कठोर अनुशासन, समर्पण, शुचिता और अगाध आस्था का महापर्व ।

राजीव रंजन ।
जब संपूर्ण आकाश पर सिंदूरी लालिमा बिखरती है और शांत जल पर अस्ताचलगामी सूर्य का प्रतिबिंब दिखाई देता है, तब केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और मनुष्य के बीच का पावन संवाद जीवंत हो उठता है। यह भारत की माटी का सबसे अनूठा और पवित्र उत्सव है छठ (13-16 नवंबर) महापर्व। यह एक ऐसा पर्व है, जिसमें न कोई दिखावा है, न कोई बड़ा तामझाम; यहां केवल कठोर अनुशासन, विनीत समर्पण, शुचिता और अगाध आस्था है। 
भारत की सांस्कृतिक परंपरा में कुछ पर्व ऐसे हैं, जिनकी पहचान केवल धार्मिक अनुष्ठानों से नहीं, बल्कि जीवन के प्रति उनके व्यापक दृष्टिकोण से बनती है। वे मनुष्य को उसकी जड़ों से जोड़ते हैं, प्रकृति के प्रति कृतज्ञ होना सिखाते हैं और समाज को एक साझा भावभूमि पर खड़ा करते हैं। छठ ऐसा ही एक महापर्व है। यह आस्था का उत्सव है, साधना का अनुष्ठान है, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव है और मनुष्य के भीतर बसे आध्यात्मिक विश्वास का सार्वजनिक प्रकटीकरण भी। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें धर्म और लोक, अध्यात्म और प्रकृति, व्यक्तिगत साधना और सामूहिक उत्सव एक-दूसरे में इस तरह घुल-मिल जाते हैं कि उन्हें अलग-अलग करके देखना संभव नहीं रह जाता।
भारतीय परंपरा में धर्म और लोक एक-दूसरे के पूरक रहे हैं। धर्म लोक को मर्यादा और जीवन-दृष्टि देता है तो लोक अपनी सहज संवेदनाओं, परंपराओं और जीवन-पद्धति से धर्म को जीवंत बनाए रखता है। इसीलिए हमारे पर्व केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं होते, बल्कि उनमें समाज की स्मृतियां, प्रकृति के साथ उसका संबंध, लोकगीतों की मिठास और पीढ़ियों से संचित जीवनानुभव भी समाहित होते हैं। छठ इस परंपरा का अद्भुत उदाहरण है। इसे लोक आस्था का महापर्व कहा जाता है, लेकिन इसकी आध्यात्मिक ऊंचाई और दार्शनिक व्यापकता इसे किसी एक क्षेत्र या समुदाय की सीमा में बांधकर देखने की अनुमति नहीं देती।
वैदिक ऋषियों ने सूर्य को जगत की आत्मा कहा है। सूर्य केवल आकाश में चमकता हुआ एक खगोलीय पिंड नहीं, बल्कि पृथ्वी पर जीवन का आधार है। वनस्पतियों का फलना-फूलना, जलचक्र का संचालन, ऋतुओं का परिवर्तन और समस्त जीव-जगत की ऊर्जा का स्रोत सूर्य ही है। यह सूर्य की विराट सत्ता का बोध कराता है। मनुष्य का अस्तित्व प्रकृति की जिन शक्तियों पर निर्भर है, सूर्य उनमें सर्वोपरि है। छठ महापर्व इसी जीवनदायी शक्ति के प्रति मनुष्य की कृतज्ञता का सामूहिक प्रकटीकरण है।
दुनिया की अनेक संस्कृतियों में उगते सूर्य का स्वागत करने की परंपरा रही है, लेकिन छठ में पहले डूबते सूर्य को प्रणाम किया जाता है। यह केवल एक धार्मिक विधान नहीं, बल्कि अपने भीतर गहरा जीवन-दर्शन समेटे हुए है। अस्त और उदय, उपलब्धि और अवसान, सफलता और असफलता, जीवन के दोनों पक्षों को समान भाव से स्वीकार करना ही इस परंपरा का संदेश है। समय का चक्र निरंतर गतिशील है और हर अस्त के भीतर एक नए उदय की संभावना छिपी होती है।
छठ की साधना जितनी कठिन है, उतनी ही अनुशासनपूर्ण और पवित्र भी। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और प्रातः अर्घ्य के माध्यम से व्रती स्वयं को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से साधता है। निर्जला उपवास, स्वच्छता, संयम, पवित्रता और प्रकृति के सान्निध्य में पूजा-अर्चना इस साधना के अभिन्न अंग हैं। इस पूरी प्रक्रिया में बाहरी आडंबर की अपेक्षा आंतरिक शुचिता और संकल्प का महत्त्व अधिक है। यहां किसी पुरोहित की अनिवार्यता नहीं होती। व्रती स्वयं पूजा के प्रत्येक विधान का निर्वहन करता है। लोकगीत ही उसके जीवंत मंत्र बन जाते हैं और प्रकृति ही पूजा का सबसे बड़ा मंदिर।
