इंडेक्स ऑफ हिंदू यूनिटी के आगे मुस्लिम वोट का वीटो फेल होने से विपक्ष की चिंता बढ़ी।

#pradepsinghप्रदीप सिंह।
चुनावी या राजनीतिक विश्लेषक एक अवधारणा के बारे में बहुत बात करते हैं और वह है आईओयू यानी इंडेक्स ऑफ अपोजिशन यूनिटी। सत्तारूढ़ दल को जितने परसेंट वोट मिले हैं और उसके खिलाफ जितने वोट पड़े हैं, तो खिलाफ पड़े वोटों को अगर मिला दिया जाए उसे ही कहते हैं इंडेक्स ऑफ अपोजिशन यूनिटी। मतलब वह सारी पार्टियां जो सत्तारूढ़ दल के खिलाफ लड़ी हैं, उनके वोट इकट्ठा हो जाएं। आप 1952 से अब तक हर चुनाव को देखिए तो पता चलेगा कि जो भी सत्तारूढ़ दल रहा, उसके खिलाफ पड़े वोटों को अगर मिला दीजिए तो वे उसे मिले वोटों से ज्यादा रहे। यानी कोई भी सत्तारूढ़ दल 50% या उससे ज्यादा वोट प्रतिशत लेकर नहीं आ पाया। तो ये अवधारणा बनी कि जितने विरोधी हैं, वे सब मिल जाएं तो सत्तारूढ़ दल को हरा देंगे।
1971 में इस प्रयोग को जमीन पर आजमाया गया। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के खिलाफ सारे विपक्षी दलों ने गठबंधन बना लिया। उनको लगा कि सबका वोट इकट्ठा हो जाएगा और कांग्रेस को हरा देंगे। लेकिन कांग्रेस की प्रचंड जीत हो गई। इंडेक्स ऑफ अपोजिशन यूनिटी काम नहीं आया। इससे यह निष्कर्ष निकाला गया कि ऐसा जरूरी नहीं है कि सत्तारूढ़ दल के विरोध में जितनी पार्टियां हैं, वे एक हो जाएं तो सबका वोट भी एक हो जाएगा। हालांकि बाद में दो बार 1977 और 1989 में यह सफल भी हुआ। 1977 में कांग्रेस विरोधी जितनी पार्टियां थीं, उन सबका विलय हो गया और जनता पार्टी बनी। वह चुनाव जीतकर सत्ता में आ गई। दूसरी बार 1989 में बीजेपी और लेफ्ट पार्टियों को छोड़कर बाकी पार्टियां एक हो गईं और जनता दल बना और चुनाव के बाद बीजेपी और लेफ्ट पार्टियों के सहयोग से सत्ता में आ गया। हालांकि जनता दल को जनता पार्टी जैसी सफलता नहीं मिली। उसकी 146 सीटें ही आईं जबकि जनता पार्टी को बहुमत मिला था। 1971 में इस प्रयोग के विफल होने और 1977 व 1989 में सफल होने का एक कारण यह भी रहा कि 71 में सीटों का तालमेल हुआ था जबकि 77 और 89 में दलों का विलय हो गया तो उनका संदर्भ बदल गया।
अब जब भी राज्यों या केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है तो इस आईओयू की बात होती है कि सारी भाजपा विरोधी पार्टियां मिल जाएं तो भाजपा को हरा दें। चूंकि हमारा फर्स्ट पास्ट द पोस्ट सिस्टम है तो इसमें 50% वोट लाना जरूरी नहीं होता। जितनी पार्टियां लड़ रही हैं, उनमें सबसे ज्यादा जिसको वोट मिले हैं, उसका उम्मीदवार जीतता है। तो भाजपा के खिलाफ एक और कॉन्सेप्ट डेवलप किया गया। वह था- इंडेक्स ऑफ मुस्लिम यूनिटी। यानी सारे मुसलमान एक हो जाएं तो भाजपा को हरा सकते हैं। इसी को मुस्लिम वोट का वीटो कहा गया। 2014 में इस कॉन्सेप्ट को भाजपा ने निष्प्रभावी कर दिया। और उसके बाद से कई राज्यों और तीन बार से लगातार केंद्र में निष्प्रभावी करती आ रही है। अब सवाल है कि भाजपा जीतती कैसे रही? उसका जवाब है कि भाजपा ने अपना एक इंडेक्स डेवलप किया। उसी की बदौलत उसने 40% मुस्लिम आबादी वाले असम में लगातार तीसरी बार और 30% मुस्लिम आबादी वाले पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बना ली। इसी तरह कई अन्य राज्यों में मुस्लिम वोट गोलबंद होने के बावजूद भाजपा लगातार जीत रही है। भाजपा ने जिस नए इंडेक्स को डेवलप किया है वह है-इंडेक्स ऑफ हिंदू यूनिटी (आईएचयू)। यानी हिंदुओं को गोलबंद करो। आप देखेंगे कि जब भी चुनाव आता है तो कई चुनावी विश्लेषक हैं तुरंत निर्वाचन क्षेत्रों के आंकड़े लेकर आ जाते हैं कि इतने परसेंट मुसलमान हैं। 