मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार देर शाम नर्मदा जयंती एवं नर्मदापुरम के गौरव दिवस पर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना की तरह अब प्रदेश में लाड़ली बहना योजना शुरू की जाएगी। योजना में सभी वर्गों की गरीब बहन को प्रतिमाह एक हजार रुपये मिलेंगे और यदि उन्हें अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है, तो वह पूर्ववत् मिलता रहेगा। योजना पर पांच वर्षों में अनुमानित 60 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना प्रदेश की बहनों की जिन्दगी को और बेहतर बनायेगी। मुझे मेरी बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। बहनें सशक्त होंगी तो परिवार सशक्त होगा, परिवार सशक्त होगा तो समाज सशक्त होगा, समाज सशक्त होगा तो प्रदेश सशक्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं नर्मदा मैया का बेटा हूँ और मेरी सभी बहनें माँ नर्मदा की बेटियाँ हैं। हमारा रिश्ता भाई-बहन का है। आज माँ नर्मदा की जयंती पर सभी बहनों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य शासन ने लाड़ली बहना योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। सभी वर्ग की गरीब बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपये, इस तरह 12 हजार रूपये हर साल मिलेंगे। साथ ही उन्हें शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी पूर्ववत मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि मुझे बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। बहनों की समाज में इज्जत बढ़ेगी। अगर बहनें सशक्त होंगी तो परिवार सशक्त होगा। परिवार सशक्त होगा तो समाज सशक्त होगा और समाज सशक्त होगा तो प्रदेश सशक्त होगा। लाड़ली बहना योजना प्रदेश की बहनों की जिंदगी को और बेहतर बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधनी में विकास का महायज्ञ चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि यहाँ सड़कों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी माँ नर्मदा से प्रार्थना है कि मैं जन-सेवा, विकास और कल्याण के कार्य पूरी क्षमता से कर सकूँ तथा सभी को माँ नर्मदा की कृपा मिले। उन्होंने कहा कि पर्यावरण-संरक्षण और माँ नर्मदा के प्रवाह को सतत् बनाये रखने के लिये प्रत्येक नागरिक अधिकाधिक पौध-रोपण करे। अपने जन्म-दिवस पर पौध-रोपण जरूर करें। माँ, बहन, बेटियों का सम्मान किया जाय। बेटा और बेटी को बराबर मानें।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश एक ऐसा राज्य है, जहाँ बेटियों को गलत नजर से देखने पर सख्त सजा दी जाती है। प्रत्येक नागरिक को बिजली की बचत करना चाहिए। उन्होंने बुधनी को नशामुक्त बनाने का प्रयास करने के लिये कहा। मुख्यमंत्री ने यह सब संकल्प नागरिकों को दिलाया। उन्होंने भांजे-भांजियों को खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि वे उच्च शिक्षा के लिए फीस की चिंता नहीं करें, राज्य शासन द्वारा उनके कॉलेज की पढ़ाई की फीस योजना अंतर्गत भरी जाएगी।

महाकाल लोक की तरह बनाया जायेगा नर्मदापुरम लोक

मुख्यमंत्री ने गौरव दिवस पर जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात देते हुए श्री महाकाल लोक की तर्ज पर नर्मदापुरम लोक और नर्मदा कॉरीडोर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम विकास के लिये कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। यहाँ आधुनिक बस स्टैण्ड भी बनाया जायेगा।(एएमएपी)