छठ के गीतों में लोकजीवन की संवेदनाओं का ऐसा संसार मिलता है, जिसमें श्रद्धा के साथ करुणा, प्रेम, प्रकृति और मानवीय संबंधों की गहरी अनुभूति भी है। छठ का एक गीत है – “केरवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेंड़राए। मरबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए। सुगनी से जे रोयेली वियोग से, आदित होई न सहाय।” इस गीत में, व्रती की श्रद्धा इतनी उत्कट और पवित्र है कि उसे केले के घवद पर तोते का मंडराना भी सहन नहीं होता, क्योंकि उस पवित्र केले से सूर्य भगवान को अर्घ्य देना है। वह आवेश में धनुष से सुग्गे को मारने की कामना तो करती है, लेकिन फिर उसे सुगनी के वियोग का ध्यान आता है, वह व्याकुल हो जाती है और फिर आदित यानी आदित्य भगवान से सहाय होने की गुहार लगाती है। यहां अंततः करुणा की ही विजय होती है। ऐसी श्रद्धा, ऐसी संवेदनशीलता और ऐसी पुकार छठ के गीतों में प्रचुरता में मिलती है, जिसमें केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के कल्याण की कामना छिपी है। इस छोटे-से लोकगीत में प्रकृति, श्रद्धा और करुणा का जो अद्भुत समन्वय है, वह भारतीय लोकचेतना की उदारता का परिचायक है।
छठ का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण पहलू है इसकी समरसता की प्रकृति। इसमें न स्त्री-पुरुष का भेद है, न जाति-समुदाय का और न ही सामाजिक अथवा आर्थिक हैसियत का। व्रत करने का अधिकार किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। कोई भी श्रद्धालु अपनी आस्था, सामर्थ्य और संकल्प के अनुसार इसमें सहभागी हो सकता है। यहां न किसी विशेष वर्ग के लिए अलग पूजा-विधान है और न ही किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा के आधार पर उसकी धार्मिक महत्ता निर्धारित होती है। घाट पर जब लोग एक साथ खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं तो उनके बीच धन-दौलत, पद-प्रतिष्ठा और सामाजिक हैसियत की दीवारें अप्रासंगिक हो जाती हैं। सूर्य के सामने सबकी श्रद्धा का मूल्य समान है। यह पर्व परिवार को एक इकाई के रूप में जोड़ता है और सामूहिक उत्तरदायित्व का बोध कराता है। व्रती के साथ पूरा परिवार तप, त्याग और अनुशासन की इस यात्रा में सहभागी बनता है। इस दृष्टि से छठ केवल व्यक्तिगत आस्था का अनुष्ठान नहीं, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक एकात्मता का उत्सव भी है।
इस सामूहिकता का सबसे सुंदर दृश्य तब होता है, जब शाम और सुबह के अर्घ्य के समय असंख्य लोग अपने-अपने घरों से दौरा, सूप और फल-प्रसाद लेकर घाटों की ओर प्रस्थान करते हैं। नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे एक साथ खड़े होकर जब हजारों हाथ सूर्य की ओर उठते हैं और जल की धाराओं के बीच अर्घ्य अर्पित किया जाता है, तब ऐसा लगता है मानो पूरा समाज एक ही प्रार्थना में लीन हो गया हो। उस क्षण ऋग्वेद का मंत्र – ‘हम साथ चलें, साथ बोलें और हमारे मन एक हों’ – साकार हो उठता है।
इस पर्व में प्रकृति के साथ सहज और आत्मीय संबंध का दिव्य दर्शन होता है। मिट्टी के चूल्हे, बांस के सूप और दौरे, मौसमी फल, गन्ना, नारियल, अदरक, हल्दी और अन्य स्थानीय उपज यानी पूजा की सामग्री का अधिकांश हिस्सा प्रकृति से प्राप्त होता है। इस पूरी प्रक्रिया में मनुष्य प्रकृति पर अपना अधिकार जताने के बजाय उस पर अपनी निर्भरता और कृतज्ञता स्वीकार करता है। आज जब पूरी दुनिया पर्यावरण संकट, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी चुनौतियों से जूझ रही है, तब छठ का प्रकृति दर्शन और भी प्रासंगिक हो उठता है। यह हमें याद दिलाता है कि प्रकृति केवल उपभोग की वस्तु नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व का आधार है।
