दुनिया के अरबपतियों की सूची में लगातार बड़ा फेरबदल देखने को मिल रहा है। लंबे समय बाद अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस फिर से पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्‍होंने बर्नार्ड अर्नाल्‍ट को पछाड़कर यह ताज हासिल किया है। कुछ दिन पहले ही बर्नार्ड अर्नाल्‍ट ने एलन मस्क को पछाड़कर अरबपतियों की सूची पर कब्‍जा किया था। लेकिन उनकी यह बादशाहत कुछ ही दिन बरकरार रह सकी। अब लंबे समय बाद जेफ बेजोस को यह ताज मिला है।

गौरतलब है कि इस साल अमीरों की लिस्ट में टॉप पोजीशन पर तीन बार बड़ा बदलाव हो चुका है। पहले बर्नार्ड अर्नाल्ट ने एलन मस्क को पछाड़ा फिर जेफ बेजोस ने अर्नाल्ट को। इसके बाद एक बार अर्नाल्ट ने बेजोस को पीछे किया और आज बेजोस ने अर्नाल्ट को पछाड़ दिया। जेफ न केवल पहले अरबपति नंबर वन बने हैं बल्कि इस लिस्ट में 200 अरब डॉलर का नेटवर्थ वाले अकेले बिलेनियर हैं।

जेफ बेजोस की संपत्‍ति 201 बिलियन डॉलर हो गई

हाल ही में हुए बदलाव के बाद जेफ बेजोस की संपत्‍त‍ि 2.16 बिलियन डॉलर बढ़कर 201 बिलियन डॉलर हो गई है। वह सूची में अकेले ऐसे शख्‍स हैं, जिनकी संपत्‍त‍ि 200 बिलियन डॉलर से ज्‍यादा है। अर्नाल्ट को बुधवार को 2.80 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है और उनकी संपत्‍त‍ि घटकर 199 बिलियन डॉलर रह गई। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के आंकड़ों के अनुसार जेफ बेजोस की कुल संपत्‍त‍ि 201 बिलियन डॉलर है। इस साल उनकी संपत्‍त‍ि में 24 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है।

11 पर और मजबूत हुए अंबानी, एक पायदान और फिसले अडानी

अरबपतियों की लिस्ट में गौतम अडानी एक और स्थान फिसल कर 16वें नंबर पर आ गए हैं। उनके पास 95.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति है। दूसरी ओर रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी 11वें स्थान पर और मजबूत हुए हैं। उनके पास 110 अरब डॉलर की संपत्ति हो गई है। वहीं, टॉप-10 अरबपतियों में बुधवार को केवल बर्नार्ड को ही नुकसान हुआ। एलन मस्क की दौलत में 3.10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति 3.23 अरब डॉलर बढ़ी। बिल गेट्स से लेकर सर्गी ब्रिन तक की संपत्ति में 338 मिलियन डॉलर से डेढ़ अरब डॉलर तक की बढ़ोतरी हुई।(एएमएपी)