20% या 25% से ज्यादा मुसलमान हैं तो उस निर्वाचन क्षेत्र को मुस्लिम बहुल कहा जाता है। मतलब 75 से 80% हिंदू हैं तो भी उस कांस्टीट्यून्सी को हिंदू बहुल नहीं कहा जाता। ऐसा इसलिए क्योंकि मुसलमान एकजुट होकर वोट देता है। हिंदू ऐसा नहीं करता। वह जातियों के आधार पर वोट देता है। वह जातियों में बंट जाता है। हिंदू के रूप में नहीं सोचता है। दूसरी तरफ मुसलमान जाति की बात ही नहीं करता। वह केवल इस्लाम और मुसलमान की बात करता है। लेकिन जैसे ही भाजपा ने इंडेक्स ऑफ हिंदू यूनिटी बनाई चुनावी नतीजे अलग तरह के आने लगे। इसके अलावा भाजपा ने एक और काम किया। मुस्लिम वोट को डिवाइड करने का। मतलब कहीं मजबूत मुस्लिम उम्मीदवार खड़े करवा दिए ताकि कुछ वोट वे काट दें। कुछ ऐसा मुद्दा बन जाए कि मुसलमान वोट देने में रुचि कम रखें। या फिर असम जैसा प्रयोग जहां डीलिमिटेशन के बाद कांस्टीट्यूएंसी की शक्ल बदल दी गई। मुस्लिम बहुल इलाकों का कुछ हिस्सा काटकर हिंदू बहुल इलाकों में मिला दिया गया। असम में तो इस इंडेक्स ऑफ हिंदू यूनिटी और मुस्लिम वोट के बंटवारे का ऐसा प्रभाव हुआ कि सारा चुनाव का गणित उलट-पुलट हो गया है।
हिंदुओं को एकजुट करने के लिए दो चीजें जरूरी हैं। एक, हिंदू जागरण यानी हिंदू पॉलिटिकली हिंदू के रूप में सोचे, लेकिन बीच-बीच में यह बिगड़ता रहता है क्योंकि जातीय अस्मिता हावी हो जाती है। ऐसा 2024 के लोकसभा चुनाव में कई जगहों पर हुआ। इसका फायदा भाजपा विरोधी दलों को होता है। तो भाजपा विरोधी दलों और भाजपा की राजनीति स्पष्ट रूप से दो खानों में बंट गई है। भाजपा हिंदू एकता के लिए काम करती है। जिससे जातीय अस्मिता की पहचान कमजोर हो। जबकि भाजपा के विरोधी जातीय अस्मिता को उभारना चाहते हैं, जिससे धार्मिक अस्मिता की पहचान कमजोर हो। यह संघर्ष चल रहा है। अभी भाजपा इसमें जीत रही है। अब हिंदुओं में चेतना आ रही है। हिंदू राजनीतिक रूप से सोचने लगा है। इसमें सबसे बड़ा सहयोग मुस्लिम तुष्टीकरण करने वाली पार्टियां करती हैं। रामचरित मानस की प्रतियां फाड़ना किसी राजनीति का हिस्सा तो नहीं हो सकता, लेकिन ऐसा किया गया। हिंदू धर्म के देवी देवताओं को गाली देना कौन सी राजनीति का हिस्सा हो सकता है, लेकिन दी जाती है। इससे हिंदू को लगता है कि यह इसलिए हो रहा है क्योंकि हम बंटे हुए हैं। एक नहीं हैं। दूसरी तरफ देश में मुसलमान की आबादी 15 से 17 फीसदी है। फिर भी इस्लाम के खिलाफ कोई बोलने की हिम्मत क्यों नहीं करता? क्योंकि उनमें एकता है। वह अपने मजहब के लिए खड़े होने, लड़ने, मरने-मारने को तैयार हो जाते हैं। तो हिंदुओं को अब यह बात समझ में आ रही है कि एकता में जो बल है, उसका कोई जवाब नहीं है। इसीलिए योगी जी ने नारा दिया था कि बंटोगे तो कटोगे।
रामधारी सिंह दिनकर जी की एक किताब है संस्कृति के चार अध्याय। उसमें उन्होंने लिखा है कि हिंदू गुलाम इसलिए हो गया क्योंकि हिंदुओं की राजनीतिक चेतना मंद हो गई थी। यह बात जितनी मुगलों के समय में सही थी, उतनी ही आज भी है। जब-जब हिंदुओं की राजनीतिक चेतना मंद होती है हिंदू विरोधी शक्तियों की जीत होती है। अब यह मूल मंत्र धीरे-धीरे हिंदुओं की समझ में आ रहा है कि अगर हिंदू विरोधी शक्तियों को हराना और हिंदू समर्थक शक्तियों को जिताना है तो हिंदुओं में राजनीतिक चेतना होनी चाहिए। राजनीतिक चेतना का मतलब किसी के खिलाफ हिंसा नहीं है। उसका मतलब है कि हम एक हैं, एक रहेंगे। यही कारण है कि अब देश की राजनीति बदल रही है। हिंदुत्व भारतीय राजनीति की धुरी बन गया है और यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है क्योंकि यह ऑर्गेनिक और स्वतः स्फूर्त है। देश में अगर शांति और विकास चाहिए, भारतीय संस्कृति की रक्षा चाहिए और दुनिया में अपनी प्रतिष्ठा चाहिए तो इंडेक्स ऑफ हिंदू यूनिटी पर विश्वास कीजिए। हिंदुओं की एकता ही इस देश का उद्धार कर सकती है।
(लेखक राजनीतिक विश्लेषक एवं ‘आपका अखबार’ के संपादक हैं)