कभी बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा छठ आज भौगोलिक सीमाओं को पार कर चुका है। देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचे पूर्वांचल और बिहार के लोगों ने इस पर्व की परंपरा को अपने साथ आगे बढ़ाया। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और देश के अनेक महानगरों में छठ के घाट सजने लगे। धीरे-धीरे स्थानीय समाज के अन्य वर्ग भी इस पर्व की श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिकता से जुड़ते गए। आज इसका विस्तार भारत की सीमाओं से बाहर भी दिखाई देता है। मॉरीशस, नेपाल, फिजी, सूरीनाम, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और खाड़ी देशों में बसे भारतीय समुदाय छठ को उसी श्रद्धा और उत्साह से मनाते हैं। जहां कहीं भी भारतीय समुदाय ने अपनी सांस्कृतिक जड़ें जमाई हैं, वहां छठ की लोकधुनें और सूर्य उपासना की परंपरा भी पहुंची है। यह विस्तार केवल प्रवासी भारतीयों की धार्मिक गतिविधि भर नहीं है, बल्कि भारतीय लोकसंस्कृति की जीवंतता और उसकी विश्वव्यापी स्वीकार्यता का प्रमाण भी है। छठ अब केवल बिहार या पूर्वी उत्तर प्रदेश का पर्व नहीं रह गया, यह लोकल से ग्लोबल हो चुका है। और हां, इस विस्तार के बाद भी छठ ने अपनी मूल आत्मा और परंपरागत स्वरूप को सुरक्षित रखा है। स्थान बदलने के बावजूद इसके गीत, व्रत का अनुशासन, सूर्य के प्रति कृतज्ञता और सामूहिकता का भाव आज भी इसकी पहचान बने हुए हैं।
छठ मनुष्य को उसके अस्तित्व के मूल स्रोत से जोड़ने का संदेश है। इस महापर्व का संदेश है कि जीवन में श्रद्धा हो तो साधारण वस्तुएं भी पवित्र हो उठती हैं। संकल्प हो तो कठिन साधना भी आनंद बन जाती है। सूर्य की किरणें किसी के घर का पता, उसकी जाति, धर्म या आर्थिक स्थिति नहीं पूछतीं। वे महलों और झोपड़ियों, नगरों और गांवों, अमीरों और गरीबों पर समान रूप से रोशनी बिखेरती हैं। सूर्य का यही समभाव छठ की आत्मा में भी प्रतिबिंबित होता है। अस्ताचलगामी सूर्य को प्रणाम करना हमें विनम्रता सिखाता है और उगते सूर्य का अभिनंदन हमें आशा, ऊर्जा और नए आरंभ का विश्वास देता है। प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, जीव-जगत के प्रति करुणा, परिवार के प्रति समर्पण, समाज के प्रति समरसता और समस्त विश्व के कल्याण की कामना – इन सबका सुंदर संगम है छठ।
जब जल में खड़े होकर लाखों हाथ एक साथ सूर्य की ओर उठते हैं, तब वह दृश्य किसी एक धर्म, क्षेत्र या समुदाय की सीमा में बंधा नहीं रह जाता। वह मनुष्य और प्रकृति के सनातन संबंध का उत्सव बन जाता है। वह हमें याद दिलाता है कि हमारी पृथ्वी एक है, उसका सूर्य एक है और जीवन का आधार भी साझा है। दुनिया में दो देवता प्रत्यक्ष माने गए हैं – अग्नि और सूर्य। ऋग्वेद में एक मंत्र है, जिसका अर्थ है “सूर्य समस्त चर-अचर जगत की आत्मा हैं।” जगत के आधार इन्हीं सूर्यदेव की ओर मुख करके, अंजुरी में जल भरकर अखंड विश्वास के साथ सामूहिक रूप से कृतज्ञता प्रकट करने का लोक महापर्व है छठ।
जिनकी किरणों से यह संसार आलोकित है, जो जगत की आत्मा हैं, जिनके प्रकाश से जीवन का स्पंदन संभव है, वे भगवान सूर्यनारायण समस्त पृथ्वीवासियों का कल्याण करें। सबके जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का प्रकाश भरें।
आप सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।
जय हो छठी मैया! जय हो सुरुज देव!

छठ की तिथियां 

पहला दिन – 13 नवंबर 2026, शुक्रवार : नहाय-खाय
दूसरा दिन – 14 नवंबर 2026, शनिवार : खरना
तीसरा दिन – 15 नवंबर 2026, रविवार : संध्या अर्घ्य
चौथा दिन – 16 नवंबर 2026, सोमवार : प्रातःकालीन अर्घ्य और पारण