वर्ष 2022 मेरठ के लिए विकास के पंख लगाकर आया। इस वर्ष मेरठ में प्रदेश के पहले खेल विवि के शिलान्यास का तोहफा मिला तो मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का काम शुरू हुआ। इसके अलावा कई क्षेत्रों में 2022 में मेरठ में उल्लेखनीय कार्य हुए।

मेजर ध्यानचंद विवि का किया शिलान्यास

मेरठ में प्रदेश का पहला खेल विवि बनने जा रहा है। जनवरी 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ के सलावा गांव में खेल विवि का शिलान्यास किया। 36.98 एकड़ भूमि पर 700 करोड़ रुपए की लागत से खेल विवि का निर्माण होगा। इसमें लगभग 24 एकड़ भूमि पर निर्माण कार्य होंगे। जबकि शेष जमीन पर खेल के मैदान, अति आधुनिक कोर्ट, क्रिकेट, फुटबाल, हॉकी ग्राउंड आदि बनेंगे। यह खेल विवि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को उबारने में मील का पत्थर साबित होगा। मेरठ में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से खेल इंडिया योजना के अंतर्गत कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया एथलेटिक प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है। कैलाश प्रकाश स्पोट्स स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रो टर्फ भी इस वर्ष बनकर तैयार हुआ। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शूटिंग रेंज का निर्माण शुरू हुआ।

रफ्तार के पथ पर आगे बढ़ रहा मेरठ

वर्ष 2022 में मेरठ रफ्तार के पथ पर लगातार आगे बढ़ता रहा। मेरठ से प्रयागराज तक निर्बाध सफर आसान बनाने के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण शुरू हो गया। मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होने वाला यह एक्सप्रेस-वे विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। मेरठ से दिल्ली का सफर आसान बनाने के लिए देश की पहली रीजनल रेल का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस साल रैपिड रेल के लिए भूमिगत सुरंग बनाने का काम शुरू हुआ। रैपिड रेल चलने से मेरठ से दिल्ली का सफर एक घंटे से भी कम समय का रह जाएगा। मेरठ में आठ चौराहों पर लाल बत्ती युक्त आईटीएमएस सिस्टम ने काम शुरू कर दिया। इन चौराहों को लखनऊ के वर्सर से जोड़ा जाएगा। मेरठ में सिटी डवलपमेंट प्लान के दस प्रस्ताव शासन को भेजे गए।

निवेश से बदलेगी मेरठ की सूरत

वर्ष 2022 ने उद्योग और रियल एस्टेट के लिए उपलब्धियों का उपहार दिया। मेरठ में 3500 करोड़ रुपए के निवेश का रास्ता साफ हो गया है और रियल एस्टेट व्यवसायियों ने 1600 करोड़ रुपए के निवेश के लिए पंजीकरण कराए। मेरठ में स्थापित आईटी पार्क में कंपनियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण ने 35 साल बाद नई आवासीय योजनाएं लाने की घोषणा की है।

मेरठ पहुंचे आरएसएस के सरसंघचालक

पांच जून 2022 को मेरठ के चौधरी चरण सिंह विवि में नीर फाउंडेशन द्वारा जल संरक्षण पर गोोष्ठी आयोजित हुई। जिसमें मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन राव भागवत रहे। उन्होंने अपनी संस्कृति और संस्कारों की ओर लौटने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री मेरठ में तीन बार आए

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मेरठ में एक बार आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने खेल विवि का शिलान्यास किया। इसके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ में तीन बार आगमन हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की गति को आगे बढ़ाने का कार्य किया।

मेरठ में स्वास्थ्य सेवाओं में हुआ सुधार

लाला राजपत राय मेडिकल कॉलेज में 150 करोड़ रुपए से बने सुपरस्पेशिलिटी ब्लॉक में जटिल बीमारियों का उपचार शुरू हुआ। सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर राठी की अगुवाई में दो लड़कों को लिंगारोपण करके लड़की बनाया गया है। यह मेडिकल कॉलेज में अपनी तरह का पहला ऑपरेशन रहा। सुपरस्पेशिलिटी ब्लॉक में कार्डियो थोरेसिक सर्जरी विभाग ने पहली बार ओपन हार्ट एएसडी रिपेयर सर्जरी की। इसके अलावा भी कई जटिल बीमारियों का उपचार किया गया।  (एएमएपी)