी थी। आप इस बात से समझिए कि जो क्राइम सीन था, उसको सैनिटाइज नहीं किया गया था। उन्होंने देखा कि 20 से ज्यादा गोलियों के खोखे थे। उनमें चार से पांच गोलियां पिस्तौल से चली थीं और बाकी जो स्टेन गन में होती हैं, सब उतार दी गई थीं, लेकिन गोलियों की आवाज सुनकर भी कोई रोकने-बचाने नहीं आया जबकि वहां कमांडो पोस्टेड थे। यह था प्रधानमंत्री आवास का हाल। जिन दोनों गार्डों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया, उन्होंने दूसरे साथियों से अपनी ड्यूटी बदल ली और किसी को पता नहीं। उनकी यूनिट के हेड को पता ही नहीं कि उन्होंने ड्यूटी बदल ली है। उसके अलावा जब घायल इंदिरा गांधी को अस्पताल ले जाने की बात हुई तो प्रधानमंत्री आवास की एंबुलेंस स्टार्ट ही नहीं हुई। इससे आप लापरवाही की सीमा समझ सकते हैं। इंदिरा को जब एम्स ले जाया जा रहा था तो वहां इनफॉर्म ही नहीं किया गया कि उनको गोली लगी है। जब पहुंचे तो वहां ड्यूटी पर दो जूनियर डॉक्टर थे। बाद में सीनियर डॉक्टर आए और इंदिरा गांधी को आर्टिफिशियल लंग और हार्ट पर रखा गया। ट्रैफिक के लिए कोई बंदोबस्त नहीं किया गया। सामान्य ट्रैफिक में एंबेसडर गाड़ी में इंदिरा गांधी घायल अवस्था में एम्स ले जाई गईं। कांग्रेस के एडमिनिस्ट्रेशन पर इससे बड़ी टिप्पणी क्या हो सकती है कि प्रधानमंत्री अपने तक घर तक में सुरक्षित न हों।
उसके अलावा उस समय गृहमंत्री पीवी नरसिम्हा राव हैदराबाद में थे। वित्त मंत्री बंगाल में थे। रक्षा मंत्री मॉस्को में थे। पीएम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, कैबिनेट सेक्रेटरी और फाइनेंस सेक्रेटरी एटॉमिक एनर्जी की बैठक में भाग लेने के लिए बॉम्बे में थे। राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह विदेश यात्रा पर यमन में थे और सबसे बड़ी बात सहायता के लिए जब प्रधानमंत्री आवास से पुलिस को फोन किए गए तो पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने यह नहीं लिखा कि किस थाने या किस अधिकारी को फोन किया गया था। यह प्रधानमंत्री पर हमले के बाद की कहानी है। शूट एट साइट के आर्डर तो जारी हो गए, लेकिन लागू हुआ 24 घंटे बाद। 24 घंटे तक पूरी भारत सरकार पंगु रही। तीन दिन तक देश की राजधानी में कानून व्यवस्था ध्वस्त रही। उधर एम्स में तीन लोग पार्थसारथी, अरुण नेहरू और उपराष्ट्रपति आर वेंकटरमन योजना बना रहे थे कि राजीव गांधी को कैसे जल्दी से जल्दी प्रधानमंत्री बनाया जाए। उनको डर था कि अगर जरा भी देर हुई तो कोई नया दावेदार आ सकता है। राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने संदेश दे दिया था कि वह अपनी यमन की यात्रा रद्द करके वापस लौट रहे हैं। तो इन तीनों को डर था कि वह इस परिस्थिति में राजीव गांधी को शपथ दिलाने से मना न कर दें। इससे पहले नेहरू और शास्त्री जी की मौत के बाद जो परिस्थितियां बनी थीं तो इंटरिम प्राइम मिनिस्टर गुलजारी लाल नंदा बनाए गए थे। ये लोग ऐसा नहीं चाहते थे। कांग्रेस पार्लियामेंट्री बोर्ड के छह सदस्य थे। उनमें से दो का निधन हो चुका था और एक शहर से बाहर था। जो तीन थे उन्होंने वहीं राष्ट्रपति के नाम चिट्ठी लिखकर दे दी कि हम राजीव गांधी को कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी का नेता और कांग्रेस अध्यक्ष अपॉइंट करते हैं। वैसे तो पार्लियामेंट्री पार्टी नेता चुनती है, लेकिन पार्लियामेंट्री पार्टी के ज्यादातर सदस्य यानी सांसद शहर से बाहर थे इसलिए पार्लियामेंट्री पार्टी की कोई बैठक नहीं हुई। जैल सिंह क्या कर सकते हैं, इस पर आशंका थी तो वेंकटरमन एयरपोर्ट गए और रास्ते में उनसे बात की। ज्ञानी जैल सिंह ने कहा, मैं शपथ दिला दूंगा। ऐसा कहते हैं कि जब गोली मारी गई तो इंदिरा गांधी की मौत स्पॉट पर ही हो गई थी। एम्स में आर्टिफिशियल लंग और हार्ट पर उनको रखा गया। उनकी मौत की घोषणा नहीं की जा रही थी क्योंकि राजीव गांधी के दिल्ली लौटने का इंतजार हो रहा था। वह प्रणव मुखर्जी के साथ कलकत्ता के एक गांव में थे। उनको गोली चलने की सूचना तो दी गई, लेकिन यह नहीं बताया गया कि इंदिरा गांधी की मौत हो गई है। शाम को 6:00 बजे ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन से घोषणा हुई कि इंदिरा गांधी की मौत हो गई है और मौत का समय दोपहर 2:30 बजे बताया गया। वह भी गलत था। उससे पहले उनकी मौत हो चुकी थी, लेकिन उसका तकनीकी कारण हो सकता है। शाम को 6:45 पर राष्ट्रपति भवन में राजीव गांधी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिला दी गई। (15.07.2026)
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)