आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट शुक्रवार देर शाम जारी कर दी है। कुल 134 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। पार्टी ने राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद लिस्ट की घोषणा की है। वहीं बताया जा रहा है कि शेष 120 उम्मीदवारों की सूची आज शनिवार को जारी हो सकती है।
बता दें कि एमसीडी में कुल 250 सीटें हैं। सभी सीटों पर 4 दिसंबर को चुनाव होना है। इससे पहले आप ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की है। जिसमें राजेंद्र पाल गौतम का नाम शामिल करने को लेकर बीजेपी लगातार निशाना साध रही है।
पहली लिस्ट में पार्टी ने जमीन पर काम करने वाले समर्पित पुराने कार्यकर्ताओं को टिकट दिया है। 90 फीसदी ऐसे नाम शामिल हैं जो पार्टी में कई वर्षों से ग्राउंड लेवल पर काम कर रहे हैं। पार्टी की तरफ से बताया गया है कि टिकट देने से पहले सभी उम्मीदवारों का सर्वेक्षण किया गया और उम्मीदवारों की पसंद पर स्थानीय लोगों से फीडबैक लिया गया।
बताया गया है कि आम आदमी पार्टी के टिकट पर एमसीडी चुनाव लड़ने के लिए 20 हजार से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया था। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पार्टी पीएसी की मैराथन बैठक में उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,46,73,847 है, जिनमें 79,86,705 पुरुष व 66,86,081 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। दिल्ली नगर निगम में कुल 250 वार्ड हैं।
दिल्ली में 7 दिसंबर को एमसीडी चुनाव के नतीजे
दिल्ली में नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव के लिए वोटिंग 4 दिसंबर को होगी और 7 दिसंबर को नतीजे आएंगे। सुबह 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक वोटिंग होगी। दिल्ली में विधानसभा 70 सीटें हैं। लेकिन, 2 सीटों चुनाव नहीं होंगे। ऐसे में 68 विधानसभा सीटों पर होंगे, इनमें 250 वार्ड हैं। यहां इलेक्शन करवाए जाएंगे। पिछली बार की तरह ईवीएम का यूज किया जाएगा। 50 हजार से ज्यादा ईवीएम रखी गई हैं। (एएमएपी)



