समाज के बदलने का दिखने लगा असर, सनातन विरोधी भी खुद को आस्थावान हिंदू बता रहे।
प्रदीप सिंह।सामाजिक परिवर्तन होने में दशकों लगते हैं। यह ऐसी प्रक्रिया है,जो बहुत धीमी गति से होती है, लेकिन सतह के अंदर अगर परिवर्तन की पृष्ठभूमि बन रही हो तो कई बार परिवर्तन का परिणाम जल्दी दिखाई देने लगता है। वही इस समय हो रहा है।
जरा आप 2014 से पहले और उसके बाद की राजनीति पर ध्यान दीजिए। जब मैं यह कह रहा हूं तो आप किसी पार्टी, किसी नेता, किसी सरकार के बारे में मत सोचिए। केवल और केवल समाज के बारे में सोचिए। उसके बारे में विचार कीजिए कि क्या बदला है? 2014 से पहले आमतौर पर हम लोग धर्मनिरपेक्षता, सेक्युलरिज़्म और अल्पसंख्यकवाद जैसे शब्द सुनते थे। अब ये शब्द सुनाई नहीं देते। 2014 में जब सत्ता परिवर्तन हुआ और सत्ता परिवर्तन ऐसा नहीं कि पहली बार हुआ। उससे पहले भी हो चुका था। फर्क सिर्फ इतना था कि पहली बार किसी गैर कांग्रेसी पार्टी को लोकसभा में पूर्ण बहुमत मिला। चुनावी राजनीति के हिसाब से यह इन्फ्लेक्शन पॉइंट था कि अब यहां से देश की राजनीति एक नया मोड़ लेने वाली है और उसने मोड़ ले लिया। जो लोग हिंदुओं, हिंदुत्ववादी शक्तियों और सनातन धर्म के मानने वालों को गाली देने के लिए धर्मनिरपेक्ष शब्द का इस्तेमाल करते थे। उनको सांप्रदायिक बताते थे। उन्होंने वह शब्दावली छोड़ दी। अचानक ये परिवर्तन देखने को मिला। उनको लगा कि अल्पसंख्यकवाद की जो तलवार थी, उसकी धार भोथरी हो गई है। उससे हिंदुत्ववादियों पर वार करना अब संभव नहीं है। तो उन्होंने बहुसंख्यकवाद का नया सिद्धांत गढ़ा। 2014 के बाद से लेफ्ट इको सिस्टम वाली जितनी पार्टियां है, वे सब अल्पसंख्यक की बात छोड़कर बहुसंख्यक की बात करने लगीं। हालांकि वे बहुसंख्यकों की हितैषी नहीं हैं। बहुसंख्यकों का विरोध करने के लिए उन्होंने दूसरा रास्ता चुना कि बहुसंख्यकों को पहले कटघरे में खड़ा करो। उनको एक खलनायक की तरह पेश करो और बताओ कि इससे समाज, देश और लोकतंत्र को कितना खतरा है। तो कहा गया कि देश में अब बहुसंख्यकवाद आ गया है और ये बड़ा खतरनाक है। ये दूसरे वर्गों का अधिकार छीनता है। इस मुद्दे को चलाने के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लेख लिखे गए, सेमिनार और सभाएं हुईं। लेफ्ट इको सिस्टम ने पूरी ताकत झोंक दी। उनको लगता था कि हर बार विमर्श तो हम ही तय करते हैं, इसबार भी हम ही तय करेंगे, लेकिन हुआ ठीक उल्टा। राजनीति का केंद्रीय विमर्श हिंदुत्व बन गया। अब हिंदुत्व के विरोधी और समर्थक सब उसी नाव पर सवार हो गए हैं। उसी पर सवार होकर एक-दूसरे पर घात-प्रतिघात कर रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि समाज हिंदुत्व के साथ हो गया है।
