मणिपुर में दो महिलाओं के खिलाफ शर्मनाक कृत्य का वीडियो वायरल होने के बाद तनाव बना हुआ है। गुरुवार को मणिपुर के थौबल जिले के याइरीपोक गांव में स्थानीय महिलाओं के एक समूह ने शर्मनाक कृत्य के मुख्य आरोपी हुइरेम हेरोदास मैतेई के घर में आग लगा दी। गांव के लोगों ने आरोपी के परिवार को गांव से निकालने का भी निर्णय लिया है। पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। घटना के संबंध में पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मणिपुर को शर्मसार करने वाली घटना के मुख्य आरोपी हेरोदास मैतेई की गिरफ्तारी के बाद नंगपक सेकमाई इलाके की उत्तेजित महिलाओं ने आरोपी के घर में आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थौबल जिला पुलिस ने गुरुवार को इस अमानवीय कृत्य के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार लोगों में इस शर्मनाक घटना का मुख्य आरोपी 30 वर्षीय हुइरेम हेरोडास तथा याइरीपाक का विष्णु नाहा शामिल है। इसके अलावा वायरल वीडियो रिकॉर्ड करने वाले युमलेम्बम जीवन को भी पुलिस नोंगपोक सेकमाई से गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी हुरेम हेरोडस याइरीपाक थाना अंतर्गत पेसी अवांग लेइकाई में अपनी मां के साथ रहता है और शादीशुदा है। पता चला है कि ग्रामीणों की एक बैठक में महिलाओं के खिलाफ इस तरह के जघन्य अपराधों में शामिल होने वाले आरोपी हेरोदास को उसके परिवार के साथ गांव पेसी अवांग लेइकाई से बाहर निकालने का भी निर्णय लिया है। पेसी गांव के लोगों ने पेसी युवा विकास क्लब मैदान में एक जनसभा कर इस अमानवीय घटना की निंदा की।

पुलिस इस घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए कोशिश कर रही है। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।(एएमएपी)