राजनीति करने वालों की मंशा, उनका उद्देश्य और उनका काम करने का तरीका अलग होता है। समाज अपनी चाल चलता है। पिछले 12 सालों में उस परिवर्तन का असर देखिए कि हिंदू तीज त्योहारों पर किस तरह की भीड़ उमड़ती है। ये किसी राजनीतिक दल के समर्थक या कार्यकर्ता नहीं होते हैं। ये आम लोग होते हैं, जिनकी अपने धर्म में आस्था है। ऐसा नहीं है कि आस्था इन्हीं 12 सालों में पैदा हुई है। पहले से थी। बस उसको प्रकट करने में उनको डर लगता था। भय था कि सांप्रदायिक करार दिए जाएंगे। अल्पसंख्यक विरोधी बताए जाएंगे। अब वह डर निकल गया है। तो समाज में सबसे बड़ा परिवर्तन आया है। राजनीति में तो परिवर्तन आते रहते हैं। सरकार बनती है, बिगड़ती है। कोई मुख्यमंत्री बनता है, कोई प्रधानमंत्री बनता है। फिर वे भी बदलते रहते हैं। लेकिन समाज जब एक नया मोड़ लेता है तो वह लंबे समय तक उस रास्ते पर चलता है। भारत में अब दिखाई दे रहा है कि वह औपनिवेशिक गुलामी की मानसिकता से निकल रहा है। हालत यह हो गई है कि हिंदुत्व और सनातन विरोधी भी सनातन की बात करने लगे हैं। राहुल गांधी को देखिए, खुद को शिव भक्त बताते हैं। अब उनको कोई यह समझाए कि शिव क्या है। शिव के आराध्य हैं भगवान राम और आप भगवान राम के अस्तित्व को मानने से इनकार करते हैं। ऐसे शिव भक्त को सबक सिखाने के लिए तो भगवान शिव तांडव ही कर सकते हैं। जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोली चलवाई, वे आज अयोध्या जाने की बात कर रहे हैं। पहले तो कभी नहीं की। 1989 का लोकसभा चुनाव याद कीजिए। राजीव गांधी ने अपने अभियान की शुरुआत फैजाबाद से की थी और कहा था कि जीत कर आएंगे तो राम राज्य की स्थापना करेंगे। जो कभी राम के मंदिर में नहीं गया, वह राम राज्य की स्थापना की बात कर रहा था। लेकिन हार गए। हार गए तो फिर सब छोड़ दिया क्योंकि आस्था नहीं थी। देखिए जब आस्था और विश्वास होता है तो वह झंझावातों से डिगता नहीं है। भारत में 800 साल तक मुगलों और 200 साल अंग्रेजों का राज रहा, लेकिन जिनकी हिंदू धर्म में आस्था थी,वह डिगी नहीं। उन्होंने तमाम अत्याचार सहे पर अपना धर्म नहीं छोड़ा। जो नकली थे, उन्होंने छोड़ दिया। भगवान कृष्ण ने कहा ही है धर्म उन्हीं की रक्षा करता है, जो धर्म की रक्षा करते हैं। तो आज देखिए परिस्थितियां कैसे बदली हैं। आज हिंदुत्व के विरोध में बोलने की किसी की हिम्मत नहीं है। सब समर्थन में बोल रहे हैं। अल्पसंख्यक की कोई बात नहीं कर रहा है। इन्होंने अल्पसंख्यक में भी बदलाव किया है। पहले अल्पसंख्यक शब्द के जरिए जो नकाब ओढ़ रखी थी, अब उतार दी है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और दूसरी पार्टियां अब सीधे मुसलमान की बात कर रही हैं।दरअसल इनको समझ में नहीं आ रहा है कि विमर्श को अपनी ओर कैसे मोड़ें। इस समय हिंदुत्व भारतीय राजनीति की धुरी बन गया है। सारी राजनीति, सामाजिक व्यवस्था उसी के इर्द-गिर्द घूम रही है। महाकुंभ का नजारा आप सबने देखा होगा। वहां किसी को बुलाया नहीं गया था। लोग खुद से आए, स्नान किया और चले गए। जो लोग शोर मचाते हैं कि बड़ा जातिवाद है। महाकुंभ में डुबकी लगाने वालों में किसी ने किसी से नहीं पूछा कि उसकी जाति क्या है? जब आस्था हावी होती है तो बाकी सारे मतभेद दूर हो जाते हैं। ये सब तब याद आता है, जब आपकी आस्था कमजोर पड़ती है।
एक और बहुत बड़ा परिवर्तन आया है,जिसकी ओर कम लोगों का ध्यान गया है। आप देखिए सनातन इकॉनमी किस तरह से बढ़ रही है। अयोध्या, काशी, मथुरा और देश के अन्य तीर्थस्थलों में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई-कई गुना बढ़ गई है। पहले लोगों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र होता था गोवा। वह खिसक कर कितना नीचे चला गया है पता नहीं। तीर्थस्थल अब एक नई अर्थव्यवस्था का निर्माण कर रहे हैं। जो लोग पूछते थे कि मंदिर बनाने से क्या होगा? किसी को रोजगार मिलेगा? उनको अयोध्या, काशी, वृंदावन, माता विंध्यवासिनी धाम, केदारनाथ और दूसरी जगहों पर जाकर देखना चाहिए। वहां इकॉनमी कैसे चल रही है? लोग तीर्थ यात्रा के लिए हवाई जहाज, सड़क मार्ग या ट्रेन से आते हैं तो उस पर कुछ खर्च करते हैं कि नहीं? फिर होटल में रुकते हैं, कहीं खाना खाते हैं। रास्ते में भी खर्चा करते हैं। भारतीय लोगों का स्वभाव होता है कि किसी भी नई जगह की कोई यादगार चीज खरीद कर जरूर लाते हैं। तो सनातन इकॉनमी में कितनी वृद्धि हो रही है। वह देश की इकॉनमी में कितना बड़ा योगदान कर रही है। मुझे दुनिया का दूसरा कोई धर्म या मजहब बताइए जो अपने देश की अर्थव्यवस्था में इतना बड़ा योगदान करता हो और यही बात सनातन विरोधियों को सबसे ज्यादा परेशान कर रही है। भारतीय राजनीति की यह जो नई धुरी बनी है, इसको तोड़ना या हिलाना बहुत कठिन है। यह बात सब सनातन विरोधियों ने स्वीकार कर ली है। वे सार्वजनिक रूप से भले न बोल रहे हो, लेकिन उनके कार्यकलाप देखिए। सब बता रहे हैं कि हम बड़े आस्थावान हिंदू हैं। लेकिन यह मुंह में राम बगल में छुरी वाला मामला है। ये इंतजार कर रहे हैं कि कब हिंदुत्व की यह लहर धीमी पड़े, तब वार करेंगे। फिलहाल उनकी समस्या यह है कि हिंदुत्व की इस ताकत से जो टकराने की कोशिश करेगा, वह नेस्तनाबूद हो जाएगा। इसलिए इनको लगता है कि धारा के विपरीत चलने के बजाय धारा के साथ चल लो, कुछ समय तो सरवाइव कर लेंगे। अब अखिलेश यादव कह रहे हैं कि इटावा में केदारेश्वर धाम बना रहे हैं। यह सुनकर ऐसा ही लगता है जैसे शैतान वेद वाक्य बोल रहा हो। ऐसे छद्म वेश वालों को पहचानने की जरूरत है। ये हिंदुओं का हितैषी होने का नाटक कर रहे हैं और नाटक बहुत देर तक टिकता नहीं है। आप देखते रहिए इनका भी टिकेगा नहीं। हिंदुत्व की जो ये लहर चल पड़ी है, इसे रोक पाना किसी पार्टी के बस की बात नहीं है और किसी पार्टी की ये हैसियत भी नहीं है कि इसको चलाने या मजबूत करने का दावा कर सके। यह जिम्मा अब समाज ने अपने ऊपर ले लिया है। ये मामला अब पार्टियों के दायरे से बाहर निकल गया है। इसलिए जिसको राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहना है, उसको हिंदुत्व के साथ चलना ही पड़ेगा। मुसलमान का नाम लेकर अब आप चुनाव नहीं जीत सकते। 30—40% मुस्लिम आबादी वाले राज्यों में भी अब आप हार रहे हैं। क्यों? क्योंकि हिंदुओं में अपने धर्म के प्रति आस्था का भाव जागृत हो गया है। यह देश अब गुलामी की मानसिकता से निकलकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों की ओर लौट रहा है और जो जड़ों की ओर लौटता है, उसको रोकना कठिन ही नहीं असंभव होता है।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)











